Breaking News

जनसुनवाई में 137 आवेदन पर हुई सुनवाई- 50 लाख से अधिक राजस्व वसूली वित्तीय वर्ष मे 206 प्रकरण दर्ज कर किया अर्थदंड वसूल-पार्ट टाइम अतिथि व्याख्याता की नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित-अपर कलेक्‍टर द्वारा विभिन्‍न मामलों में जनसुनवाई की गई-प्रथम आगमन पर निकली विशाल वाहन रैली भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया स्वागत-भैसाना सरपंच को नोटिस, तीन दिवस में मांगा जवाब-बाल विवाह रोकने के लिए उड़नदस्ते का गठन किया गया-55 आवेदकों की शिकायतें सुनकर त्वरित निराकरण के निर्देश-ग्रीष्‍मकालीन छुट्टियों को ध्यान मे रखते हुये 06 जोड़ी ट्रेनों के फेरे विस्‍तारित-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सिंहस्थ: 2028 के लिए प्रस्तावित सभी कार्य वर्ष 2027 की दीपावली तक आवश्यक रूप से पूर्ण कर लिए जाएं

रतलाम

कलेक्टर कार्यालय में आज मंगलवार को जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव ने आवेदको को सुना एवं आवेदकों से आवेदन प्राप्त किये। जनसुनवाई में 137 आवेदन प्राप्त हुए। निराकरण योग्य आवेदनों का मौके पर ही उपस्थित विभागीय अधिकारियों से निराकरण करवाया गया एवं शेष आवेदनों का समय सीमा में निराकरण करने के लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया गया।

जनसुनवाई में आवेदक शांतिलाल पिता कन्हैयालाल निवासी धानासुता ने प्रधानमंत्री आवास योजना सूची में नाम होने पर भी आवास योजना का लाभ न मिलने के संबंध में आवेदन दिया । कार्यवाही हेतु एडीशनल सीईओ को निर्देशित किया गया। आवेदक भगवती पति उत्तम निवासी ग्राम सालाखेड़ी ने प्रधानमंत्री आवास योजना में आवास स्वीकृति हेतु आवेदन दिया। कार्यवाही हेतु एडीशनल सीईओ को निर्देशित किया गया। आवेदक शिवलाल पिता कनीराम निवासी ग्राम नयानगर तहसीज जावरा ने  अपनी स्वत्व एवं आधिपत्य की कृषि भूमि प्रतिप्रार्थी को विक्रय करने हेतु अनुमति के लिए आवेदन दिया। कार्यवाही हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया।

आवेदक सोहन पिता भवरसिंह निवासी ग्राम अर्जला तहसील जावरा ने प्रतिप्रार्थी द्वारा आवेदक की कृषि भूमि पर कब्जा करने की शिकायत की एवं कब्जा हटवाने के संबंध में आवेदन दिया। कार्यवाही हेतु तहसीलदार जावरा को निर्देशित किया गया।  आवेदक छगन पिता जीवणा निवासी ग्राम बोरदा ने कृषि भूमि का पट्टे के लिए आवेदन दिया। कार्यवाही हेतु तहसीलदार को निर्देशित किया गया। आवेदक हरीराम निवासी ग्राम वीरपुरा तहसील जावरा ने पत्नि एवं स्वंय के लिए वृद्धा पेंशन एवं कृषि भूमि हेतु कपिलधारा योजना अंतर्गत कुए की स्वीकृति के  लिए आवेदन दिया । कार्यवाही हेतु सीईओ जनपद को निर्देशित किया गया।

रतलाम

नियंत्रक नापतौल म.प्र. भोपाल और कलेक्टर मिशा सिंह द्वारा दिये गये निर्देशों के पालन में प्र.सहायक नियंत्रक/निरीक्षक नापतौल विभाग भारत भूषण द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिला रतलाम के संस्था/दुकान के बांट, माप, तौलने और मापने के उपकरणों के सत्यापन/पुनः सत्यापन एवं मुद्रांकन से शुल्क के तौर पर कुल राजस्व 5069484 रूपये (पचास लाख उनसत्तर हजार चार सौ चौरासी रूपये ) प्राप्त किए गये। साथ ही संस्था/दुकान के नापतौल उपकरणों और पैकेज बंद वस्तुओं का निरीक्षण कर अनियमितताए पाये जाने पर कुल 206 अपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किए। वित्तीय वर्ष में निराकृत हुए अपराधिक प्रकरणों से अर्थदण्ड के रूप में कुल 2047200 रूपये (बीस लाख सेतालीस हजार दो सौ रूपये) वसूले गए, जो नापतौल विभाग रतलाम म.प्र. के में अब तक वसूले गए अर्थदण्ड में सर्वाधिक है। प्र. सहायक नियंत्रक/निरीक्षक नापतौल विभाग भारत भूषण ने संस्था/दुकान को निर्देशित किया है कि सभी तरह के नापतौल उपकरणों को नियमानुसार निर्धारित समयावधि में पुनःसत्यापन एवं मुद्रांकन करके ही उपयोग करे और नियमानुसार आवश्यक घोषणाओं वाले पैकेज बंद वस्तुओं को ही विक्रय हेतु रखे , साथ ही उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि नापतौल उपकरणों और पैकेज बंद वस्तुओं में अनियमितताएं पाये जाने पर कार्यालय को शिकायत करें ।

उज्जैन,

मुख्‍य चिकित्‍सा एवं स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल ने बताया कि भारतीय नर्सिंग परिषद, नई दिल्ली के मानकों के अनुसार शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय उज्जैन में बी.एस.सी. नर्सिंग / पोस्ट बेसिक बी.एस.सी. नर्सिंग / एम.एस.सी. नर्सिंग पाठ्यक्रमों के लिए अत्यंत अल्पकालीन पार्ट टाइम / अतिथि व्याख्याता की आवश्यकता है। इच्छुक योग्य उम्मीदवार विभिन्‍न विषयों के लिए आवेदन कर सकते हैं। इनमें इंग्‍लिश, फिजियोलॉजी, एनेटॉमी, सायकोलॉजी, सोशियोलॉजी, माईक्रो बायोलॉजी, जेनेटिक्‍स, पेथोलॉजी, बायोकेमिस्‍ट्री, बायोफिजिक्‍स, न्‍यूट्रीशन, फर्माकोलॉजी, इंट्रोडक्‍शन टू कंप्‍यूटर, बायोस्‍टेटिक, इंट्रोडक्‍शन टू फॉरेन्सिक नर्सिंग एंड इंडियन लॉ में पाठ्यक्रम के अनुसार सभी विषयों में एक-एक अतिथि व्‍याख्‍याता की आवश्‍यकता है। इसके लिए विधिवत मान्‍यता प्राप्‍त स्‍नातक/स्‍नातकोत्‍तर को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी साथ ही नर्सिंग क्षेत्र से संबंधित शिक्षण कार्य अनुभव को प्राथमिकता दी जाएगी।

आवेदन कैसे करें

आवेदन पत्र (अनुबंध-1) भरकर सभी प्रासंगिक दस्तावेजों की स्व-सत्यापित फोटोकॉपी संलग्न करें। आवेदन पंजीकृत डाक / स्पीड पोस्ट अथवा स्वयं द्वारा दिनांक 21 एवं 22 अप्रैल 2026 शाम 05:00 बजे तक निम्न पते पर अवश्य भेजें। पता:  प्राचार्या शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय , सुदामा नगर, पानी की टंकी के सामने उज्‍जैन।

महत्वपूर्ण शर्तें

पारिश्रमिक की दर ₹250/- प्रति व्याख्यान (प्रति घंटा) पाठ्यक्रम पूर्ण करवाने के पश्‍चात देय होगा। व्याख्यान की अनुसूची प्राचार्या/कक्षा सलाहकार द्वारा तय की जाएगी। पार्ट टाइम/अतिथि व्याख्याता स्थायी/नियमित/संविदा रोजगार का कोई दावा नहीं कर सकेगा। अधूरे दस्तावेजों वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। प्राचार्या को बिना कारण बताए किसी भी आवेदन/विज्ञापन को रद्द करने का पूर्ण अधिकार है। साक्षात्कार/डेमो व्याख्यान में कोई TA/DA देय नहीं होगा।

मूल्यांकन / साक्षात्कार / डेमो व्याख्यान – दिनांक 21 एवं 22 अप्रैल 2026 – समय दोपहर 12:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक  – स्थान प्राचार्या कक्ष, शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय, उज्जैन

 आवेदकों को साथ लाना अनिवार्य है

आवेदकों को अपने साथ मूल पी.जी. डिग्री मूल पीएचडी डिग्री (यदि लागू हो), शिक्षण अनुभव के मूल प्रमाण-पत्र वैध फोटो पहचान पत्र (पैन कार्ड/आधार कार्ड), दो पासपोर्ट साइज फोटो, बायोडाटा एवं सभी दस्तावेजों की स्व-सत्यापित फोटोकॉपी का एक सेट लाना अनिवार्य होगा। नोट – साक्षात्कार/डेमो व्याख्यान में केवल पूर्ण दस्तावेजों वाले उम्मीदवारों को ही अनुमति दी जाएगी।

उज्जैन,

मंगलवार को अपर कलेक्‍टर शाश्‍वत शर्मा द्वारा प्रशासनिक संकुल भवन के द्वितीय तल स्थित सभाकक्ष में विभिन्‍न मामलों में जनसुनवाई की गई।उज्‍जैन तहसील के ग्राम गोठड़ा निवासी ज्‍योति पवार ने आवेदन देकर शिकायत की कि उनके पति के द्वारा उन्‍हें और उनके बेटे को घर से बेदखल कर दिया गया है तथा उनके और उनके पति के संयुक्‍त स्‍वामित्‍व की कृषि भूमि को बिना उनकी जानकारी के धोखे से विक्रय कर दिया गया है। उनके पति और ससुराल वालों द्वारा उन्‍हें भरण-पोषण के लिए सहायता भी नहीं की जा रही है। इस पर जिला विधिक सहायता अधिकारी को उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

बड़नगर के ग्राम सुंदराबाद निवासी राजूबाई ने आवेदन दिया कि उन्‍हें शासन के द्वारा कृषि कार्य के लिए शासकीय भूमि का पट्टा प्रदान किया गया था। परंतु कुछ दिन पूर्व उनका पट्टा निरस्‍त कर दिया गया है। इस वजह से उन्‍हें जीवन यापन करने में परेशानी हो रही है। इस पर एसडीएम बड़नगर को मामले की जांच कर आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। तराना के ग्राम करंज निवासी बंशीलाल और अन्‍य निवासियों ने आवेदन दिया कि ग्राम की अजा बस्ती में टीन शेड निर्माण के कार्य स्‍वीकृत होने के बाद भी निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं करवाया गया है। इस वजह से बस्ती के लोगों को कोई भी कार्यक्रम करने के लिए काफी परेशानी होती है। इस पर सीईओ जनपद पंचायत तराना को शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। बड़नगर के ग्राम खंडोदा के निवासियों ने आवेदन दिया कि गांव में शासकीय भूमि खेल मैदान के लिए आवंटित की गई थी। परंतु राजस्‍व रिकार्ड में उक्‍त भूमि शासकीय दर्ज है। भ‍ूमि को खेल मैदान के रूप में अंकित करवाया जाए। इस पर तहसीलदार बड़नगर को जांच कर आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

उज्‍जैन निवासी मोहनलाल सोनी ने आवेदन दिया कि घट्टिया तहसील के ग्राम खेडला में एक व्‍यक्ति के द्वारा वर्ष 2020 में कॉलोनी बनाई गई थी। आवेदक द्वारा इसमें एक भू खंड क्रय किया गया है। जिसकी वे वर्ष 2020 से ही टेक्‍स की राशि नियमानुसार भर रहे है। लेकिन कॉलोनी में विद्युत, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नहीं है इस वजह से स्‍थानीय निवासियों को बहुत परेशानी हो रही है। इस पर एसडीएम घट्टिया को उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार एडीएम अत्‍येंद्र सिंह गुर्जर एवं अन्‍य अधिकारियों द्वारा विभिन्‍न मामलों में जनसुनवाई की गई।

रतलाम

भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री बनने के बाद पहली बार रतलाम आए विप्लव जैन का मंगलवार को मोर्चा कार्यकर्ताओं ने विशाल वाहन रैली निकालकर जोशीला स्वागत किया। भाजयुमो महामंत्री ने अभिवादन कर सबका आभार जताया। रैली कालिका माता मंदिर परिसर से आरंभ हुई। आरंभ में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने सभी पदाधिकारियों के साथ स्वागत किया।


भाजयुमो प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन ने स्वागत मंच से कहा कि उन्हें प्रदेश स्तर की यह जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की वजह से मिली है। वे भाजपा नेतृत्व द्वारा सौंपे गए दायित्व और विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेगे। उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं से अनुशासन का पालन करने की अपील की।


इससे पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि रतलाम के कार्यकर्ता को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी मिलना गर्व की बात है। उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं से लगातार मेहनत करने और पार्टी को मजबूत रखने का आह्वान किया। युवा मोर्चा की रैली कालिका माता से आरंभ होकर नगर निगम, कालेज रोड़, नाहरपुरा, माणक चौक , घास बाजार, चांदनी चौक , तोपखाना, गणेश देवरी, धानमंडी , शहीद चोक, लोकेन्द्र टाकिज होते हुए न्यु रोड़ स्थित युवा मोर्चा के जिला कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुई।

रैली के दौरान भाजयुमो प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन के साथ भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, जिला महामंत्री जयवंत कोठारी, मंडल अध्यक्ष मयूर पुरोहित, नीलेश गांधी, नंदकिशोर पंवार, आदित्य डागा एवं सोना शर्मा  खुली जीप मे सवार थे। रैली का मार्ग जगह-जगह मंच बनाकर स्वागत किया गया। रैली के समापन पर भाजयुमो के जिला महामंत्री रविन्द्र पाटीदार ने सबको धन्यवाद ज्ञापित किया।

रतलाम

ग्राम पंचायत भैसाना की सरपंच पूजा पासी द्वारा ग्राम पंचायत भैसाना की शासकीय भूमि को अनाधिकृत रूप से पट्टे पर वितरित किये जाने  एवं इसके बदले रिश्वत की मांग की जाने पर सरपंच के विरुद्ध लोकायुक्त संगठन उज्जैन में आपराधिक प्रकरण विचाराधीन है। उक्त कृत्य पदीय दायित्वों के विरुद्ध होकर घोर लापरवाही को परिलक्षित करता है। मामले को संज्ञान में लेते हुए  मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रतलाम सुश्री वैशाली जैन द्वारा ग्राम पंचायत भैसाना की सरपंच पूजा पासी को म.प्र. पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 की धारा 40 के तहत कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर तीन दिवस के भीतर प्रमाण सहित समक्ष मे उपस्थित होकर स्पष्टीकरण मांगा है। निर्धारित समय सीमा में जवाब प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।

उज्जैन,

जिले में 20 अप्रैल 2026 को होने वाले अक्षय तृतीया के अवसर पर संभावित बाल विवाह को रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 की धारा 13(4) एवं 13(5) के तहत उड़नदस्ते का गठन किया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश के अनुसार बाल विवाह रोकथाम के लिए निम्नलिखित अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।- अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), – मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत समस्त,- जोनल अधिकारी, नगर निगम/नगर पालिका, नगरीय निकाय- परियोजना अधिकारी, महिला एवं बाल विकास परियोजना समस्त – थाना प्रभारी, समस्त पुलिस थाने,उपरोक्त अधिकारियों द्वारा 18 वर्ष से कम उम्र की बालिकाओं तथा 21 वर्ष से कम उम्र के बालकों की सूची आंगनवाड़ी स्तर पर तैयार की जाएगी। जिला एवं खंड स्तर पर बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रिंटिंग प्रेस, हॉल, कैटरर्स, फोटोग्राफर, बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ा, ट्रांसपोर्ट आदि सेवा प्रदाताओं को चेतावनी दी जाएगी कि वे बाल विवाह में किसी भी प्रकार की सेवा न दें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अंतर्गत आमजन से हेल्पलाइन नंबर 1098, 112 पर तथा स्थानीय पुलिस को तुरंत सूचना देने की अपील की गई है।बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत स्कूलों, आंगनवाड़ियों एवं ग्राम पंचायतों में बाल विवाह के खिलाफ रैलियां एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ग्रुप और दीवार लेखन के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई की जाएगी। सूचना देने के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। हेल्पलाइन नंबर 1098 पर तुरंत सूचना दें। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों, विशेषकर अभिभावकों, शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे बाल विवाह की किसी भी सूचना पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएं।

रतलाम

आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय रतलाम में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए 55 आवेदकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया।


जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा प्राप्त शिकायतों के संबंध में संबंधित थाना प्रभारियों से प्रकरणों की स्थिति एवं अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी ली गई। साथ ही नई प्राप्त शिकायतों पर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई कर उनका संतोषजनक निराकरण करने के निर्देश दिए गए।


पुलिस अधीक्षक अमित कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल द्वारा पूर्व में आयोजित जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए उनकी प्रगति की भी जांच की तथा संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में जनसुनवाई की प्रक्रिया नियमित रूप से जारी रखी जाएगी, ताकि नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जा सके।


पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया जाए तथा की गई कार्यवाही से आवेदकों को अवगत कराया जाए। रतलाम पुलिस द्वारा आमजन की शिकायतों के समाधान हेतु इस प्रकार की जनसुनवाई प्रक्रिया लगातार जारी रखी जा रही है, जिससे नागरिकों को त्वरित न्याय एवं सहायता प्राप्त हो सके।

रतलाम

पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा तथा विशेष रूप से ग्रीष्‍मकालीन छुट्टियों के दौरान बढ़ती यात्रा मांग को ध्यान में रखते हुए रतलाम मंडल से होकर परिचालित की जा रही 06 जोड़ी स्‍पेशल ट्रेनों के फेरों को पुन: विस्‍तारित किया जा रहा है। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इन ट्रेनों का विवरण निम्नानुसार है: – 1. ट्रेन संख्या 09465 अहमदाबाद–दरभंगा स्पेशल, जिसका अंतिम फेरा 27 मार्च, 2026 तक निर्धारित था, 26 जून, 2026 तक अहमदाबाद से प्रत्येक शुक्रवार को तथा ट्रेन संख्या 09466 दरभंगा–अहमदाबाद स्पेशल, जिसका अंतिम फेरा 30 मार्च, 2026 निर्धारित था , 29 जून, 2026 तक दरभंगा से प्रत्येक सोमवार को चलेगी। 2. ट्रेन संख्या 09451 गांधीधाम–भागलपुर स्पेशल, जिसका अंतिम फेरा 27 मार्च, 2026 तक निर्धारित था, 26 जून, 2026 तक गांधीधाम से प्रत्येक शुक्रवार को तथा ट्रेन संख्या 09452 भागलपुर–गांधीधाम स्पेशल, जिसका अंतिम फेरा 30 मार्च, 2026 निर्धारित था, 29 जून, 2026 तक भागलपुर से प्रत्येक सोमवार को चलेगी। 3. ट्रेन संख्या 09093 उधना–अयोध्या कैंट स्पेशल, जिसका अंतिम फेरा 27 मार्च, 2026 तक निर्धारित था, 31 जुलाई, 2026 तक उधना से प्रत्येक शुक्रवार को तथा ट्रेन संख्या 09094 अयोध्या कैंट–उधना स्पेशल, जिसका अंतिम फेरा 28 मार्च, 2026 निर्धारित था, 01 अगस्त, 2026 तक अयोध्या कैंट से प्रत्येक शनिवार को चलेगी। 4. ट्रेन संख्या 09097 उधना–अयोध्या कैंट स्पेशल, जिसका अंतिम फेरा 24 मार्च, 2026 तक निर्धारित था, 28 जुलाई, 2026 तक उधना से प्रत्येक मंगलवार को तथा ट्रेन संख्या 09098 अयोध्या कैंट–उधना स्पेशल, जिसका अंतिम फेरा 25 मार्च, 2026 निर्धारित था, 29 जुलाई, 2026 तक अयोध्या कैंट से प्रत्येक बुधवार को चलेगी। 5. ट्रेन संख्या 09189 मुंबई सेंट्रल–कटिहार स्पेशल, जिसका अंतिम फेरा 28 मार्च, 2026 तक निर्धारित था, 01 अगस्त, 2026 तक मुंबई सेंट्रल से प्रत्येक शनिवार को तथा ट्रेन संख्या 09190 कटिहार–मुंबई सेंट्रल स्पेशल, जिसका अंतिम फेरा 31 मार्च, 2026 निर्धारित था, 28 जुलाई, 2026 तक कटिहार से प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। 6. ट्रेन संख्या 09183 मुंबई सेंट्रल– बनारस स्पेशल, जिसका अंतिम फेरा 25 मार्च, 2026 तक निर्धारित था, 29 जुलाई, 2026 तक मुंबई सेंट्रल से प्रत्येक बुधवार को तथा ट्रेन संख्या 09184 बनारस –मुंबई सेंट्रल स्पेशल, जिसका अंतिम फेरा 27 मार्च, 2026 निर्धारित था, 31 जुलाई, 2026 तक बनारस से प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। ट्रेनों के आगमन/प्रस्‍थान समय, ठहराव और संरचना के समय के बारे में विस्तृत जानकारी के लिए, यात्री कृपया www.enquiry.indianrail.gov.in पर जा सकते हैं।

उज्जैन,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सिंहस्थ: 2028 के लिए प्रस्तावित सभी कार्य वर्ष 2027 की दीपावली तक आवश्यक रूप से पूर्ण कर लिए जाएं। सिंहस्थ के सफल संचालन, विकास कार्यों की निगरानी और समीक्षा तथा सूचना शिक्षा-संचार गतिविधियों के लिए आवश्यक अधिकारियों-कर्मचारियों की संबंधित विभागों से तत्काल पूर्ति की जाए। सिंहस्थ के सफल संचालन के लिए पर्याप्त अधिकारियों-कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। सिंहस्थ से संबंधित विभिन्न दायित्वों के लिए सघन प्रशिक्षण की व्यवस्था आरंभ की जाए। अधोसंरचना से संबंधित सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण हो। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह निर्देश सिंहस्थ-2028 के आयोजन के लिए गठित मंत्री-मंडलीय समिति की मंगलवार को मंत्रालय में हुई 5वी बैठक में दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मंत्री मंडलीय समिति की आगामी बैठक उज्जैन में की जाए। मंत्री मंडलीय समिति ने 2 हजार 923 करोड़ 84 लाख रूपए राशि के 22 कार्यों को स्वीकृति प्रदान की। बैठक में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेन्द्र शुक्ल उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ:2028 के लिए हो रहे कार्यों की गुणवत्ता और बेहतर वित्तीय प्रबंधन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कार्यों का थर्ड पार्टी ऑडिट आवश्यक रूप से कराया जाए। सिंहस्थ:2028 के लिए उज्जैन के विभिन्न क्षेत्रों में बनने वाले भवनों का निर्माण इस प्रकार किया जाए जिससे वे सिंहस्थ:2028 के बाद होने वाले वार्षिक आयोजनों के लिए भी उपयोगी हों। इसी प्रकार सड़कों का निर्माण इस प्रकार किया जाए जिससे महाकाल लोक के अतिरिक्त उज्जैन के अन्य प्रमुख तीर्थों तक आवागमन अधिक सुगम हो सके। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दूरदराज से उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा की दृष्टि से उज्जैन के 100 कि.मी. रेडियस में होम-स्टे, पार्किंग, जन सुविधाएं विकसित करने को प्राथमिकता दी जाए। सिंहस्थ के समस्त प्रबंधन में स्थानीय संस्थाओं के सहयोग और जनसहभागिता को प्रोत्साहित किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्षिप्रा नदी पर पैदल तीर्थ यात्रियों के लिए पृथक से ब्रिज बनाने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में गुदरी चौराहे से पान दरीबा होते हुए हरसिद्धि पाल तक मार्ग चौड़ीकरण एवं सीमेंट कंक्रीट सड़क निर्माण, बम्बई वाले की धर्मशाला से दानी गेट चौराहे तक मार्ग चौड़ीकरण एवं सीमेंट कंक्रीट सड़क निर्माण, देवास रोड से नानाखेड़ा तक एमआर 2 मार्ग का उन्नयनीकरण, शिंदे नर्सिंग होम से नीलगंगा मुख्य मार्ग चौड़ीकरण, गौतम मार्ग से तिलकेश्वर मार्ग चौड़ीकरण एवं सीमेंट कंक्रीट सड़क निर्माण, चौबीस खम्बा माता मंदिर से छोटा रूद्र सागर तक मार्ग चौड़ीकरण एवं सौन्दर्यीकरण कार्य, बदनावर देवास एनएचएआई रोड से सिकंदरी, दाउदखेड़ी तक मार्ग निर्माण, क्षिप्रा नदी के पूर्वी भाग पर सड़क निर्माण, जयसिंहपुरा प्रस्तावित अंडरपास के पास से नूतन स्कूल चार धाम मंदिर पार्किंग के पास तक सीमेंट कंक्रीट सड़क निर्माण, अंकपात चौराहा से खाकचौक चौराहा होते हुए मंगलनाथ तक मार्ग चौड़ीकरण, गदा पुलिया से रविशंकर नगर नरसिंह घाट तिराहे तक चौड़ीकरण, महाकाल चौराहे से गोपाल मंदिर होते हुए कमरी मार्ग चौराहा तक चौड़ीकरण एवं सीमेंट कंक्रीट सड़क निर्माण तथा शनि मंदिर से मेठिया मार्ग पर नवीन पुल निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान की गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में मंत्री मंडलीय समिति ने 139.14 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की। यहां से सीसीटीवी, ड्रोन, डेटा एनालिटिक्स के माध्यम से मेले की गतिविधियों की रियल टाइम मॉनीटरिंग होगी। एआई आधारित भीड़ प्रबंधन, मोबाइल ऐप के माध्यम से रूट, पार्किंग और सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। सायबर सुरक्षा, कचरा प्रबंधन, जल आपूर्ति और स्वच्छता पर भी यह केंद्र नजर रखेगा। बैठक में लगभग 30 करोड़ रूपए की लागत से मेला कंट्रोल रूम, मल्टी मॉडल ट्रांजिट हब देवास गेट बस स्टैंड, इंटीग्रेटेड मल्टीमॉडल ट्रांसिट हब से लेकर उज्जैन रेल्वे स्टेशन तक स्काईवॉक निर्माण, सर्किट हाउस निर्माण, मेला क्षेत्र में स्थाई अधोसंरचना निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई। मेला क्षेत्र में स्थाई अधोसंरचना निर्माण के अंतर्गत पक्की सड़क, डिवाइडर, फुटपाथ, स्ट्रीट लाइट, सर्विस रोड, जल प्रदाय व्यवस्था, सीवरेज व्यवस्था जैसे कार्य किए जाएंगे। बैठक में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप, मुख्य सचिव अनुराग जैन तथा अपर मुख्य सचिव सचिव डॉ. राजेश राजौरा, संजय दुबे, नीरज मंडलोई तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Check Also

इंदौर में आयोजित हुई बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप-2026 के आयोजन के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा-खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा तहसील तराना में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया-सुन्दरकाण्ड व पूजा-अर्चना के साथ हुआ बरबड़ हनुमान मेले का शुभारंभ-भाजपा जिला कोर कमेटी की बैठक हुई

🔊 Listen to this उज्जैन/इंदौर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज इंदौर में आयोजित दो …