रतलाम
16/Jul/2024
शहर में जलापूर्ति की समीक्षा कलेक्टर राजेश बाथम द्वारा सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान कलेक्टर ने धोलावाड़ डेम में उपलब्ध जलमात्रा की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि धोलावाड़ के अतिरिक्त भी रतलाम शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए वैकल्पिक स्रोत की व्यवस्था होनी चाहिए जिसके लिए नगर निगम तथा शहरी विकास अभिकरण संयुक्त रूप से कार्य योजना तैयार करें। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रृंगार श्रीवास्तव, निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट, शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी अरुण पाठक तथा जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यांत्रिक एन.के देव उपस्थित थे। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में धोलावाड़ डेम में 383.25 मी. जल मात्रा उपलब्ध है जो गत वर्ष की तुलना में 2 मी. कम है। धोलावाड डेम पर वर्तमान में शहर के लिए तीन माह का पानी उपलब्ध है। निगम आयुक्त ने बताया कि शहर में प्रतिदिन धोलावाड़ डेम से 34 मिलियन लीटर प्रतिदिन जलापूर्ति की जा रही है।बैठक में शहर के लिए वैकल्पिक पेयजल स्रोत कार्य योजना के तहत कनेरी डेम से पानी लाने की संभावना पर विचार किया गया जिसके बारे में बताया गया कि वर्तमान में कनेरी डैम में 10 एमसीएम पानी उपलब्ध है, इसमें से 8 एमसीएम पानी उद्योगों के लिए रिजर्व है। कनेरी डैम के अलावा अन्य वैकल्पिक स्रोत भी हो सकते हैं जिन पर विचार किया गया। इस संबंध में कलेक्टर द्वारा गंभीरता से कार्य योजना बनाने के लिए निर्देश दिए गए।
रतलाम
16/Jul/2024
पीएचई विभाग की टीम द्वारा जिले के 100 ग्रामो में 1 हजार पौधे लगाने के लक्ष्य को पूरा करने हेतु ग्राम नेगडदा, मोरदा में पौधारोपण किया। साथ ही फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से ग्राम मोरदा के जलीया भैरव मंदीर प्रांगण में जल सम्मेलन कर ग्रामवासियों को जल गुणवत्ता जांचने का प्रशिक्षण दिया तथायोजना संचालन संधारण हेतु जलकर राशि जमा करने की बात भी बताई गई। योजना के जल स्रोत नलकूप के आसपास हो रही गन्दगी एवं कीचड़ की सफाई भी विभाग की टीम द्वारा की गई। स्वच्छता बनाए रखने हेतु ग्रामवासियों को प्रेरित किया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जिला जल सलाहकार आनंद व्यास द्वारा पर्यावरण एवं जल के महत्व को बताते हुए कहा कि हमारे जीवन में हवा एवं पानी का बहुत महत्व है, उसके बगैर जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती, इसलिए जल को दूषित होने से बचाएं, जल स्रोतों के आसपास साफ-सफाई रखें। दूषित जल उल्टी, दस्त, टाइफाइड ,पीलिया जैसी कई बीमारियों का कारण बनता है। इस दौरान टंकी परिसर व मन्दिर प्रांगण में पौधारोपण कर जल बचाने एवं पौधों की देखरेख हेतु ली गई। पीईएची विभाग के उपयंत्री अर्पित चतर, विकासखंड समन्वयक बबन बेनल ने जल गुणवत्ता जाचनें का प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर जितेंद्र सोलंकी हेमंत परमार नेगडदा सरपंच कारूलाल भील नल चालक बापूसिंग गुर्जर ग्रामवासी रंगलाल पुजारी भरतलाल कीर गुलाबसिंग गुर्जर कन्हैयालाल गायरी तेजपुरी गोस्वामी मोहनलाल कीर आदि लोगों उपस्थित थे।
रतलाम
16/Jul/2024
किसान उत्पादक संस्थाओं का मूल उद्देश्य किसानों को संगठित करके शोषण से बचाना है जिले में गठित सभी किसान उत्पादक संस्थाएं अपने मूल उद्देश्य के अनुसार कार्य करें, उनके अच्छे प्रोजेक्ट नाबार्ड से स्वीकृत कराए जाएंगे। उक्त निर्देश कलेक्टर राजेश बाथम ने सोमवार को बैठक में दिए। जिले की किसान उत्पादक संस्थाओं (एफपीओ) के संचालक पदाधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रृंगार श्रीवास्तव, कृषि उपसंचालक नीलम चौहान, नाबार्ड जिला प्रबंधक एन.के. सोनी, सहकारिता उपायुक्त संतोष कुमार सिंह आदि उपस्थित थे। रतलाम जिले में 22 किसान उत्पादक संस्थाएं कार्यरत हैं जिनके द्वारा विभिन्न गतिविधियां की जा रही है। कलेक्टर श्री बाथम ने बैठक में निर्देशित किया कि किसान उत्पादक संस्थाएं उपज पर आधारित खाद्य प्रसंस्करण ईकाइयां स्थापित करने के लिए अच्छे प्रोजेक्ट बनाकर आगे आएं, उनके प्रोजेक्ट नाबार्ड से स्वीकृत कराए जाएंगे। कलेक्टर द्वारा एफपीओ संचालकों से उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। इस अवसर पर नाबार्ड के जिला प्रबंधक एन. के सोनी ने एफपीओ तथा किसानों के हित में नाबार्ड द्वारा संचालित योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि एफपीओ सतत नाबार्ड जिला शाखा के संपर्क में रहे जिससे उन्हें आधिकाधिक रूप से लाभान्वित किया जा सके। नाबार्ड तथा कृषि विभाग द्वारा एफपीओ में शामिल किसानों को एक्सपोजर विजिट भी कराई जाएगी। बैठक में उपस्थित एफपीओ संचालको द्वारा गतिविधियों की जानकारी कलेक्टर को दी गई।
रतलाम
16/Jul/2024
भारतीय जनता पार्टी पंडित श्यामाप्रसाद मुखर्जी मंडल की आवश्यक कामकाजी बैठक नारायणी पैलेस में संपन्न हुई | भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, मंडल प्रभारी जिला मंत्री रतनलाल लाकड़ ने मार्गदर्शन दिया| मंडल अध्यक्ष मयूर पुरोहित ने अध्यक्षता की | निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा जिला कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा जिला मंत्री नेहा मेहर मंचासीन रहे | सर्वप्रथम डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया| अतिथियों का स्वागत मंडल उपाध्यक्ष धीरज प्रजापत प्रकाश बंसीवाल ,संतोष बैरागी, राजेश पांचाल, चेतना पाटीदार, मंडल मंत्री अभिषेक शर्मा, खुशबू आरोलिया, पिछड़ा मोर्चा मंडल अध्यक्ष चेतन टाँक, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष भावना गुर्जर, स्थानीय वार्ड संयोजक दीपक राजपुरोहित ने किया| स्वागत भाषण मंडल अध्यक्ष मयूर पुरोहित ने दिया | मंडल प्रभारी रतनलाल लाकड ने संगठन के आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा बताई| निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया| भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने बताया कि बूथ के कार्यकर्ता संगठन एवं पार्टी की नींव है, इन्हीं कार्यकर्ताओं की बदौलत आज भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है| भाजपा कार्यकर्ता तन मन से निस्वार्थ भाव से पार्टी के लिए काम करता है| भारतीय जनता पार्टी हमेशा कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी है | उन्होंने संगठन के विस्तार पर प्रकाश डाला| अंत मे आभार वार्ड पार्षद निशा पवन सोमानी द्वारा किया गया| कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री धर्मेंद्रसिंह बागेड़ी ने किया| बैठक में सभी वरिष्ठ जन, पार्षद, मंडल पदाधिकारी, मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, वार्ड संयोजक, मातृशक्ति एवं बूथ के पदाधिकारी उपस्थित रहे|