रतलाम,
15 अक्टूबर 2022,
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर रतलाम जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी के नेतृत्व में एक बड़ी कार्यवाही शुक्रवार को हुई। शुक्रवार सुबह 7.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक 11 घंटे लगातार चली उक्त कार्यवाही में सवा तीन करोड रुपए मूल्य के 29 ढाबे तोडे गए। कार्यवाही में विभिन्न विभागों के लगभग 70 अधिकारी, कर्मचारी सम्मिलित थे। इस दौरान जावरा से लेकर हसन पालिया तक फोरलेन पर मादक पदार्थ गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों द्वारा बनाए गए ढाबों को प्रशासन द्वारा तोड़ा गया। जावरा एसडीएम हिमांशु प्रजापति ने बताया कि हसन पालिया के अलावा कंचनखेड़ी तथा बरगढ़ गांव में भी ढाबे तोड़े गए। इस दौरान एक दो मुंहा रेड सैंड बोआ सांप भी जप्त किया गया जिसे वन विभाग को सुपुर्द करने की कार्रवाई की गई । कार्रवाई में एसडीएम हिमांशु प्रजापति के अलावा सीएसपी अभिषेक आनंद, तहसीलदार जावरा मृगेंद्र सिसोदिया, पिपलोदा अश्विनी गोरिया, जनपद पिपलोदा सीईओ अल्फिया खान, औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी प्रकाश गडरिया सहित पुलिस बल, पटवारी, सचिव, कोटवार शामिल थे। जिला प्रशासन द्वारा रतलाम शहर के सैलाना बस स्टैंड स्थित मिशन कंपाउंड में शासकीय भूमि पर मौजूद क्षतिग्रस्त खंडहर हटाए गए। शुक्रवार को हुई कार्यवाही में अवशेषों को हटाकर सफाई की गई। इस दौरान एसडीएम से लेकर राजस्व पुलिस तथा नगर निगम का संपूर्ण अमला उपस्थित था। कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने बताया कि सर्वे नंबर 87 मिशन कंपाउंड में लगभग 13 बीघा भूमि पर पूर्व से मौजूद खंडहर हटाए गए हैं।
रतलाम,
15 अक्टूबर 2022,
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हिन्दी में मेडिकल की पढ़ाई शुरू कर मध्यप्रदेश एक नया इतिहास रचने जा रहा है। हिन्दी में मेडिकल की पढ़ाई शुरू कर हम अंग्रेजी के बिना काम नहीं चल सकता की मानसिकता को बदलने की ओर अग्रसर हो रहे हैं। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 16 अक्टूबर को हिन्दी में मेडिकल की पढा़ई का शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर एमबीबीएस प्रथम वर्ष की हिन्दी पुस्तकों का विमोचन भी किया जाएगा। यह गुलाम मानसिकता से मुक्ति का पर्व होगा, जो एक सामाजिक क्रांति है। मुख्यमंत्री चौहान, केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में 16 अक्टूबर को लाल परेड ग्राउंड पर होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। निवास कार्यालय पर बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, सामाजिक कार्यकर्ता हितानंद शर्मा, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर रतलाम एनआईसी कक्ष में खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री राम खेलावन पटेल, विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे पूर्व विधायक संगीता चारेल, नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी, मेडिकल कॉलेज डीन डा. जितेन्द्र गुप्ता आदि उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति में प्रारंभिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक भारतीय भाषाओं को पढ़ाई का माध्यम बनाने का ऐतिहासिक कार्य किया है। विश्व पटल पर हमारी प्रतिभाएँ अपनी मातृ भाषा से स्थापित हो सकें, इसी उद्देश्य से मध्यप्रदेश में चिकित्सा एवं अभियांत्रिकी की शिक्षा हिन्दी माध्यम से देने की पहल की गई है। इससे हिन्दी माध्यम से अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। उनकी नैसर्गिंक प्रतिभा का प्रकटीकरण होगा। मध्यप्रदेश से हो रही यह शुरूआत हमारे लिए गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि 16 अक्टूबर को होने वाले ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए वातावरण निर्माण की गतिविधियाँ 15 अक्टूबर से आरंभ की जाएँ। सभी जिलों में 15 अक्टूबर को हिन्दी प्रेमी सम्मेलन हों, सभी स्कूल, कॉलेजों में हिन्दी में ज्ञान के प्रकाश कार्यक्रम में संगोष्ठियाँ तथा अन्य गतिविधियाँ की जाए। विद्यार्थियों को यह जानकारी दी जाए कि हिन्दी में भी मेडिकल की पढ़ाई संभव है। साथ ही 15 अक्टूबर की शाम को भोपाल सहित सभी जिलों के प्रमुख स्थानों पर हिन्दी में ज्ञान के प्रकाश कार्यक्रम में दीपक प्रज्ज्वलित किया जाए। इन गतिविधियों में उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग के विद्यालय, श्रमोदय विद्यालय, कृषि महाविद्यालय, तकनीकी शिक्षा, आयुष एवं चिकित्सा शिक्षा से संबंधित महाविद्यालय, संगीत एवं नाट्य विद्यालय और सभी निजी विश्वविद्यालयों को जोड़ा जाए। सभी शिक्षण संस्थाओं में 16 अक्टूबर के मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुनिश्चित किया जाए और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को वर्चुअल जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए।