झाबुआ
19/Apr/2024
पेटलावद. शासन द्वारा आगामी दिनों में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी जोरो पर है। मतदान को लेकर के लोगों में जागरूकता फैलाई जा रही है। साथ ही मतदान प्रतिशत बढ़ाने व वोटर मतदान का अपना कर्तव्य निभा सकें, इसके लिए प्रशासन अनेकों कार्यक्रम चला रही है। तो वहीं दूसरी ओर जिले के रायपुरिया के रहने वाले राजेश भेरूलाल राठोड़ ने अनोखा निमंत्रण कार्ड छपवाकर मतदाताओं से वोट डालने की अपील की है। दरअसल आने वाली 28 अप्रैल को उनके पुत्र का विवाह कार्यक्रम होना है। इसके लिए उन्होंने करीब 1000 निमंत्रण कार्ड छपवाए है। उन्होंने मतदान जनजागृती को लेकर अनोखा कार्ड बनाया है। यह कार्ड मतदाताओं और लोकतंत्र के विवाह को दर्शाता है। इस कार्ड के जरिए लोगों से वोट करने की अपील की है। राजेश राठोड़ द्वारा अपने पुत्र की शादी के कार्ड रिश्तेदारों के साथ ही परिचितों को बांटे जा रहे है। इस आमंत्रण पत्र में सबसे विशेष बात यह है कि इस आमंत्रण पत्र पर मतदान करने के लिए प्रेरणादाई लाइनें लिखी गई है। जिससे शादी में आने का निमंत्रण तो दिया ही गया है, साथ ही आने वाली 13 मई को मतदाताओं को चुनाव में अपना अमूल्य वोट देने का भी आग्रह किया गया है। यह आमंत्रण पत्र मिलने के बाद लोगों द्वारा राठौड़ परिवार की इस पहल की सराहना की जा रही है। इस अनूठी पहल के माध्यम से परिजनों की कोशिश ये है कि कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रहे।
Bharat24x7News Online: Latest News