रतलाम
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को मादक पदार्थों की तस्करी पर कड़ी निगरानी एवं सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रिंगनोद के नेतृत्व में चौकी प्रभारी माननखेड़ा उप निरीक्षक राजेश मालवीय द्वारा प्रभावी कार्रवाई की गई। रात्रि में पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध टाटा हैरियर कार क्रमांक GJ06PA0016 को रोका गया। वाहन चालक द्वारा बैरिकेट्स तोड़ते हुए कार को मंदसौर की ओर भागकर ले गया। वाहन के संदिग्ध होने पर पुलिस टीम द्वारा पीछा किया गया। चालक द्वारा लसुडिया ईला अंडर ब्रिज के पास कार को सड़क किनारे छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस द्वारा वाहन की विधिवत तलाशी लेने पर कार में भारी मात्रा में मादक पदार्थ डोडा चूरा पाया गया। जिसे पुलिस टीम द्वारा एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के अंतर्गत जप्त किया गया।
जप्त मशरूका– डोडा चूरा – 07 बोरों में कुल 140 किलोग्राम अनुमानित कीमत – ₹2,80,000/- एवं
टाटा हैरियर कार (सफेद रंग) क्रमांक – GJ06PA0016 अनुमानित कीमत – ₹20,00,000/-
कुल जप्त मशरूका की कीमत: ₹22,80,000/-
उक्त मशरूका को विधिवत जप्त कर थाना रिंगनोद पर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। वाहन चालक, वाहन मालिक एवं डोडा चूरा के परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में विवेचना जारी है।

सराहनीय भूमिका– इस सफल कार्रवाई में निम्न पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष भूमिका रही—
निरीक्षक आनंद सिंह आजाद – थाना प्रभारी, रिंगनोद, उप निरीक्षक राजेश मालवीय – चौकी प्रभारी, माननखेड़ा, कार्य.प्र.आर. 658 हर्षवर्धन सिंह, आर. 801 घनश्याम कुमावत, आर. 895 संतोष कुमार, आर. 1156 अनिल डांगी, आर. मुकेश, आर. नरेन्द्र, सै. 1149 सुरेश उपाध्याय, सै. 1058 जालमसिंह, सै. 82 शांतिलाल बामनिया
रतलाम
अनुविभागीय पुलिस अधिकारी आलोट पल्लवी गौर के मागर्दशन मे तथा थाना प्रभारी बरखेड़ा कला रविंद्र कुमार दंडोतिया के नेतृत्व में सोनी रमेश चंद्र भंभोरिया द्वारा अपनी टीम के साथ दिनांक 30.01.2026 व 31.01.2026 की दरमियानी रात्रि में मुखबिर सुचना पर ग्राम बरखेड़ा कला वह ग्राम हरिया खेड़ा के मध्य पर एक कार हुंडई वेन्यू वाहन क्रं. GJ 01 KV 0836 से 15 पेटी देशी शराब व 3 पेटी बीयर कुल 18 पेटी अवैध शराब को विधिवत् जप्त किया उक्त घटना में आरोपी भारत पिता भगवान गुर्जर निवासी ग्राम रजला का मौके से भाग गया आरोपी के विरुद्ध थाना बरखेड़ा कला पर धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबध्द कर विवेचना में लिया गया है ।

फरार आरोपी-
1. भारत सिंह पिता भगवान सिंह गुर्जर निवासी ग्राम रजला थाना बरखेड़ा जिला रतलाम
जप्त मश्रुकाः- एक कार हुंडई वेन्यू वाहन क्रं. GJ 01 KV 0836 से 15 पेटी देशी शराब व 3 पेटी बीयर कुल 18 पेटी अवैध शराब कुल कीमती करीब 13,67,500/-
सराहनीय भूमिका – निरीक्षक रविंद्र दंडोतिया,सउनि रमेश चंद्र बंबोरिया, आरक्षक मुकेश दांगी ओमप्रकाश गुर्जर, ईश्वर धाकड़ व शकील की सराहनीय भूमिका रही ।
रतलाम
सहायक कृषि यंत्री ने बताया कि रतलाम जिले के ग्राम जामथुन में कृषि विभाग के द्वारा 29 जनवरी को कृषक संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी में परियोजना संचालक (आत्मा) से एन. एस. नरगेश, श्री किरार एवं श्री निनामा, कृषि विज्ञान केंद्र कालूखेड़ा से वैज्ञानिक डॉ. शीशराम जाखड़, कृषि अभियांत्रिकी विभाग से सहायक कृषि यंत्री विजय मीणा एवं उपयंत्री पवन गुंदारिया, कृषि विभाग से वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी बी. डोडियार एवं गांव के कृषक उपस्थित थे।

कृषक संगोष्ठी में विजय मीणा द्वारा विभागीय योजनाओं एवं नरवाई प्रबंधन के संबंध में जानकारी दी गई । उन्होंने नरवाई जलाने से होने वाले नुकसान और नरवाई प्रबंधन में उपयोग होने वाले यंत्रों की जानकारी किसानों को दी। एन. एस. नरगेश एवं श्री किरार द्वारा जैविक खेती को बढ़ाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया तथा जीवामृत, घनामृत, बीजमृत एवं अन्य जैविक खेती में उपयोग होने वाले घटकों की जानकारी दी गई। डॉ. शीशराम जाखड़ द्वारा किसानों को रासायनिक उर्वरक का कम और सही विधि से उपयोग करने के संबंध में जानकारी दी एवं जैविक खेती के फायदे बताते हुए जैविक खेती की जानकारी दी। श्री डोडियार द्वारा किसानों को मृदा स्वास्थ कार्ड, मृदा परीक्षण, ऊर्वरक खरीदी के ई-टोकन व्यवस्था के बारे में जानकारी दी गई। मौके पर उपस्थित सभी किसानों में संगोष्ठी से प्राप्त जानकारी को सुना तथा किसानों को कृषि के आने वाली समस्याओं को कृषि अधिकारियों से साझा किया तथा अधिकारियों द्वारा उनकी समस्याओं का निवारण किया गया।
रतलाम
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत रतलाम जिले में ग्रामीण स्वच्छता को सुदृढ़ करने हेतु ‘वॉश ऑन व्हील’ (Wash on Wheel – WOW) सेवा का शुभारंभ किया गया है। यह अभिनव पहल पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रारंभ की गई है। इस सेवा के माध्यम से अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी मोबाइल एप के जरिए घर बैठे शौचालय सफाई की सुविधा उपलब्ध हो गई है। नागरिक निर्धारित दिन व समय पर मोबाइल एप से बुकिंग कर शौचालय की वैज्ञानिक एवं सुरक्षित सफाई करवा सकते हैं।

WOW एप से बुकिंग के लिए
प्ले स्टोर या QR कोड से WOW (Wash on Wheel) एप डाउनलोड करें,मोबाइल नंबर से ओटीपी सत्यापन करें,शौचालय का प्रकार, दिन व समय चुनें, बुकिंग पूर्ण होते ही स्वच्छता साथी सेवा प्रदान करेगा।
रतलाम
“वॉश ऑन व्हील (WOW)” सेवा एक सफल नवाचार के रूप में उभरकर सामने आई है। इस सेवा ने न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को सुलभ बनाया है, बल्कि इससे जुड़े स्वच्छता साथियों के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव लाया है। स्वच्छता साथी अजय कुमार निवासी ग्राम पंचायत गोदीशंकर तहसील जावरा ने बताया कि वह जनपद पंचायत जावरा के नेतावली क्लस्टर में स्वच्छता साथी के रूप में कार्यरत हैं। WOW सेवा से जुड़ने से पहले वे असंगठित रूप से सफाई कार्य करते थे, जिससे उनकी दैनिक आय केवल 300 से 400 रुपये तक सीमित थी। WOW सेवा से जुड़ने के बाद अजय कुमार की कार्यप्रणाली में पेशेवर सुधार हुआ और उनकी आय में वृद्धि हुई। वर्तमान में वे प्रतिदिन औसतन 1250 से 1500 रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं। इस स्थायी आय से न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि उनके परिवार का जीवन स्तर भी बेहतर हुआ है। उत्कृष्ट कार्य निष्पादन और जिले में समय-सीमा के भीतर सर्वाधिक सफाई सेवाएं पूर्ण करने के लिए 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर अजय कुमार को केबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग) द्वारा सम्मानित किया गया।

रतलाम
महंगाई , बेरोजगारी एवं भ्रष्टाचार से जनता भाजपा कुशासन से बुरी तरह नाराज है , उनका वोट और सत्ता लाने की ताकत कांग्रेस कार्यकर्ता में है , चुनाव में प्रचार के बदल रहे ढंग को स्वीकार कर स्थानीय समस्या पर संघर्ष करें । यह बात अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव तथा इंदौर उज्जैन संभाग के प्रभारी संजय दत्त ने कहीं । आप होटल जलसारा में आयोजित जिला समन्वय समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे ।

पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया ने कहा कि रतलाम में भाजपा नहीं जीतती है , लिफाफा चुनाव जीत रहा है । दगाबाजों को सबक सीखना है । जो कांग्रेस छोड़ भाजपा में गए , वे सड़क पर आ गए । मछली की तरह कांग्रेस में आने को तड़प रहे हैं । कांग्रेस जिलाअध्यक्ष हर्षविजय गहलोत ने कहा कि किसान मजदूर आदिवासी इस सरकार से त्रस्त है , दुखी है । सैलाना में किसान आंदोलन से घबराकर मुख्यमंत्री को सैलाना आना पड़ा । और किसानों को झूठे लॉलीपॉप दिए । शहर अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता एक्टिव हो गया है , वार्ड लेवल से लेकर बूथ लेवल तक हमारी कमेटी बन गई है । नगर निगम भी जीतेंगे और विधानसभा भी जीतेंगे ।

इस अवसर पर सभी ने एक मत से वोटर लिस्ट में भाजपा द्वारा की जा रही गड़बड़ी पर जिला प्रशासन को चेतावनी दी । भूरिया ने कहा कि कहां की अधिकारी भाजपा के एजेंट बनकर काम कर रहे हैं । संजय दत्त ने बताया कि हरियाणा, महाराष्ट्र , बिहार में कांग्रेस जीत रही थी , दो तिहाई बहुमत की बात थी , लेकिन वोट चोरी करके चुनाव जीत गए । अब हमें सजग रहना है । रतलाम जिले में वोट चोरी के भाजपा के षड्यंत्र को नाकाम करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को ताकत लगाना है । बैठक में चंद्रशेखर शर्मा , रामचंद्र धाकड़ , राजेश भरावा , दिलीप कुमावत , प्रदीप राठौर , ओम प्रकाश पाटीदार , भेरुलाल परमार , यासमीन शेरानी , राजेश पटेल रजनीकांत व्यास , सोहेल काजी , नरेंद्र चंन्र्दावत , सुरेश डिंडोर , सलीम बागवान , ओमप्रकाश पाटीदार आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किये ।

इस अवसर पर पूर्व विधायक पारस सकलेचा, पूर्व शहर अध्यक्ष महेंद्र कटारिया , प्रदेश कार्यकारिणी सचिव युसूफ कडपा , सह प्रभारी हरदेव जाट , मंदसौर प्रभारी मनोज राजानी , प्रभु राठौड़ , मेहमूद शेरानी , शांतु गवली , मंगल पाटीदार , महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम चाहर , वंदना पुरोहित , आशा रावत , प्रदेश महिला सेवादल अध्यक्ष संगीता कांकरिया , राकेश सोलंकी, मंगलेश कसेरा,आदि उपस्थित थे

रतलाम,
केन्द्रीय रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने 31 जनवरी 2026 को इंदौर प्रवास के दौरान इंदौर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की तथा रतलाम मंडल द्वारा किये जा रहे निर्माण कार्यों एवं यात्री सुविधा से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता से करने हेतु निर्देशित किया। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कंस्ट्रक्शन कार्यालय में आयोजित बैठक में इंदौर स्टेशन रीडेवलपमेंट सहित क्षेत्र में चल रहे विभिन्न रेलवे विकास एवं निर्माण कार्यों पर पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में स्टेशन रीडेवलपमेंट की प्रगति, यात्री सुविधाओं के विस्तार, संरचनात्मक कार्यों, समयबद्ध निष्पादन एवं गुणवत्ता नियंत्रण जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर माननीय सांसद इंदौर शंकर लालवानी द्वारा माननीय मंत्री को इंदौर क्षेत्र में रेलवे के अंतर्गत संचालित प्रमुख विकास एवं निर्माण परियोजनाओं के संबंध में अवगत कराया गया। इसमें इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन, इंदौर–खंडवा रेल खंड का आमान परिवर्तन, इंदौर-मनमाड नई रेल लाइन, इंदौर – बुधनी नई रेल लाइन सहित अन्य प्रगतिरत परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति के साथ-साथ लगभग 75 वर्ष पुराने शास्त्री ब्रिज के पुनर्निर्माण के प्रस्ताव पर चर्चा की गई तथा क्षेत्र की भविष्य की आवश्यकताओं पर भी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।”

माननीय सोमन्ना ने इंदौर स्टेशन रीडेवलपमेंट एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, जिससे यात्रियों को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक(इंफ्रा) अक्षय कुमार एवं मुख्य इंजीनियर(निर्माण), सहित रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

Bharat24x7News Online: Latest News