Breaking News

हत्या के प्रकरण में फरार आरोपी को किया गिरफ्तार-लोकोमोटिव केयर सेंटर ने हर्षोल्‍लास के साथ मनाया 59वां स्थापना दिवस

रतलाम

जिले में गंभीर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा निरंतर निर्देशित किया जा रहा है। अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) आलोट पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना ताल पुलिस द्वारा हत्या के प्रकरण में फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है।21.04.2026 को फरियादी कमलसिंह पिता सेवाराम आंजना, निवासी अन्तर्रालिया नागदा जाक्सन थाना नागदा, जिला उज्जैन द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसी दिन प्रातः लगभग 08:00 बजे उसके साढ़ू मुकेश पिता जगदीशलाल आंजना, निवासी मांगरोला थाना बडावदा द्वारा आपसी विवाद के चलते बड़े साढ़ू श्यामलाल के सिर पर फावड़े से प्राणघातक हमला किया गया। घटना के संबंध में थाना ताल पर अपराध क्रमांक 204/2026 धारा 109(1) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। उपचार के दौरान दिनांक 25.04.2026 को घायल श्यामलाल पिता बद्रीलाल आंजना, निवासी गुराडियालालमुँहा थाना दलौदा जिला मंदसौर की सिविल अस्पताल अहमदाबाद में मृत्यु हो जाने पर प्रकरण में धारा 103(1) बीएनएस का इजाफा किया गया। घटना के पश्चात आरोपी मुकेश आंजना फरार हो गया था, जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा सतत प्रयास किए जा रहे थे। तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना एवं संभावित स्थानों पर दबिश के आधार पर आरोपी को इंदौर जिले के बेटमा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोहे का फावड़ा विधिवत जप्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

सराहनीय भूमिका– उक्त कार्रवाई में निरीक्षक स्वराज डाबी थाना प्रभारी ताल, उपनिरीक्षक वी.डी. जोशी चौकी प्रभारी खारवाकला, उपनिरीक्षक के.के. सिंह, आरक्षक प्रीतम लोहार एवं सैनिक विनोद सिंह का विशेष योगदान रहा।

रतलाम

पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल स्थित लोकोमोटिव केयर सेंटर (एलसीसी), रतलाम में 59वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और पारिवारिक सौहार्द के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रेलकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के लिए विविध खेलकूद, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत साइकिल रैली से हुई, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। कर्मचारियों के लिए वॉलीबॉल, टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, वहीं महिला कर्मचारियों के लिए चेयर रेस एवं अन्‍य प्रतियोगिताएं रखी गईं। बच्चों के मनोरंजन हेतु टॉय ट्रेन, मिकी माउस एवं ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
पूरे परिसर को आकर्षक साज-सज्जा से सजाया गया तथा विभिन्न सेक्शनों द्वारा ज्ञानवर्धक एवं रचनात्मक प्रदर्शनियां लगाई गईं। कार्यक्रम में सेल्फी पॉइंट भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इस दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों के बच्चों को पुरस्कृत किया गया।


सांस्कृतिक संध्या में नृत्य, गायन, वादन, कविता पाठ एवं हास्य नाटक की रंगारंग प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री रजनीश कुमार गोयल, विशेष अतिथि के रूप में मंडल रेल प्रबंधक रतलाम श्री अश्वनी कुमार तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक सहित अनेक अधिकारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी, यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधि एवं कर्मचारी अपने परिवार सहित उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (डीजल) श्री मनोज छावड़ा द्वारा किया गया। इस अवसर पर लोकोमोटिव केयर सेंटर, रतलाम की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि इसकी स्थापना 01 मई 1967 को डीजल लोको शेड के रूप में हुई थी, जिसे वर्ष 2021 में लोकोमोटिव केयर सेंटर नाम दिया गया। वर्तमान में एलसीसी रतलाम में 149 विद्युत एवं 46 डीजल लोकोमोटिव का अनुरक्षण किया जा रहा है।


वित्तीय वर्ष 2025-26 में केंद्र ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। एसी लोकोमोटिव के मेजर शेड्यूल में वृद्धि करते हुए 61 लोको का मेंटेनेंस किया गया, जो पिछले वर्ष 40 के मुकाबले उल्लेखनीय प्रगति है। शेड आउटेज प्रदर्शन लक्ष्य से 6.11 प्रतिशत बेहतर रहा तथा मुख्य लाइन लोकोमोटिव विफलताओं में 11.47 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। लोकोमोटिव केयर सेंटर, रतलाम को 30 दिसंबर 2025 को सीआईआई द्वारा प्रतिष्ठित “सिल्वर रेटिंग” से सम्मानित किया गया, जो ऊर्जा संरक्षण, जल प्रबंधन, ग्रीनहाउस गैस में कमी एवं अपशिष्ट प्रबंधन के उत्कृष्ट प्रयासों की मान्यता है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशेष अतिथि श्री अश्वनी कुमार ने प्रेरणादायक कविताओं के माध्यम से कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में रेलकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।


मुख्य अतिथि रजनीश कुमार गोयल ने आधुनिक तकनीक, डिजिटलीकरण एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग को बढ़ाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कर्मचारियों के लिए तनावमुक्त एवं सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने लोकोमोटिव केयर सेंटर, रतलाम के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए सभी को बधाई दी।

Check Also

SYSITS इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस 2026 में सम्मिलित हुआ” इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में बढ़ाया गौरव-नवाचार की उड़ान सृजन महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने पेश किए समाज बदलने वाले आइडिया-भाजयुमो के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन ने मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष सहित वरिष्ठ नेताओं से की मुलाकात-अधिग्रहण मुआवजे के ऐतिहासिक निर्णय से किसानों में हर्ष व्याप्त-जनगणना 2027 घर बैठे मोबाइल से भरें सेल्फ एन्यूमरेशन फॉर्म-भीषण गर्मी के चलते कक्षा प्री प्राइमरी से 8वीं तक के विद्यार्थियों का अवकाश घोषित

🔊 Listen to this रतलाम रतलाम, श्री योगीन्द्र सागर इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी एंड साइंस महाविद्यालय, …