उज्जैन,
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने जनपद पंचायत बड़नगर के पंचायत समन्वय अधिकारी और क्लस्टर प्रभारी हीरा सिंह बघेल को ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं का क्रियान्वयन व सीएम हेल्पलाईन में प्राप्त शिकायतों का संतोषजनक निराकरण नहीं करने तथा उन्हें पूर्व में कारण बताओ नोटिस जारी करने के उपरांत भी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं करने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन काल में इनका मुख्यालय कार्यालय जनपद पंचायत बड़नगर होगा।
उज्जैन,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चित्रकूट धाम के समग्र विकास के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। चित्रकूट धाम की मंदाकिनी नदी में पानी की धारा को अविरल रखने की योजना पर कार्य किया जाएगा। देश में विरासत से विकास के मॉडल के साथ धार्मिक पर्यटन का इकोसिस्टम तैयार किया गया है। ओंकारेश्वर के ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के महातम्य से जन-जन को अवगत कराना जरूरी है। ममलेश्वर के विकास से भविष्य में भीड़ प्रबंधन में भी मदद मिलेगी। उन्होंने श्रीराम वन गमन पथ, कृष्ण पाथेय और चित्रकूट धाम में जारी विकास कार्यों को समय सीमा में पूरा करने के दिशा निर्देश दिए।
रतलाम
कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देशानुसार लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जिले की ग्रामीण बसाहटों में स्थापित हैंडपंपों को पानी की उपलब्धता एवं गुणवत्ता के आधार पर अलग-अलग रंगों से चिन्हित किया जा रहा है। कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एस.आर. जांगड़े ने बताया कि जिले के 1050 ग्रामों में कुल 9390 हैंडपंप स्थापित हैं, जिनमें से 7797 हैंडपंपों पर कलर मार्किंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया हैउन्होंने बताया कि वर्षभर सुचारू रूप से चलने वाले हैंडपंपों को हरे रंग से चिन्हित किया जा रहा है, जिनकी संख्या 3772 है। रुक-रुक कर चलने वाले हैंडपंपों को पीले रंग से दर्शाया गया है, जिनकी संख्या 3816 है। वहीं गुणवत्ता प्रभावित एवं पीने योग्य नहीं पाए गए 209 हैंडपंपों पर लाल रंग किया गया है। शेष हैंडपंपों पर कलर मार्किंग का कार्य प्रगति पर है।

रतलाम विकासखंड में स्थापित 2656 हैंडपंपों में से 2238 पर रंग चिन्हांकन किया जा चुका है। इनमें 1005 वर्षभर चलने वाले हैंडपंपों को हरे रंग, 1188 रुक-रुक कर चलने वाले हैंडपंपों को पीले रंग तथा 45 गुणवत्ता प्रभावित हैंडपंपों को लाल रंग से चिन्हित किया गया है। सैलाना विकासखंड में कुल 1716 हैंडपंपों में से 1513 पर कलर मार्किंग की गई है। इनमें 912 वर्षभर चलने वाले, 585 रुक-रुक कर चलने वाले तथा 16 पीने योग्य नहीं हैंडपंप शामिल हैं। बाजना विकासखंड में 1775 हैंडपंपों में से 1448 पर कलर मार्किंग का कार्य पूर्ण हुआ है। इनमें 831 वर्षभर चलने वाले, 486 रुक-रुक कर चलने वाले तथा 131 पीने योग्य नहीं हैंडपंप हैं। जावरा विकासखंड में कुल 1476 हैंडपंपों में से 1173 पर रंग चिन्हांकन किया गया है। इनमें 362 वर्षभर चलने वाले, 805 रुक-रुक कर चलने वाले तथा 6 गुणवत्ता प्रभावित हैंडपंप शामिल हैं। पिपलोदा विकासखंड में कुल 745 हैंडपंपों में से 625 पर कलर मार्किंग की गई है। इनमें 287 वर्षभर चलने वाले, 332 रुक-रुक कर चलने वाले तथा 6 पीने योग्य नहीं हैंडपंप हैं। आलोट-ताल क्षेत्र में कुल 1022 हैंडपंपों में से 800 पर कलर मार्किंग का कार्य किया गया है। इनमें 375 वर्षभर चलने वाले, 420 रुक-रुक कर चलने वाले तथा 5 गुणवत्ता प्रभावित हैंडपंप शामिल हैं।

रतलाम
प्रभारी परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास परियोजना रतलाम ग्रामीण क्र. 01 प्रियंका बैरागी ने बताया कि परियोजना रतलाम ग्रामीण 01 अन्तर्गत 03 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं 04 आंगनवाड़ी सहायिका के पदों हेतु 14 मई को अनंतिम सूची का प्रकाशन किया गया ।

जिस पर किसी उम्मीदवार को कोई आपत्ति दर्ज करायी जानी हो तो वह सात दिवस के भीतर एम.पी. आनलाईन द्वारा “चयन पोर्टल” URL( http://chayan.mponline.gov.in) के माध्यम कर सकते है। जारी सूची अनुसार आंगनवाड़ी केंद्र उणी, शिवपुर-02 एवं छत्री हेतु कार्यकर्ता पद तथा आंगनवाड़ी केंद्र उमरथाना, मुन्दड़ी-1, पिपलीपाडा एवं टिटोड़ीपाडा हेतु सहायिका पदों की अनंतिम सूची जारी की गई है।

रतलाम
रतलाम-खाचरौद मार्ग को जावरा-उज्जैन ग्रीनफिल्ड हाई-वे से जोड़ने की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा जल्द क्रियान्वित होने वाली है। इस योजना के तहत फोर-लेन विकसित कर रतलाम-खाचरौद मार्ग को ग्रीनफिल्ड हाई-वे से जोड़ा जाएगा। शुक्रवार को म.प्र. सड़क विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप को प्रस्तावित मार्ग निर्माण की योजना से अवगत कराया।

काश्यप ने ले-आउट देखने के बाद कुछ सुधार के साथ डी.पी.आर. तैयार करने के निर्देश दिए। मंत्री काश्यप को एमपीआरडीसी के डिविज़नल मैनेजर विजय सिंह ने बताया कि जावरा-उज्जैन ग्रीनफिल्ड हाई-वे से जोड़ने के लिए रतलाम-खाचरौद मार्ग फोर-लेन बनेगा। आबादी क्षेत्र वाले गांव में इसे बाहर से बायपास डालकर निकाला जाएगा। काश्यप ने प्रेजेंटेशन देखने के बाद आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एमपीआरडीसी के एजीएम अमित भूरिया आदि मौजूद रहे। ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 220 करोड़ की लागत से रतलाम-खाचरौद फोर-लेन निर्माण कर उसे जावरा-उज्जैन ग्रीनफिल्ड हाई-वे से जोड़ने की घोषणा की थी।
रतलाम
जिले में अवैध शराब तस्करी एवं अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हेतु पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम विवेक कुमार लाल द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उक्त निर्देशों के पालन में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (ग्रामीण) रतलाम किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में थाना शिवगढ़ पुलिस द्वारा अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 300 क्वार्टर देशी प्लेन शराब एवं एक मोटरसाइकिल जप्त कर 02 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है थाना शिवगढ़ के सहायक उपनिरीक्षक ईशाक मोहम्मद खान को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्वालगढ़ मार्ग पर एक मोटरसाइकिल से अवैध शराब परिवहन की जा रही है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा ग्वालगढ़ मार्ग पर नाकाबंदी की गई नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति बीच में एक बड़ा थैला रखकर आते दिखाई दिए, जिन्हें पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर रोका गया।

पूछताछ में मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम गोपाल पिता रामचंद्र गुर्जर उम्र 20 वर्ष निवासी तालाब बोर्डी तथा पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम दिलीप पिता मांगु डामर उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम ग्वालगढ़ बताया थैले की तलाशी लेने पर उसके अंदर 06 कार्टूनों में भरी देशी प्लेन शराब बरामद हुई। प्रत्येक कार्टून में 50-50 क्वार्टर भरे हुए पाए गए। कुल 300 क्वार्टर देशी प्लेन शराब, मात्रा लगभग 54 लीटर, कीमत करीब ₹21,000/- की पाई गई। पुलिस द्वारा मौके पर विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए शराब एवं मोटरसाइकिल जप्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया आरोपियों के विरुद्ध थाना शिवगढ़ पर धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपियों से अवैध शराब के स्रोत एवं सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।गिरफ्तार आरोपी– रामचंद्र गुर्जर, मांगु डामर जप्त मश्रुका– 06 कार्टून देशी प्लेन शराब (कुल 300 क्वार्टर, लगभग 54 लीटर) शराब की अनुमानित कीमत – ₹21,000/ एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल कुल जप्त मश्रुका की अनुमानित कीमत – लगभग ₹1,00,000/- सराहनीय भूमिका उक्त कार्रवाई में निरीक्षक रणजीतसिंह मकवाना थाना प्रभारी शिवगढ़, उपनिरीक्षक अजमेरसिंह भूरिया, सहायक उपनिरीक्षक ईशाक मोहम्मद खान, प्रधान आरक्षक मेहताबसिंह यादव एवं आरक्षक शैतानसिंह खड़िया की सराहनीय भूमिका रही
Bharat24x7News Online: Latest News