रतलाम
भारतीय जनता पार्टी की सरकार द्वारा प्रस्तुत केन्द्रीय बजट को लेकर शनिवार को पत्रकार वार्ता आयोजित हुई। इसमें राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि 2026-2027 का केन्द्रीय बजट विकसित भारत 2047 के संकल्प का आधार रखेगा। यह बजट हर वर्ग के कल्याण की कल्पना पर आधारित है। इसमें गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और उद्यमी के सशक्तिकरण की दिशा निहित है। कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने इससे पूर्व बजट के आर्थिक और औद्योगिक पहलुओं पर प्रकाश डाला और कहा कि 2014 में सरकार बनाने के बाद प्रधानमंत्री मोदी जी ने बजट की अवधारणा को बदल दिया है। इसमें केवल आय-व्यय की बातें ही नहीं होती अपितु सम्पूर्ण विकास के साथ देश को आगे ले जाने का उद्देश्य पूरा किया जा रहा है। पत्रकार वार्ता में राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर एवं कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, महापौर प्रहलाद पटेल, बजट टोली के संयोजक जिला महामंत्री जयवंत कोठारी, जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी एवं सह प्रभारी निलेश बाफना मंचासीन रहे। राज्यसभा सांसद श्री गुर्जर ने केन्द्रीय बजट पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार नौवीं बार संसद में जो बजट प्रस्तुत किया है वह भी भारत के संसदीय इतिहास में गौरव के पल के रूप में दर्ज हुआ है। इसे केवल बजट कहना न्यायसंगत नहीं है अपितु यह बजट विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को साकार करने वाला विजन पत्र है।
उन्होंने बताया कि इस बजट से मध्यम वर्ग को बड़ी राहत मिली है। सरकार ने स्वास्थ्य के खर्च को कम करने के लिए दवाओं पर शुल्क में कटौती की है और कैंसर की 17 जीवनरक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क 0 या बहुत कम कर दिया है। मध्यम वर्ग परिवारों को गुणवत्ता पूर्ण इलाज के लिए जिला स्तर पर आयुष केन्द्रों को 10,000 हजार करोड़ का कोष आवंटित किया गया है। महिलाओं के लिए प्रत्येक जिले में एक छात्रावास का प्रस्ताव कर 10,000 हजार करोड़ का प्रावधान किया है और महिलाओं में रोजगार अवसर बढ़ाने हेतु डेढ़ लाख देखभाल सेवा प्रदाताओं और एक लाख स्वास्थ्य पेशेवरों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा है। श्री गुर्जर ने बताया कि किसानों के लिए भी बजट अत्यंत सकारात्मक है। इस बजट के माध्यम से भारत के भविष्य को सशक्त बनाने का प्रयास किया गया है। बजट को राजनीति के चश्मे से देखने के बजाए राष्ट्र निर्माण के दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए, क्योंकि इससे भारत को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि पर्यावरण के लिए भी बजट में पर्याप्त प्रावधान किए गए हैं। रचनात्मकता को बढ़ावा देगी ए.वी.जी.सी. कंटेंट क्रिएटर लैब कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के लिए बजट में व्यापक प्रावधान है। पर्यटन क्षेत्र में आईआईएम के सहयोग से 10,000 गाइड़ों के कौशल उन्नयन और खेलो इंडिया के माध्यम से अगले दशक में खेल क्षेत्र में भी बदलाव का प्रावधान बजट में किया गया है। एमएसएमई ग्रोथ फंड के लिए भी 10,000 हजार करोड़ का आवंटन किया गया है। एमएसएमई क्षेत्र में महिलाओं के लिए 10,000 हजार करोड़ रुपये का फंड रखा गया है। लखपति दीदी योजना को भी आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि पहले बजट में कीमतों के कम-ज्यादा होने का अनुमान लगाते थे, मोदी जी ने बजट को एक दिशा-निर्देश प्रपत्र बनाया है। 2026 का पूरा बजट आगामी 25 वर्षों का बजट है, जिसमें 2047 के विकसित भारत की परिकल्पना की जा रही है। मंत्री श्री काश्यप ने कहा कि बजट युवा केंद्रित है। युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के लिए बजट में व्यापक अवसर है। शिक्षा से रोजगार एवं उद्यम स्थायी समिति का गठन और 15 हजार माध्यमिक विद्यालयों व 500 महाविद्यालयों में ए.वी.जी.सी. अर्थात एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स कंटेट क्रिएटर लैब की स्थापना रचनात्मकता को बढ़ावा देगी। सेमीकंडक्टर मिशन, औद्योगिक कॉरिडोर, एमएसएमई सेक्टर सशक्तिकरण, सेवा क्षेत्र विस्तार और नई तकनीकों में निवेश से मध्यप्रदेश में भी हाई टेक उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।

रतलाम
बर्थ वेटिंग रूम का उपयोग कर मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए कहा कलेक्टर मिशा सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नामली का रोस्टर निरीक्षण किया। स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्थाए देखी एवं आवश्यक निर्देश दिए । निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गर्भवती माताओं की प्रसव की अनुमानित तिथि के आधार पर महिलाओं को परामर्श प्रदान कर बर्थ वेटिंग रूम में समय पर भर्ती कराया जाए जिससे प्रसव संबंधी खतरों में कमी आ सके तथा प्रसव का उचित प्रबंध करते हुए मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी हो। विभाग की सब इंजीनियर कामिनी देवड़ा में बताया कि अस्पताल में ऊपरी तल पर बी एम ओ ऑफिस और लेबोरेटरी आदि के लिए निर्माण कार्य कराया जा रहा है। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि मरीज की जांच हेतु सैंपल कलेक्शन ग्राउंड फ्लोर पर ही लिए जाएं और निर्माण कार्य में प्रगति लाई जाए। उन्होंने दवाईंयां के स्टोर कक्ष के निरीक्षण के दौरान नियर एक्सपायरी दवाईंयां की अच्छी व्यवस्था को गुड प्रैक्टिस मानते हुए सभी केंद्रों पर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश मंडलोई ने बताया कि केंद्र पर चार कर्मचारियों के माध्यम से सफाई कराई जा रही है। कलेक्टर ने सफाई कर्मचारियों के ड्यूटी रोस्टर भी चस्पा करने के निर्देश दिए। डॉक्टर के ड्यूटी रोस्टर अनुसार लगे हुए पाए गए । कलेक्टर ने डॉक्टर ड्यूटी रोस्टर को बड़े रूप में प्रदर्शित करने तथा सीएमएचओ, एसडीएम और एसडीओपी के फोन नंबर भी प्रदर्शित करने को कहा।
कलेक्टर ने टीकाकरण केंद्र में गर्भवती माता एवं शिशुओं के टीकाकरण ड्यू लिस्ट का सूक्ष्म अवलोकन किया और सभी गर्भवती महिलाओं तथा शिशुओं को समस्त प्रकार के टीकाकरण की सूचना एवं परामर्श प्रदान करते हुए कार्य करने को कहा। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से विवाह की सही उम्र तथा गर्भधारण की सही उम्र के बारे में परामर्श प्रदान किया जाए। दवाईंयो की सूची का हिंदी और अंग्रेजी दोनों ही भाषाओं में लेवल करने तथा अस्पताल के विभिन्न कक्ष में दी जाने वाली सुविधाओं के लिए कलर कोडेड व्यवस्था करने के निर्देश दिए, जिससे कलर के आधार पर मरीज सेवा प्राप्त कर सके।
निरीक्षण के दौरान लेबोरेटरी में बताया गया कि वर्तमान में 80 प्रकार की जांच स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध है, इनमें से 30 प्रकार की जांच कार्ड आधारित और 50 प्रकार की जांच साइंस हाउस के माध्यम से की जा रही है, मरीज को उनकी जांच रिपोर्ट मैसेज के माध्यम से भेजी जा रही है, कलेक्टर ने निर्देशित किया कि मरीज को उनकी जांच रिपोर्ट व्हाट्सएप मैसेज पर भेजी जाए। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत उन्होंने निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों की आभा आईडी अनिवार्य रूप से बनाई जाएं , जिससे अन्य अस्पताल में जाने पर उनकी पूरी चिकित्सीय प्रोफाइल एक नजर में चिकित्सकों को पता लग सके। अस्पताल के प्रसव कक्ष में उपयोग में आ रही ड्रॉ शीट (टेबल पर बिछाने वाला रैकजीन जैसा कपड़ा)को हटवा कर केवल डिस्पोजल ड्रा शीट का उपयोग करने के निर्देश दिए। लेबर रूम के वॉशरूम में भी गर्म पानी का गीजर लगवाने के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं के प्रसव के दौरान भरे जाने वाले पार्टोग्राफ का सूक्ष्म अवलोकन किया, अवलोकन के दौरान पाया गया कि अधिकांश गर्भवती महिलाएं फुल डाइलेटेशन में अस्पताल में भर्ती हो रही है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अस्पताल में उपयोग की जाने वाली टाइल्स एंटी स्किड टाइल्स का उपयोग किया जाए ताकि फिसलने की संभावना न हो। अस्पताल में चद्दर तकिया धूलवाने की उचित व्यवस्था और बर्थ वेटिंग रूम में टी वी लगवाने के लिए निर्देशित किया गया । कलेक्टर ने भर्ती मरीजों से उनको मिलने वाले भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी फीडबैक लिया मरीजों द्वारा संतुष्टि व्यक्त की गई। अस्पताल में अनुपयोगी तथा पुराना सामान नियमानुसार राईट अप करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान उपस्थित लोगों ने अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की उपलब्धता, अस्पताल के सामने खाली स्थान पर मरीज के बैठने के लिए शेडेड व्यवस्था सोनोग्राफी की सुविधा आदि की मांग रखी, कलेक्टर ने उचित प्रकार से निराकरण के लिए आश्वस्त किया। भ्रमण के समय कलेक्टर कार्यालय के सहायक अधीक्षक अरुण कुमार शर्मा तथा माथुर नर्सिंग ऑफिसर, एएनएम, आशा कार्यकर्ता उपस्थित थी।

रतलाम
कलेक्टर मिशा सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी सैलाना तरूण जैन द्वारा 6 फरवरी को जनपद पंचायत बाजना में फार्मर रजिस्ट्री एवं गिरदावरी कार्य की समीक्षा बैठक ली गई थी। समीक्षा के दौरान पटवारियों द्वारा कार्य में लापरवाही एवं शून्य प्रगति अथवा दस प्रतिशत से कम कार्य पूर्ण होना पाया गया। काम मे प्रगति नहीं होने के कारण तहसीलदार बाजना मनीष जैन द्वारा 21 पटवारी संदीप केलवा, संजय यादव, मानसिंह पंवार, सुनील निनामा, राधा डाबी, संजय कुमार मौर्य, रेखा चारेल, हितेश गोठवाल, परमानंद खदेड़ा, बसंतीलाल मईडा, हितेश सिंह गुर्जर, रोहित गुर्जर, मिहिर, मयंक रत्नावत, ऋतुराज पंवार, राजेश पालिया, सीमा राठौर, विपिन रॉय, सैय्यद हुसैन, सोनिया चौहान एवं सुशील सिंगाड़ का एक दिवस का वेतन आहरण रोका गया है।
रतलाम
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरमावल पर रोगी कल्याण समिति की बैठक विधायक रतलाम ग्रामीण मथुरालाल डामर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। कार्यकारिणी शासन के निर्देशानुसार गठित की गई। सभा में जनपद पंचायत अध्यक्ष साधना जायसवाल, क्षेत्र के जनपद सदस्य, एवं एसडीओ पी डब्लू डी पी.के. राय, लेखापाल संजय उपाध्याय , सतीश अग्रवाल, विकास जैन, रमेश गिरी गोस्वामी, अर्पित जैन एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। बैठक का संचालन पर्यवेक्षक बिरमावल विजयेंद्र श्रोत्रिय ने तथा डॉ.रविन अलावा ने आभार व्यक्त किया।

रतलाम
जिला परिवहन अधिकारी जगदीश बिल्लौरे ने बताया कि कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी मिशा सिंह के निर्देशानुसार 7 फरवरी को जिलें में स्थित स्कूलों में संचालित होने वाली बसों की चैकिंग की गई। जिसमें श्री गुरुतेग बहादुर ऐकेंडमी, रतलाम में संचालित होने वाली स्कूल बसों की चैकिंग की गई। चैकिंग के दौरान स्पीड गवर्नर की जाँच वाहन का बोनट खुलवा कर की गयी एवं सभी वाहनों में स्पीड गवर्नर लगा पाया गया, वाहनों के अग्नीशमन यंत्र को भी चलवाया जाकर देखा गया जिसमें 02 स्कूल बसों में अग्नीशमन यंत्र उपलब्ध होना नही पाये गये। इस कारण से 02 वाहनों से समझौता शुल्क राशि रु 6000/- वसूल की गई ।
स्कूल वाहनों में आपातकालीन खिड़की व दरवाजों की जाँच की गई, जिसमें 05 स्कूल बसों में आपातकालीन खिड़की व दरवाजे नट-बोल्ट से कसे पाये गये। जिससे आपातकालीन स्थिति में उनका प्रयोग किया जाना संभव नही था। इस कारण से 05 वाहनों से समझौता शुल्क राशि रु 15000/- वसूल की गई । स्कूल वाहनों में सी.सी.टी.वी कैमरो को मोबाईल में चलवाया जाकर देखा गया जो कि कार्यरत पाये गये। 07 स्कूल बसों में जो कमिया पायी गई है उन्हें दुरस्त कराया जाकर वाहनों को 5 दिवस में भौतिक सत्यापन हेतु कार्यालय में पेश किये जाने के लिए आदेशित किया गया। साथ ही सृजन महाविद्यालय की 01 बस में कमी पाये जाने पर समझौता शुल्क राशि रु 16,000/- वसूल की गई । इस प्रकार कुल समझौता शुल्क राशि रु 37,000/- शासन के पक्ष में वसूल किये गये।
चैकिंग के दौरान समस्त स्कूल संचालकों को निर्देशित किया गया कि वह अपने स्कूल वाहनों का संचालन शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाईन जैसे वाहन का वैध बीमा, परमिट, फिटनेस, पी.यू.सी., चालक का वैध लायसेंस, अग्नीशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटी, स्पीड गवर्नर, सी.सी.टी.वी. कैमरे, व्ही.एल.टी.डी., पैनिक बटन एवं आपातकालीन खिड़की व दरवाजे दुरस्त रख कर ही अपने स्कूल वाहन का संचालन करे। यदि कोई भी स्कूल वाहन नियमानुसार संचालित होना नही पाया जाता है तो उन स्कूली वाहनों के विरूद्ध मोटरयान अधिनियम 1988 में उल्लेखित प्रावधानों के तहत चालानी कार्यवाही की जाएगी।

उज्जैन,
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रौशन कुमार सिंह ने देवासगेट थाना क्षेत्र के कालू उर्फ टेंशन, उर्फ रितेश पिता हेमराज, महिदपुर थाना क्षेत्र के अकरम पिता मोहम्मद हनीफ, दशरथ पिता रतनलाल , माधवनगर थाना क्षेत्र के भरत उर्फ भर्रा गेहलोत पिता राजू गेहलोत, महाकाल थाना क्षेत्र के रोहित उर्फ टल्ला पिता अय्यूब शाह उर्फ राजू शाह, चिमनगंजमंडी थाना क्षेत्र के भूरा उर्फ ओहिल उर्फ आहिल पिता शफीक, छींगु उर्फ यशवेन्द्र पिता जीतू उर्फ जितेन्द्र बुन्देला, नीलगंगा थाना क्षेत्र के मयूर उर्फ मयूरेश पिता शरद व्यास, घट्टिया थाना क्षेत्र के दिलीप पिता रमेश बागडिया, पंवासा थाना क्षेत्र के मोहसिन पिता फारुख मंसूरी, भाटपचलाना थाना क्षेत्र के भुरू उर्फ भूरालाल पिता रामलाल मावी को छह-छह माह के लिए जिला बदर किया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए है। आदेश के तहत सभी 11 व्यक्तियों को मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत उज्जैन जिला एवं उज्जैन जिले की सीमावर्ती जिले देवास,इंदौर,रतलाम,शाजापुर,मंदसौर,धार एवं आगर मालवा की राजस्व सीमाओं से छह-छह माह की अवधि के लिए जिला बदर किया गया है। यदि उक्त अनावेदकों के विरूद्ध कोई प्रकरण उज्जैन जिले में स्थित न्यायालय में चल रहा हो तो वे नियत पेशी पर उपस्थित हो सकेंगे, परन्तु इसके पूर्व अनावेदक को संबंधित थाना प्रभारी को लिखित में सूचना देनी होगी। न्यायालय में पेशी होने के तुरन्त पश्चात कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
उज्जैन,
उज्जैन में मत्स्य पालन विभाग द्वारा गत दिवस प्रधानमंत्री मत्स्य कृषक समृद्धि सह योजना अंतर्गत जलीय कृषि बीमा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कार्यालय उप संचालक मत्स्योद्योग कार्यालय में किया गया। मत्स्य कृषकों द्वारा भागीदारी कर योजना के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। जलीय कृषि बीमा द्वारा मछली किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, बीमारियों और अनिश्चितताओं के कारण होने वाले जोखिम से सुरक्षा प्रदान करना है। जलीय कृषि बीमा के लिए आवेदन ऑनलाइन प्रक्रिया पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है। जिसकी जानकारी NFDP पोर्टल पर पंजीयन कर प्राप्त कर सकते है या कार्यालय उपसंचालक मत्स्योद्योग, मुनिनगर दो तालाब में संपर्क कर प्राप्त कर सकते है।
उज्जैन,
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने शनिवार को सिंहस्थ मेला कार्यालय के सभागृह में सिंहस्थ 2028 के लिए किए जा रहे अधोसंरचना विकास के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ 2028 के लिए किए जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों को लेकर अधिकारी निरंतर मॉनिटरिंग करें। विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समय को बचाएं और कार्य को समय पर पूर्ण करें। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुरुप सिंहस्थ 2028 में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अधोसंरचना विकास कार्य किए जा रहे है। समीक्षा बैठक के दौरान नगर निगम के माध्यम से ग्राम हरियाखेडी में वाटर सप्लाय प्लांट के कार्य को लेकर कलेक्टर श्री सिंह ने वाटर सप्लाई के लिए बनने वाले इनटेक वेल की डिजाइन तैयार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने विभिन्न कार्यों के लिए अगली बैठक में प्रोग्रेस रिपोर्ट देने के भी निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि नगर निगम द्वारा निर्माणाधीन एमआर 21 मार्ग में नाली निर्माण का कार्य प्रारंभ हो गया है। बिजली के खंबे लगाने का कार्य भी प्रगतिरत है। इसी तरह नगर निगम के माध्यम से किए जा रहे मंछामन मार्ग, डीमार्ट इंदौर रोड, गाडी अड्डा से बड़ा पुल मार्ग, हामूखेडी मार्ग और रविशंकर नगर के निर्माणाधीन मार्ग पर कार्य प्रगति पर है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि रविशंकर नगर में बनने वाले मार्ग के कार्यों की गति बढ़ाएं। यह मार्ग श्री महाकाल मंदिर जाने वाले दर्शनार्थियों के लिए महत्वपूर्ण है इसलिए शीघ्र कार्य पूर्ण करें। बैठक में विकास प्राधिकरण के माध्यम से सिंहस्थ 2028 के लिए किए जा रहे अधोसंरचना विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेने के बाद कलेक्टर ने समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कूमट और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

रतलाम
स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को जांच के लिए भेजे गये पानी के सैंपल एसडीएम सैलाना तरूण जैन ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रावटी अंतर्गत एच डब्लू सी हरथल/एस एच सी हरथल मे उल्टी दस्त के मरीज की सूचना प्राप्त होने पर कलेक्टर मिशा सिंह के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा तत्काल क्षेत्र में डॉ दीपक मेहता के निर्देशन में सेक्टर सुपरवाइजर एम एल डाबी, सीएचओ हरथल राजू हारी व आशा सुपरवाइजर नीता गरवाल एवं आशा कार्यकर्ता की सर्वे टीम भेजी गई। हरथल स्थित हैंडपंप के पानी में काई युक्त पानी की बात सामने आई। तत्काल हैंडपंप के पानी का सैंपल ले कर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को भेजा गया तथा हैंडपंप में पानी साफ नहीं आने तक पीने के पानी के लिए टैंकर उपलब्ध करवाने हेतु ग्राम पंचायत को निर्देशित किया गया। एच डब्लू सी हरथल टीम को वहां अगले 7 दिन तक निगरानी कर रिपोर्ट करने हेतु आदेशित किया गया है। सर्वे टीम द्वारा क्षेत्र के 45 घरों में 291 ग्रामीणों का सर्वेक्षण किया गया । सर्वेक्षण में कुल 6 उल्टी दस्त के रोगी पाए गए, सामान्य दस्त के 6 रोगी जिसमें से 6 रोगियों का उपचार किया जा रहा है।
रतलाम।
अध्यापक शिक्षक संवर्ग की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर आजाद अध्यापक शिक्षक संघ, रतलाम के तत्वावधान में रविवार, 8 फरवरी 2026 को जिला स्तरीय रैली एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम आजाद अध्यापक शिक्षक संघ मध्यप्रदेश के प्रांतीय नेतृत्व भरत पटेल के आह्वान पर प्रदेशभर में एक साथ किया जा रहा है। संघ द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता निर्धारण, ई-अटेंडेंस प्रणाली का विरोध, पुरानी पेंशन बहाली, ग्रेच्युटी सहित 21 सूत्रीय मांगों को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है। रैली के पश्चात माननीय मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
दोपहर 12 बजे होगा एकत्रीकरण
रविवार को दोपहर 12 बजे गुलाब चक्कर, पुराना कलेक्टर कार्यालय पर शिक्षक एकत्रित होकर सभा करेंगे। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे रैली के रूप में नवीन कलेक्टर कार्यालय, महू रोड पहुंचकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।
यह रहेगा रैली मार्ग
गुलाब चक्कर से प्रारंभ होकर रैली नगर निगम → कॉलेज रोड → लोकेन्द्र टॉकीज → दो बत्ती → कॉन्वेंट स्कूल → फव्वारा चौक → नवीन कलेक्टर कार्यालय (महू रोड) तक निकाली जाएगी।
संगठन के पदाधिकारी करेंगे नेतृत्व
कार्यक्रम का नेतृत्व संभाग अध्यक्ष प्रकाश शुक्ला एवं जिलाध्यक्ष सुनील गोंड़ द्वारा किया जाएगा। संगठन ने जिले के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं से अपील की है कि वे अपने भविष्य और अधिकारों के हित में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
गुलाब चक्कर से प्रारंभ होकर रैली नगर निगम → कॉलेज रोड → लोकेन्द्र टॉकीज → दो बत्ती → कॉन्वेंट स्कूल → फव्वारा चौक → नवीन कलेक्टर कार्यालय (महू रोड) तक निकाली जाएगी।
संगठन के पदाधिकारी करेंगे नेतृत्व
कार्यक्रम का नेतृत्व संभाग अध्यक्ष प्रकाश शुक्ला एवं जिलाध्यक्ष सुनील गोंड़ द्वारा किया जाएगा। संगठन ने जिले के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं से अपील की है कि वे अपने भविष्य और अधिकारों के हित में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। प्रमुख मांगें नियुक्ति दिनांक से सेवा अवधि की गणना दमनकारी ई-अटेंडेंस प्रणाली बंद हो पुरानी पेंशन योजना लागू की जाए संघ का कहना है कि यदि अब भी शिक्षकों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संघ के संभागाध्यक्ष प्रकाश शुक्ला, जिलाध्यक्ष सुनील गोंड़, जिला सचिव राजेश स्वर्णकार, जिला संगठन मंत्री हरिराम जाटवा, जिला उपाध्यक्ष किरण पाटीदार व रमेश उपाध्याय, संभागीय उपाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, महासचिव रामकरण कनेरिया, रतलाम ब्लॉक अध्यक्ष विजय डोडियार, जावरा ब्लॉक अध्यक्ष अशोक कुमार दडिंग, आलोट ब्लॉक अध्यक्ष आनन्द चावला, पिपलोदा ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश जगदेव, सैलाना ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश परमार, बाजना ब्लॉक अध्यक्ष तेजू डोडियार, तरन्नुम जहाँ, धर्मेंद्र शर्मा, हरनिस, सचिन मेहता, गोविंद पाटीदार, राजेश जोशी, सादिक खान, प्रकाश परमार व भुप्रकाश मालवीय आदि ने जिले के समस्त शिक्षक-कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर रैली व ज्ञापन कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
रतलाम
गठित टीम के द्वारा दिनांक 06.02.2026 को वाहन चेंकीग के दौरान मन्दसौर तरफ से एक सफेद रंग की बिना नम्बर की ब्रेजा कार तेज गति से आते दिखी जो ब्रेजा कार को रोकने का प्रयास किया गया बेरिगेट्स को टक्कर मारकर साईड से कार निकालकर जावरा तरफ भगाता हुआ ले गया । जिसका पिछा किया गया जिसने भीमाखेडी चौराहे से कार को अजमेरी गेट तरफ से होते हुये बोहरा बाखल तरफ ले गया जहा अन्दर नाना साहब के मोहल्ले तरफ कार को ले जाकर गली मे कार खडी एव लाक करके भाग गया । कार सन्देहास्पद होने से क्रेन कि मदद से टो करके वैधानिक कार्यवाही करने हेतु वापस वाहन चेंकिग पाईन्ट जोयो तिराहा प्रेसिडेन्ट होटल के सामने लाया गया जिसकी तलाशी लेते कार मे पिछे तरफ डिक्की मे दो काले रंग के अवैध मादक पदार्थ डोडाचुरा से भरे बोरे मिले जो एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानो का पालन करते हुए अवैध मादक पदार्थ डोडाचुरा 40 किलोग्राम व वाहन कुल किमती 10 लाख 80 हजार रुपये विधीवत जप्त किया गया एव अपराध क्रमांक 70/206 धारा 8/15 एन,डी.पी.एस एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया । अवैध मादक पदार्थ डोडाचुरा ,आरोपी चालक एव कार के संबध मे अनुसंधान किया जा रहा है ।

जप्त मश्रुका – 1. दो काले रंग के प्लास्टिक के बोरो में भरा अवैध मादक पदार्थ डोडाचुरा कुल वजन 40 किलोग्राम, किमती 80,000 रूपये, 2. एक सफेद रंग की ब्रेजा कार, बिना नम्बर की किमती करीबन 10,00,000 रूपये,
कुल जप्त मशरूका किमती 10 लाख 80 हजार रुपये

सराहनीय भूमिकाः- थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिह चौहान, उनि प्रतापसिह भदोरीया, सउनि गलसिह भवेल, प्र.आर. 144 योगेश सैनी, आर 129 अभिजीतसिह, आर 114 सतपालसिह, आर 992 अर्जुन चंदेल, आर 527 कमलेश थाना औद्यौगिक क्षैत्र जावरा की सराहनीय भूमिका रही।
Bharat24x7News Online: Latest News