रतलाम,
20/Dec/2021,
भारत सरकार के महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन के रतलाम जिले में क्रियान्वयन की समीक्षा कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम द्वारा बैठक लेकर की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में योजना के तहत आंगनबाड़ियों तथा स्कूलों में नल कनेक्शन की जानकारी कलेक्टर ने प्राप्त की कलेक्टर द्वारा गहराई से विस्तृत रूप में पूछे गए प्रश्नों का संतुष्टिपूर्वक जवाब पीएचई के कार्यपालन यंत्री सहायक यंत्रियों द्वारा नहीं दिया जा सका। यही स्थिति थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन करने वाले प्रतिनिधि की रही। इस पर नाराज कलेक्टर ने महिला बाल विकास विभाग तथा जिला शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि वे अपने मैदानी अमले से जल जीवन मिशन के तहत आंगनवाड़ी में तथा स्कूलों में दिए गए नल कनेक्शन तथा उनसे पेयजल आपूर्ति की वास्तविक जानकारी प्राप्त करें। पीएचई की जानकारी पर भरोसा नहीं है। शिक्षा तथा महिला बाल विकास से प्राप्त जानकारी के आधार पर जल जीवन मिशन के वास्तविक क्रियान्वयन की स्थिति जानी जा सकेगी। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि यदि काम नहीं किया गया तो आर्थिक अनियमितताओं के प्रकरण के साथ-साथ अन्य अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी, एफआईआर दर्ज कराई जाएगी बैठक में कार्यपालन यंत्री पीएचई पी.के. गोगादे, महिला बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी रजनीश सिन्हा, जिला शिक्षा अधिकारी के.सी. शर्मा, पीएचई के एसडीओ उपयंत्री आदि उपस्थित थे कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने आगामी तीन दिवस में रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया। उसके पश्चात पुनः बैठक आयोजित की जाएगी। बताया गया कि जल जीवन मिशन के तहत जिले में 57 योजनाएं पूर्ण की जा चुकी है। 127 योजनाएं प्रगतिरत है। 111 में कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। योजना के तहत जिले के 1567 स्कूलों में नल के माध्यम से जल उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इसके अलावा जिले की 2000 के आसपास की आंगनबाड़ियों में भी नल के माध्यम से जल उपलब्ध कराया जाएगा। कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि स्कूलों में स्टाफ द्वारा किसी भी रूप में फर्जी सर्टिफिकेट योजना के क्रियान्वयन का नहीं दिया जाए अन्यथा स्टाफ के उस व्यक्ति के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी,
रतलाम,
20/Dec/2021,
रतलाम जिले में खास तौर पर स्वास्थ्य विभाग के अमले द्वारा पिछले 6 माह से बहुत मेहनत करके जिले को वैक्सीनेशन लक्ष्य के अत्यंत नजदीक ला दिया है। शीघ्र ही हम शत-प्रतिशत के लक्ष्य को प्राप्त करने वाले हैं। प्रतिदिन की माइक्रो प्लानिंग कर जिले में शेष रहे व्यक्तियों को वैक्सीनेट करें। उक्त निर्देश कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में अपर कलेक्टर एम.एल. आर्य, एसडीएम अभिषेक गहलोत, सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर ननावरे तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे मुख्यमंत्री राशन आपके द्वार योजना की समीक्षा भी की गई। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को निर्देशित किया गया कि आगामी 25 दिसंबर तक शत-प्रतिशत हितग्राहियों के बैंक ऋण स्वीकृत करा दिए जाएं ताकि वे वाहन क्रय कर सकें। योजना में जिले के 20 सेक्टर्स में शासन द्वारा आदिवासी हितग्राहियों को वाहन क्राय कराने के लिए ऋण सुविधा बैंकों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है ताकि योजना के अंतर्गत आदिवासी हितग्राही अपने वाहन से राशन का ट्रांसपोर्टेशन कर सके जिसका भाड़ा लाभ उन्हें मिलेगा। जिला आपूर्ति अधिकारी को मॉनिटरिंग के लिए निर्देशित किया गया कलेक्टर द्वारा लाडली लक्ष्मी योजना, पीएम स्व निधि, भिक्षावृत्ति सर्वे की भी समीक्षा बैठक में की गई। महिला बाल विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले के सैलाना, बाजना क्षेत्रों में कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य के लिए विशेष मेहनत करें। सतत मॉनिटरिंग द्वारा बच्चों को कुपोषण से उबारा जाए,
रतलाम,
20/Dec/2021,
रतलाम में आगामी दिनों आयोजित होने वाले त्रिवेणी मेला सुनियोजित ढंग से आयोजित किया जाएगा। इसके लिए कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने सोमवार को दोपहर में मेला ग्राउंड पहुंचकर निरीक्षण किया। नगर निगम तथा अन्य विभागों द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओं का जायजा लिया, आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, निगमायुक्त सोमनाथ झारिया, एसडीएम अभिषेक गहलोत, निगम के कार्यपालन यंत्री हनीफ शेख, सुरेश व्यास, के. जायसवाल, सहायक यंत्री श्याम सोनी, सीएसपी हेमंत चौहान, उपायुक्त विकास सोलंकी, स्वास्थ्य अधिकारी ए.पी. सिंह आदि उपस्थित थे कलेक्टर ने मेला ग्राउंड का निरीक्षण किया। साथ ही यज्ञशाला प्रांगण और कुंड का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि त्रिवेणी मेले के दौरान कोरोना के दृष्टिगत वैक्सीन का ध्यान रखा जाएगा। सम्मिलित होने वाले व्यक्तियों द्वारा दोनों डोज लगाए गए हो, यह सुनिश्चित करना होगा। इसके लिए नगर निगम की विशेष टीम तैनात की जाएगी। बताया गया कि त्रिवेणी मेला में भजन संध्या होगी। इसके अलावा स्थानीय कवि सम्मेलन तथा लोक नृत्य का आयोजन भी होगा कलेक्टर ने उबड़-खाबड़ स्थलों के समतलीकरण के निर्देश दिए। सुरक्षा की उचित व्यवस्था के साथ पेयजल, विद्युत व्यवस्था इत्यादि हेतु निर्देशित किया। पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी ने मेला प्रांगण में असामाजिक तत्वों द्वारा कोई शरारत नहीं हो, इस हेतु सतत पेट्रोलिंग करने एवं निगाह रखने के निर्देश सीएसपी को दिए,
रतलाम,
20/Dec/2021,
जिला स्तरीय बैंक समन्वय समिति की बैठक कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में 22 दिसम्बर को शाम 4.00 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई है,
रतलाम,
20/Dec/2021,
जिला आपूर्ति अधिकारी एस.एच. चौधरी ने बताया कि उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 के प्रावधानों के अन्तर्गत उपभोक्ताओं को प्राप्त अधिकारों के प्रति जागरुक करने हेतु शिविर/कार्यशाला का आयोजन 24 दिसम्बर को प्रातः 11.00 बजे महिला ओद्योगिक प्रशिक्षण संस्था सभाकक्ष में किया जाएगा,
रतलाम,
20/Dec/2021,
रतलाम में आगामी 22 दिसम्बर को रोजगार मेला (मेगा जॉब फेयर) आयोजित किया जा रहा है। मेगा जाब फेयर में 25 से 30 निजी क्षेत्र की कम्पनियों के प्रतिनिधि विभिन्न पदों पर भर्ती करेंगे जिला रोजगार अधिकारी यू.पी. अहिरवार ने बताया कि मेगा जाब फेयर में ख्यातिप्राप्त कम्पनियों द्वारा सुजुकी मोटर गुडगांव, श्रीराम स्वीच गियर लि., राज इन्टरप्राइजेस, टाईगर सिक्युरिटी, फेमिली पेंशन, एचडीएफसी, एलआईसी, टीव्हीएस, नीरज फुड, चन्द्रा मोटर, जैन इंफोटेक, ग्रो वर्ल्ड बायोटेक, स्ककूल आफ रुरल मैनेजमेंट, जी.आर. इंडस्ट्री, मेटल पावर, मालवा आक्सीजन, डी.पी. वायर, अजमेरा स्टील, ज्योति इंडस्ट्री, श्रीराम प्रोडक्ट, मारुति मेंटेनेंस, अज इंजीनियरिंग, पगारिया ग्लोबल मार्केटिंग आलोट, प्रतिभा सिंटेक्स, एनआईआईटी, नवभारत फर्टिलाइजर, आईआईएफएल इंदौर, हाइपेक्स इंदौर, जस्ट डायल भोपाल द्वारा आपरेटर, सेल्स एक्जीक्यूटिव, वर्कर, हेल्पर, सुपर वाईजर, मार्केटिंग, सिक्युरिटी गार्ड, ट्रेनी, टीचर, अप्रेंटिस, मैनेजर, प्रापर्टी एसोसिएट/एडवाईजर एवं अकाउंटेंट आदि पदों पर भर्ती की जाएगी आवेदक की शैक्षणिक योग्यता कक्षा 5 वीं उत्तीर्ण से स्नातक तथा आयु 18 से 40 वर्ष है। इच्छुक आवेदक 22 दिसम्बर को प्रातः 10.30 बजे से 4.00 बजे तक शासकीय आईटीआई सैलाना रोड, सज्जन मिल के सामने अपने फोटो, शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन, दो पासपोर्ट साईज के फोटो, आधार कार्ड की छायाप्रति तथा बायोडाटा के साथ उपस्थित होकर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं,
रतलाम,
20/Dec/2021,
‘मुख्यमंत्री राशन आपके ग्राम’ योजना अन्तर्गत रतलाम जिले के आदिवासी विकासखण्डों सैलाना, बाजना के आश्रित ग्रामों में राशन सामग्री वितरण के लिए सेक्टरों का निर्धारण किया गया है। इन सेक्टरों में शासन द्वारा निर्धारित मासिक किराये पर परिवहन एवं वितरण कार्य 1 से 2 टन खाद्यान्न की क्षमता वाले वाहनों से कराया जाना है जिला आपूर्ति अधिकारी एस. एच. चौधरी ने बताया कि पात्रता हितग्राही को अनुसूचित जनजाति वर्ग के ही हों। सैलाना एवं बाजना विकासखण्ड का होना अनिवार्य है। बाजना विकासखण्ड अन्तर्गत सेक्टर क्रमांक 8 रानीसिंग में प्राप्त आवेदन पर अपात्र पाए जाने के कारण उपरोक्त सेक्टर के लिए पात्र हितग्राहियों से पुनः आवेदन पत्र आमंत्रित किए जाते हैं। सेक्टर एवं उसमें सम्मिलित ग्रामों की सूची व अन्य नियम, शर्तों का अवलोकन जिला खाद्य कार्यालय रतलाम, जनपद पंचायत कार्यालय सैलाना, बाजना एवं रावटी तहसील कार्यालय सैलाना एवं बाजना के नोटिस बोर्ड पर किया जा सकता है। विस्तृत जानकारी के लिए कार्यालय कलेक्टर खाद्य शाखा जिला रतलाम एवं संबंधित क्षेत्र के सहायक, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सैलाना एवं बाजना से सम्पर्क किया जा सकता है पात्र हितग्राही 23 दिसम्बर को दोपहर 2.00 बजे तक नवीन कलेक्टर कार्यालय खाद्य शाखा जिला रतलाम मे आवेदन मय दस्तावेजों के प्रस्तुत कर सकते हैं। दस्तावेज परीक्षण उपरांत चयन समिति द्वारा पात्र हितग्राहियों का चयन किया जाएगा,
रतलाम,
20/Dec/2021,
उप संचालक कृषि विजय चौरसिया, ने बताया कि वर्तमान में तापमान में गिरावट के कारण रबी फसलो में पाले का प्रभाव होने की संभावना हो सकती है यदि शाम के समय उत्तरी हवाये चलती है तो किसानो को पाले से फसलो को बचाव के लिये निम्न उपाय करना चाहिये,
- खेत के पास धुआ करें :- अपनी फसल को पाले से बचाने के लिये आप अपने खेत में धुंआ पैदा कर दें जिससे तापमान जमाव बिन्दु तक नहीं गिर पाता और पाले से होने वाली हानि से बचा जा सकता है ।
- पौधे को ढकें :- पाले से सबसे अधिक नुकसान नर्सरी में होता है नर्सरी में पौधो को रात में प्लास्टिक की चादर से ढकने की सलाह दी जाती है ऐसा करने से प्लास्टिक के अंदर का तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस बढ़ जाता है जिससे सतह का तापमान जमाव बिन्दु तक नहीं पहंच पाता और पौधे पाले से बच जाते है । पॉलिथिन की जगह पर पुआल का इस्तेमान भी किया जा सकता है पौधो को ढकते समय इस बात का ध्यान जरूर रखे कि पौधो का दक्षिण पूर्वी भाग खुला रहें ताकि पौधो को सुबह व दोपहर को धुप मिलती रहे ।
- रसायनिक उपचार :- जिस दिन पाला पड़ने की संभावना हो उन दिनो फसलो पर गंधक के तेजाब के 0.1 प्रतिशत घोल का छिड़काव करना चाहियें । इस हेतु एक लीटर गंधक के तेजाब को 1000 लीटर पानी में घोलकर एक हेक्टर क्षेत्र में प्लास्टिक के स्प्रेयर से छिड़के । ध्यान रखे की पौधों पर घोल की फुहार अच्छी तरह लगें । छिड़काव का असर दो सप्ताह तक रहता है यदि इस अवधि के बाद भी शीत लहर व पाले की संभावना बनी रहे तो गंधक के तेजाब को 15-15 दिन के अंतर से दोहराते रहें ।
सल्फर 90 प्रतिशत पाउडर को 3 किलोग्राम एक एकड़ में छिड़काव करने के बाद सिंचाई करें ।
सल्फर 80 प्रतिशत पाउडर को 40 ग्राम प्रति पम्प (15 लीटर पानी) में मिलाकर स्प्रे करें । ग्लूकोज का उपयोग 25 ग्राम पर प्रतिटंकी (15 लीटर) पानी में घोल बनाकर फसलो पर छिड़काव करें।
- दीर्घकालीन उपाय :- फसलों को बचाने के लिये खेत की उत्तरी पश्चिमी मेंड़ो पर तथा बीच-बीच में उचित स्थानो पर वायु अवरोधक पेड़ जैसे शहतूत बबलू, खेजड़ी, अरड़ू एवं जामुन आदि लगा लिये जाये तो पाले और ठण्डी हवा के झोको से फसल का बचाव हो सकता है ,
रतलाम,
20/Dec/2021,
रतलाम जिले में विटामिन ए अनुपूरण द्वितीय चरण अभियान की जिला स्तरीय कार्यशाला जिला प्रशिक्षण केंद्र विरियाखेड़ी में संपन्न हुई। कार्यशाला के दौरान जिला टीकाकरण अधिकारी डॉक्टर वर्षा कुरील ने जिले में लगभग दो लाख से अधिक बच्चों को अभियान के दौरान विटामिन ए का घोल लाए जाने की बात कही उन्होंने निर्देशित किया कि अभियान के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ता घरों का भ्रमण कर अनुमानित बच्चों की संख्या एवं सूची कि नामजद जानकारी पहले से तैयार रखें तथा निर्धारित कार्यक्रम अनुसार बच्चों को विटामिन ए का घोल पिलाया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा कार्यकर्ता द्वारा ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता पोषण दिवस अर्थात टीकाकरण दिवस के अवसर पर सभी लक्षित बच्चों को विटामिन ए का घोल पिलाया जाएगा। इस संबंध में निर्देशित किया गया है कि कार्यक्रम के दौरान भीड़ की स्थिति ना बने तथा एक बार मे 5 बच्चों को ही पिलाई जाए। विटामिन ए का घोल पिलाने के लिए माता-पिता अभिभावकों को चम्मच अपने घर से लाना होगी, इस चम्मच में दवा भरकर लक्षित बच्चों को पिलाई जाएगी। 9 माह से 1 वर्ष की आयु के बच्चों को 1मि.लि. और 1 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों को 2 मि.लि. दवा की खुराक पिलाई जाएगी कार्यशाला के दौरान न्यूट्रीशनल इंटरनेशनल के संबंधित संबंधित संभागीय समन्वयक आशीष पुरोहित ने विटामिन ए के घोल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विटामिन ए एक अत्यंत सूक्ष्म पोषक तत्व है जिसे बच्चे को 9 माह का होने के बाद से लेकर 5 वर्ष की आयु तक छः माह के अंतराल पर कुल 9 बार पिलाई जाना अनिवार्य है । विटामिन ए के प्रयोग से बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता का विकास होता है। विटामिन ए का घोल रतौंधी नामक बीमारी को रोकने में पूरी तरह सहायक है, विटामिन ए के उपयोग से दस्त, निमोनिया जैसी बीमारियों से होने वाली मृत्यु में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है तथा कुपोषण को रोका जा सकता है । विटामिन ए के अन्य स्रोत गाजर,पालक एवं पीले फल जैसे आम , पपीता आदि मुख्य है। कार्यशाला के दौरान सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री अंकिता पंड्या ने अभियान में सहयोग की बात कही। कार्यशाला में महिला एवं बाल विकास विभाग के सीडीपीओ, सुपरवाइजर, स्वास्थ्य विभाग के बीएमओ , चिकित्सक, बीईई, बीपीएम, बीसीएम आदि उपस्थित रहे,
रतलाम,
20/Dec/2021,
वरिष्ठजन के साथ शारीरिक या भावनात्मक रूप से दुर्व्यवहार किया जा रहा है, तो वह एल्डर लाइन नंबर 14567 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार तथा सामाजिक न्याय और निशक्तजन कल्याण विभाग के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं एवं मार्गदर्शन हेतु सहायता के लिए हेल्पेज इंडिया द्वारा हेल्पलाइन टोल फ्री नम्बर जारी किया गया है वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्थापित एक योजना है, जो मप्र के सभी जिलों में संचालित है। यह हेल्पलाइन सप्ताह के सातों दिन सुबह 08 बजे से रात 08 बजे तक कार्य करती है। एल्डर लाइन के अतंर्गत सेवाओं के एक भाव के रूप में मुफ्त कानूनी मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है तथा वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और रख-रखाव के अधिनियम 2007 के बारें में और पेंशन योजनाओं के बारें में जानकारी प्रदाय की जाती है यदि किसी वरिष्ठजन के साथ शारीरिक या भावनात्मक रूप से दुर्व्यवहार किया जा रहा है, तो वह इस हेल्पलाइन नंबर पर रिपोर्ट कर सकतें है। कोई भी वरिष्ठजन अकेला हो या भावनात्मक रूप से कमजोर महसूस कर रहा हों, वे फोन करके बात कर सकतें है। हेल्पलाइन के माध्यम से भावनात्मक परामर्श प्रदान करने, परित्यक्त वृद्ध लोगों को अस्थाई आश्रय प्रदान करनें, उन्हें फिर से उनके परिवार के साथ मिलाने में मदद की जाती है। इसके अलावा वृद्धाश्रम, देखभाल करने वाली संस्थाओं, अस्पतालों आदि के बारें में भी जानकारी प्रदान की जाती है.
रतलाम,
20/Dec/2021,
त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2021-22 के निर्वाचन की घोषणा उपरांत आदर्श आचार संहिता प्रभावशील हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग के द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार निर्वाचन पम्पलेटो, पोस्टरों आदि के मुद्रण एवं प्रकाशन को प्रतिबंधित करते हुए लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 की धारा-27 क के उपबंधों द्वारा विनियमित किया गया है जिले में स्थित समस्त मुद्रणालय एवं उनके स्वामियों तथा प्रकाशको को आदेश प्रसारित किए है कि किसी भी पम्पलेट या पोस्टर मुद्रण, मुद्रित सामग्री पर मुद्रक तथा प्रकाशकों के नाम व पते का स्पष्ट रूप से उल्लेख किया जाए। यह भी कोई व्यक्ति किसी निर्वाचन पम्पलेट अथवा पोस्टर का मुद्रण नही करेंगे और ना ही मुद्रित करवाएंगे जब तक की प्रकाशको की पहचान की घोषणा उनके द्वारा हस्तांक्षरित तथा दो व्यक्ति जो उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानते हो उनके द्वारा सत्यापित होना जरूरी है अनुबंध क में प्रकाशको से घोषणा प्राप्ति कर जिला निर्वाचन कार्यालय को भेजी जाएगी अनुबंध ख में मुद्रित सामग्री तथा घोषणा के साथ प्रिन्टर कागजातों की प्रतियों की संख्या मुद्रण के लिए वसूल की गई कीमत का ब्यौरा देना होगा। उक्त आदेशों का कढाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश प्रिंटिंग प्रेसो को जारी किए गए है यदि कही त्रुटि पाई जाती है तो राज्य के संगत कानूनो के तहत प्रिंटिंग प्रेस के लाइसेंस का प्रतिसंहरण भी हो सकता है,
रतलाम,
20/Dec/2021,
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधानसभा के मानसरोवर सभागार में “बिछड़े कई बारी बारी” पुस्तक का विमोचन किया। यह पुस्तक क्रूर कोरोना काल में असमय छीन लिये गये प्रदेश के लगभग सौ पत्रकारों के जीवन और उनके पत्रकारिता में योगदान पर आधारित है। मुख्यमंत्री चौहान के मुख्य आतिथ्य में इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा स्पीकर गिरीश गौतम ने की। आयोजन ग्रामीण पत्रकारिता विकास संस्थान ने किया। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ, संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र, पूर्व केन्द्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ. गोविन्द सिंह पुस्तक के लेखक देव श्रीमाली और रविंद्र जैन उपस्थिति थे मुख्यमंत्री चौहान ने अपने भावपूर्ण संबोधन में कहा कि कोरोना काल में दिवंगत पत्रकारों पर केंद्रित यह पुस्तक, फिर न लिखनी पड़े, ऐसे प्रयास हों। तीसरे लहर की आशंका के मद्देनजर मीडिया जागरूकता प्रसार की भूमिका का पुनः निर्वाह करे। प्रत्येक व्यक्ति को मास्क लगाने के लिए प्रेरित करना है। यह बचाव का प्रभावी माध्यम है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कोरोना संक्रमण की पहली और दूसरी लहर के समय हम गहरी वेदना के दौर से गुजर चुके हैं। अस्पताल में बेड, ऑक्सीजन और जीवन रक्षक औषधियों की व्यवस्था के लिए सभी ने दिन-रात कार्य किया। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मृत्यु अवश्यंभावी है। लेकिन कोई जाता है तो टीस छोड़कर जाता है। कुछ ऐसे व्यक्तित्व होते हैं, जो सदैव याद आते हैं मुख्यमंत्री चौहान ने दिवंगत पत्रकारों स्व. शिव अनुराग पटेरिया, राजकुमार केसवानी की सेवाओं का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केसवानी ने भोपाल गैस त्रासदी के पूर्व सभी को आगह करते हुए लेखन किया। वे अपनी इसरिपोर्ट पर बी.डी. गोयनका अवार्ड मिलने पर प्रसन्न नहीं थे, बल्कि उनका कहना था कि काश यह हादसा न होता, यदि उनके लेख में दी गई चेतावनी को गंभीरता से लिया जाता। इसी तरह पटेरिया मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के इन्सायक्लोपीडिया थे। वे ज्ञान के भंडार थे, एक चलती-फिरती लायब्रेरी थे। ऐसे दिवंगत साथियों के परिवार के साथ हम सभी को हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर भी रहना चाहिए। मुख्यमंत्री चौहान ने दिवंगत पत्रकारों को श्रद्धांजलि अर्पित की विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने कहा कि मध्यप्रदेश कोरोना से बचाव के वैक्सीनेशन कार्य में अच्छी सफलता प्राप्त करने वाले प्रदेशों में है। इसमें मीडिया का महत्वपूर्ण योगदान है। तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए मीडिया ने पुन: जागरूकता के प्रयास प्रारंभ किए हैं। पुस्तक के लेखक देव श्रीमाली ने कहा कि कठिन कोरोना काल में पत्रकारों के सहयोग के लिए जनसंपर्क विभाग गतिशील रहा। दिवंगत साथियों के परिजन को चार-चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता के साथ ही अन्य तरह की सहायता भी प्रदान की गई। नेता प्रतिपक्ष कमल नाथ ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन नवीन पुरोहित और आभार प्रदर्शन प्रखर पटेरिया ने किया,
Bharat24x7News Online: Latest News





