Breaking News

पिता का इलाज कराकर अहमदाबाद से लौटा युवक निकला कोरोना पॉजिटिव,

पिता का इलाज कराकर अहमदाबाद से लौटा युवक निकला कोरोना पॉजिटिव,

रतलाम,

रतलाम जिले के कालूखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत निवासी युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद युवक को आइसोलेट किया जा रहा है साथ ही उसके परिजनों को कोरेंटिन किया जा रहा है।अभी GMC रतलाम से प्राप्त जानकारी अनुसार एक 27 वर्षीय पुरुष निवासी – मावता, पिपलोदा तहसील जिला रतलाम, के पॉजिटिव होने की सूचना प्राप्त हुई हैl पॉजिटिव रोगी 23 मई को अपने भाई के साथ पिताजी के इलाज के लिए अहमदाबाद गया था और 27 मई को वापस जावरा आया जहां सूचना प्राप्त होते ही इन्हें जावरा में क्वॉरेंटाइन किया गया थाl जहां सिविल अस्पताल जावरा की टीम द्वारा हॉटस्पॉट क्षेत्र के अस्पताल से वापसी के आधार पर इनका सैंपल लिया गया था और आज दिनांक को 27 वर्षीय पुरुष की रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुईl रोगी को रतलाम मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया जा रहा है एवं परिवार के अन्य सदस्यों को क्वॉरेंटाइन किया जा रहा हैl रोगी अहमदाबाद से लौटने के पश्चात तुरंत ही क्वारंटाइन कर लिया गया था,

रतलाम,

GMC रतलाम से प्राप्त जानकारी अनुसार कंटेनमेंट जोन बनाए गए लोहार रोड रतलाम , में मृतक पॉजिटिव रोगी के परिवार के दो सदस्यों – एक 62 वर्षीय महिला व एक 31 वर्षीय पुरुष की रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है । परिवार के दोनों रोगियों को रतलाम मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया जा रहा है l  इन्हें मृतक पॉजिटिव रोगी के हाई रिस्क निकट कांटेक्ट होने से मेडिकल कॉलेज में ही क्वॉरेंटाइन किया गया था । दोनों पॉजिटिव रोगियों का स्वास्थ्य स्थिर हैl इस प्रकार आज दिनांक तक कुल पॉजिटिव – 41

एक्टिव पोसिटिव – 8,

रतलाम

कलेक्टर रुचिका चौहान ने विभिन्न स्थानों पर बनाए गए फीवर क्लिनिक्स का निरीक्षण किया उन्होंने निर्देश दिए कि फीवर क्लिनिक पूर्ण सुदृढ़ता के साथ कार्य करें रतलाम जिला चिकित्सालय के अलावा दिलीप नगर टीआईटी रोड पर भी फीवर क्लीनिक बनाए गए हैं मेडिकल कॉलेज में बुधवार से आरंभ हो जाएगा इस दौरान सहायक कलेक्टर तपस्या परिहार सीएमएचओ डॉ प्रभाकर ननावरे डिप्टी कलेक्टर शिराली जैन आदि उपस्थित थे,

रतलाम,

अन्य की तुलना में रतलाम में कोरोना संक्रमण पर बेहतर नियंत्रण परंतु सजग एवं सतर्क रहने की आवश्यकता : विधायक चैतन्य काश्यप

कलेक्टर रुचिका चौहान ने कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण हेतु, एक स्वस्फूर्त जनजागृति हेतु सामाजिक संगठनों संस्थाओं से बैठक में चर्चा की,
रतलाम 2 जून 2020/ अन्य स्थानों की तुलना में कोरोना संक्रमण पर रतलाम में बेहतर नियंत्रण रखा गया है परंतु अब सजगता एवं सतर्क रहने की आवश्यकता है। सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क का उपयोग समय की जरूरत है। यह बात विधायक श्री चैतन्य काश्यप ने कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक सहपरिचर्चा में कही। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा कोरोना संक्रमण पर सतत नियंत्रण के संबंध में आयोजित बैठक में शहर के विभिन्न संगठनों, संस्थाओं के प्रतिनिधियों द्वारा विधायक तथा कलेक्टर की बात को गंभीरता से सुना गया, साथ ही अपने सुझाव और अपनी बात भी कही।
बैठक में लायंस, रोटरी, इनरव्हील क्लबों, सेवा भारती, गायत्री परिवार आदि संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक का उद्देश्य कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए समाज में स्वस्फूर्त जनजागृति का प्रसार करना है। विधायक श्री काश्यप ने कहां कि शासन द्वारा दूरदृष्टि रखते हुए कोरोना कंट्रोल हेतु बेहतर प्रयास किए गए। जनहितेषी नीति अपनाकर समस्या को विकराल होने से रोका गया, अब अनलॉक की शुरुआत है। लॉकडाउन एक प्रकार का प्रशिक्षण था कि अब आगे कैसी जीवनशैली अपनाई जाये जिससे कोरोना बचते हुए अपना कामकाज भी सतत चलता रहे। रतलाम में जिला प्रशासन द्वारा सुनियोजित ढंग से व्यवस्था कर बेहतर काम लॉकडाउन में किया गया है परंतु अब समाजों में कोरोना से बचाव को लेकर जनजाग्रति बहुत जरूरी है। विधायक श्री काश्यप ने कोरोना नियंत्रण के संबंध में रतलाम मेडिकल टीम की भी सराहनीय भूमिका का उल्लेख किया। खासतौर पर कांट्रैक्ट ट्रेसिंग में बरती गई सजगता के फलस्वरुप मरीजों का समय पर सही उपचार संभव हो सका है। विधायक ने समाजों के नेतृत्वकर्ता प्रमुख व्यक्तियों के आगे आकर लोगों से संपर्क करने, परिवारों को कोरोना से बचाव के संबंध में सतर्कता के लिए घरों पर सुझाव देने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि जल्दी पहचान होने से शीघ्र एवं प्रभावी उपचार होता है, इसलिए विभिन्न संगठनों, संस्थाओं एवं समाजों के प्रमुख व्यक्ति अपने इर्द-गिर्द लोगों को समझाएं, प्रेरित करें कि वे हल्का सा लक्षण भी हो तो तो तुरंत उपचार लेवे। रतलाम का कोविड- हॉस्पिटल बहुत अच्छा कार्य कर रहा है वहां की टीम बहुत अच्छी है। टीम में शामिल स्टॉफ सकारात्मक और सेवाभावी है। कलेक्टर ने कहा कि कोरोना पर नियंत्रण के लिए समाजों और परिवारों की सहभागिता सबसे ज्यादा जरूरी है। लोग अनुशासन में रहें, मास्क का उपयोग करें, पेनल्टी किसी समस्या का समाधान नहीं होती है। रतलाम एक जंक्शन है दिल्ली, मुंबई तथा अन्य स्थानों से सीधा कनेक्ट है इसलिए ज्यादा संवेदनशीलता है। रेड जोन हॉटस्पॉट से लोग आते हैं इसलिए संस्थाओं, मोहल्लों, कालोनियों में कोरोना से बचाव के लिए जागृति फैलाने में सहयोग करें। व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से भी यह कार्य किया जाए। लॉकडाउन में रतलाम की जनता ने सराहनीय सहयोग प्रशासन को दिया है, उस दौरान कई प्रकार से विभिन्न प्रकार से सहयोग प्रदान करने की पहल लोगों की ओर से प्रशासन को की गई जो सराहनीय है। बैठक में उपस्थित सामाजिक संस्थाओं, संगठनों के अध्यक्षों, पदाधिकारियों, सदस्यों द्वारा भी कोरोना नियंत्रण पर प्रशासन द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए अपने विचार व्यक्त किए गए, अपने सुझाव भी दिए। इनमें श्रीमती अर्चना झालानी,महेंद्र गादिया,अर्जुनसिंह चौहान, राजेश बाथम, शीला खंडेलवाल, अमित कोठारी, रमेश पीपाड़ा, दिनेश शर्मा, दिलीप वर्मा, विजय जैन, राम शर्मा, रितेश गादिया,सौरव छाजेड़, अंकित जैन, विजय जैन, कमलेश जैन, प्रदीप लोढा आदि शामिल रहे । अपर कलेक्टर जमुना भिड़े, एसडीएम लक्ष्मी गामड़, तहसीलदार गोपाल सोनी, शीला खंडेलवाल,अमित कोठारी, रमेश पीपाड़ा, दिलीप वर्मा, कमलेश जैन भी उपस्थित थे।
सेवा कार्यों हेतु इच्छुक व्यक्ति तहसीलदार से संपर्क करें,बैठक में विधायक चैतन्य काश्यप के सुझाव पर कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि जो भी व्यक्ति विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्यो आदि के लिए इच्छुक हैं वह तहसीलदार रतलाम गोपाल सोनी से संपर्क कर सकते हैं।

खुशियों की दास्ताँ –

लोगो के घरो में काम करके आजीविका कमाने वाली ममता खुश है उसे अब भरना होगा मात्र 100 रूपये का बिल
रतलाम 2 जून 2020/ लाकडाउन के कारण विगत कई दिनों से काम करने नही जा पा रही रतलाम की ममता गांगले अब मुख्यमंत्री की इस घोषणा से खुश है कि जिनके अप्रैल में विद्युत देयक 100 रूपये से कम आये थे, किन्तु मई में उनके बिल बढ़कर 400 रूपये तक आये है। उन्हें भी अब 400 रूपये के स्थान पर मात्र 100 रूपये ही भरना होगा।
राजेश्वरी कालोनी रहवासी ममता गांगले अपने परिवार का गुजर बसर लोगो के घरो में बर्तन मांझकर करती है। लाकडाउन के पहले उनका बिजली बिल 100 रूपये से कम आता था, जिसको ही वे जैसे-तैसे भर पाती थी किन्तु लाकडाउन के कारण सभी सदस्यों के घर में ही उपस्थित रहने एवं भीषण गर्मी के कारण इस बार मई का विद्युत देयक बढ़कर 400 रूपये के लगभग आया है। ऐसे में उनके सामने यक्ष प्रश्न उपस्थित हो गया था कि वे इस विद्युत देयक को कैसे चुकता करेंगी।
किन्तु अब ममता गांगले भी मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की इस घोषणा से बेहद खुश है कि ऐसे विद्युत उपभोक्ता जिनका अप्रैल का विद्युत देयक 100 रूपये से कम आता था, उन्हें यह सुविधा दी जायेगी कि यदि उनका अगामी मई-जून-जुलाई माह का विद्युत देयक बढ़कर 400 रूपये तक आता है, तब भी उन्हें मात्र 100 रूपये ही भरना होगा।

हायर सेकेण्डरी परीक्षा के सम्बन्ध में केन्द्राध्यक्षों की बैठक आयोजित
रतलाम 2 जून 2020/ कोविड-19 के कारण वार्षिक हायर सेकेण्डरी परीक्षा विगत 20 मार्च से स्थगित हो गई थी। शेष प्रश्नपत्रों की परीक्षा 9 जून से 16 जून तक आयोजित होगी। उक्त परीक्षाओं के आयोजन के सम्बन्ध में 2 जून को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत संदीप केरकेट्टा की अध्यक्षता में परीक्षा केन्द्राध्यक्षों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी के.सी. शर्मा, प्राचार्य शा. उत्कृष्ट उमावि श्री सुभाष कुमावत, सहा. परि. समन्वयक रा.मा.शि.अ. सी.एल. सालित्र तथा परीक्षा केन्द्राध्यक्ष उपस्थित थे।
जिला शिक्षा अधिकारी शर्मा ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया कि परीक्षा के पूर्व समस्त परीक्षार्थियों एवं कर्मचारियों की थर्मल स्क्रीनिंग कीजाए, परीक्षार्थियों को सोशल डिस्टेंसिंग के अनुसार 2 मीटर की दूरी पर बैठक व्यवस्था तथा जिन परीक्षार्थियों को थर्मल स्केनिंग में तापमान अधिक होने की स्थिति पाए जाने पर उक्त परीक्षार्थी की बैठक व्यवस्था अलग से की जाए। परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारम्भ होने के एक घंटे पूर्व परीक्षा केन्द्र पर उपस्थित होना होगा। किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा से वंचित नहीं किया जाएगा। परीक्षा केन्द्र को स्थानीय निकाय के माध्यम से परीक्षा दिवस के दिन सेनेटाईज किया जाए।
शर्मा ने बताया कि वर्तमान में जिले में 201 अतिरिक्त परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इस सम्बन्ध में विकासखण्ड स्तर पर 6 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। उक्त परीक्षार्थियों की परीक्षा के लिए उत्तर पुस्तिकाओं एवं प्रश्नपत्रों की मांग परीक्षा केन्द्राध्यक्ष द्वारा 7 जून तक जिला जिला अधिकारी को भेजा जाना अनिवार्य है। परीक्षा केन्द्राध्यक्ष द्वारा परीक्षा केन्द्र पर सेनेटाईजर एवं अतिरिक्त मास्क की व्यवस्था की जाए। कोई भी परीक्षार्थी एवं कर्मचारी बिना मास्क के परीक्षा केन्द्र में उपस्थित न रहे। साथ ही परीक्षा पूर्व समस्त परीक्षार्थी एवं कर्मचारियों को सेनेटाईज किया जाए। परीक्षा में कंटेन्मेंट एरिया में निवासरत परीक्षार्थियों की बैठक व्यवस्था अलग से की जाए तथा इसकी सूचना जिला शिक्षा अधिकारी को अनिवार्यतः भेजी जाए।

जावरा,

बंदियों की मुलाकात पर 30 जून तक प्रतिबंध
रतलाम 2 जून 2020/ कोविड-19 कोरोना वायरस के प्रतिदिन फैलते संक्रमण के प्रकोप से सर्किल जेल रतलाम एवं सबजेल जावरा, सैलाना में निरुद्ध बंदियों एवं उनके परिजनों को बचाने हेतु जेल मुख्यालयों द्वारा प्रदेश की समस्त जेलों पर इंटरकाम के माध्यम से कराई जा रही बंदियों की मुलाकात पर 30 जून 2020 तक पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। जेल अधीक्षक सर्किल जेल रतलाम ने बताया कि बंदियों को उनके परिजनों से बात करने हेतु सर्किल जेल रतलाम पर निम्न दूरभाष नम्बर 07412-236176, 236171, 235133, 236173 तथा 233844 (महिला वार्ड), सब जेल जावरा हेतु 07414-229148 एवं सब जेल सैलाना 07413-279610 नम्बरों पर सम्पर्क कर बात की जा सकती है।

रतलाम,

मास्क का उपयोग नहीं करने पर 45 व्यक्तियों से पेनल्टी वसूली,
रतलाम 2 जून 2020/ रतलाम शहर में मास्क का उपयोग नहीं करने पर 45 व्यक्तियों से पैनल्टी वसूल की गई है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर बगैर मास्क के घूमते पाए गए 29 व्यक्तियों से 1450 रुपए पैनल्टी वसूल की गई है। इसी प्रकार दुकानों में मास्क नहीं पहनने पर दुकानदारों से 1600 रुपए पैनल्टी वसूल की गई। एक अन्य व्यक्ति से क्वॉरेंटाइन उल्लंघन पर 2000 रुपए पैनल्टी वसूल की गई है।
जावरा में भी 7 हजार रुपए से ज्यादा पेनल्टी वसूली
जावरा में भी एसडीएम राहुल धोटे के निर्देशन में तहसीलदार नित्यानंद पांडे तथा टीम द्वारा बगैर मास्क के दुकानों एवं बाहर घूमते हुए 52 व्यक्तियों से 7050 रुपए पैनल्टी वसूल की गई । रतलाम तथा जावरा सहित पूरे जिले में पेनल्टी वसूली के साथ ही संबंधित व्यक्तियों को प्रशासन द्वारा निःशुल्क मास्क उपलब्ध करवाए गए और पहनने की समझाइश दी गई। कार्रवाई सतत जारी रखते हुए लोगो मे मास्क लगाने के प्रति जागरूकता उत्पन्न की जाएगी।

समर्थन मूल्य पर उपार्जित गेहूं के निरीक्षण हेतु अधिकारी विभिन्न स्थानों पर पहुंचे,
रतलाम 2 जून 2020/ कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर जिले में समर्थन मूल्य पर उपार्जित गेहूं में वर्षा के प्रभाव तथा रखरखाव का निरीक्षण करने के लिए अपर कलेक्टर जमुना भिड़े, जिला आपूर्ति अधिकारी विवेक सक्सेना, महाप्रबंधक सहकारी बैंक आलोक जैन तथा अन्य अधिकारी विभिन्न केंद्रों पर पहुंचे। अधिकारियों ने गेहूं के उठाव एवं भंडारण के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की।

Check Also

रामघाट पर डूब रहे युवक को होमगार्ड सैनिकों ने बचाया-नरवाई प्रबंधन हेतु कृषि उपकरणों का प्रदर्शन कार्यक्रम 9 से 13 मार्च तक-

🔊 Listen to this रतलाम सहायक संचालक कृषि अभियांत्रिकी रतलाम ने बताया कि जिले में …