Breaking News

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बड़नगर में चिकित्सालय का शुभारंभ किया, लू से बचाव की एडवाइजरी जारी

रतलाम,

31/Mar/2025,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि समाज में चिकित्सकों का योगदान सर्वोच्च माना जाता है चिकित्सा सेवा मानवता की सर्वोत्तम सेवा है। सभी चिकित्सकगण हमेशा अपने हृदय में दया, करुणा और मानवता के भाव को सर्वोच्च स्थान दे। मध्यप्रदेश शासन द्वारा मेडिकल टूरिज्म पॉलिसी में अनुदान की व्यवस्था की गई है इसके लिए चिकित्सालय आवेदन कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को उज्जैन जिले के बड़नगर में एक निजी चिकित्सालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर संत श्री पंडित कमलकिशोरजी नागर महाराज, सांसद  अनिल फिरोजिया, राष्ट्रीय संगठन मंत्री  शिवप्रकाश, जिले के प्रभारी मंत्री  गौतम टटवाल, विधायक बड़नगर  जितेंद्र सिंह पंड्या, विधायक नागदा डॉ. तेज बहादुरसिंह, भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष राजेश धाकड़, नगर पालिका अध्यक्ष अभय टोंगिया, हॉस्पिटल डायरेक्टर डॉ. वासुदेव काबरा आदि उपस्थित थे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्ष प्रतिपदा गुड़ी पड़वा की सभी को शुभकामनाएं प्रदान की। विक्रम संवत के प्रारंभ का उल्लेख किया उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में आयुर्वेद चिकित्सा का अत्यधिक महत्व है। आयुर्वेद की महत्ता कोरोना काल में प्रतिपादित हुई है। आपने चिकित्सालय के शुभारंभ अवसर पर बधाई देते हुए कहा कि हॉस्पिटल कैंपस में वैलनेस सेंटर आयुर्वैदिक कॉलेज भी खोले ताकि समग्र रूप से चिकित्सा सेवा की जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव शरीर ईश्वर का वरदान है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संत श्री नागरजी महाराज का आशीर्वाद लेते हुए कहा कि संत ने गौ सेवा के क्षेत्र में अत्यंत विशेष कार्य किया है जिसकी एक विशिष्ट पहचान बनी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा देश सौभाग्यशाली है कि हमें सदैव संतों का आशीर्वाद मार्गदर्शन मिलता है। संत हमें हमारी संस्कृति से जोड़ते हैं, हमारे देश में संत परंपरा प्राचीन समय से विद्यमान है। ऋषि मुनियों का आशीर्वाद मिलता रहा है। ऋषि मुनी समाजसेवा में पूरा जीवन लगा देते हैं। हमने भारतीय परंपराओं एवं प्राचीन वैदिक गणना से प्रेरित  होकर उज्जैन में जंतर मंतर के पास वैदिक घड़ी स्थापित की है।

मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में बताया कि  राज्य शासन की पहल पर बड़नगर में साढ़े तीन हजार करोड रुपए की लागत से सीमेंट कारखाना स्थापित हो रहा है जिससे बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा, क्षेत्र का औद्योगिक विकास होगा। इसके पूर्व हॉस्पिटल के डायरेक्टर डा. वी. डी. काबरा ने स्वागत उद्बोधन दिया। डॉ. प्रखर काबरा ने उद्बोधन में हॉस्पिटल के संबंध में जानकारी प्रदान की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने बड़नगर प्रवास के दौरान स्थानीय भगवती माता मंदिर पहुंचकर दर्शन किए पूजा-अर्चना की आशीर्वाद प्राप्त किया।

रतलाम,

31/Mar/2025,

भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी मौसमी दृश्टिकोण के अनुसार जिले में मार्च से मई 2025 का तापमान औसत तापमान से अधिक होने की संभावना है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. एम.एस. सागर ने बताया कि लू के प्रमुख प्रभाव सूर्य दाह (सन बर्न), ताप के कारण शारीरिक ऐठन (हीट क्रेम्प), अत्यधिक थकावट एवं शारीरिक खिंचाव (हीट एक्जाशन) तथा ताप दाह (हीट स्ट्रोक) के रुप में परिलक्षित होते हैं।

डा. सागर ने बताया कि लू से बचाव के लिए पानी, छाछ, ओआरएस का घोल या घर में बने पेय जैसे लस्सी, नींबू पानी, केरी का पना इत्यादि का सेवन कर तरोताजा रहें। यथासंभव दोपहर 12 से 3 बजे के मध्य धूप मे निकलने से बचें। धूप में निकलते समय अपना सिर ढंककर रखें, कपडे, टोपी अथवा छतरी का उपयोग करें। धूप में निकलने से पूर्व पानी हमेशा साथ रखें, शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें। सूती, ढीले तथा आरामदायक कपडे पहने, सिंथेटिक एवं गहरे रंग के कपडे पहनने से बचें। जानवरों को छाया में रखें और पीने का पर्याप्त पानी दे। अत्यधिक गर्मी होने की स्थिति में ठण्डे पानी से शरीर को पोछें या कई बार स्नान करें। धूप तथा गर्म हवाओं के सम्पर्क में आने के तुरन्त बाद स्नान नहीं करें। गरिष्ठ वसायुक्त ज्यादा प्रोटीन वाले भोजन तथा अल्कोहल, चाय, काफी जैसे पेय पदार्थ का उपयोग कम से कम करें।

Check Also

वैज्ञानिक सोच में रतलाम का प्रदेश में आगे रहना सुखद- डॉ. पांडेय, नर्मदा घाटी परियोजनाओं के संचालन में सौर ऊर्जा को प्रोत्साहित किया जाए मुख्यमंत्री डॉ. यादव,

🔊 Listen to this रतलाम  25/Jun/2025 रतलाम जिले के युवा विज्ञानियों के प्रयास को प्रदेश …