उज्जैन,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का मध्यप्रदेश आगमन हम सबके लिए गर्व का विषय है। प्रदेश की आर्थिक राजधानी और लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की नगरी इंदौर में राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु का आत्मीय स्वागत और अभिनंदन है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु की इंदौर में अगवानी के बाद मीडिया से चर्चा में यह विचार व्यक्त किए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह प्रसन्नता का विषय है कि राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु प्रदेश के सफल चीता प्रोजेक्ट का अवलोकन करेंगी। वे सिकलसेल एनीमिया की चुनौती का सामना करने के लिए राज्य सरकार द्वारा विकसित रणनीति के क्रियान्वयन से भी अवगत होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु की बैतूल में प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में सहभागिता से आध्यात्मिक और स्वयंसेवी संस्थाओं को भी प्रोत्साहन प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों की ओर से राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि उनका आगमन प्रदेश के लिए उत्साह उमंग बढ़ाने वाला होगा।
उज्जैन,
कलेक्टर कार्यालय भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटे में उज्जैन जिले में औसत 4.4 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। इसमें महिदपुर तहसील में 04, झारडा में 08 और तराना में 28 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।
रतलाम
सैलाना द्वारा थाना सैलाना पर रिपोर्ट दर्ज करवाई गई कि उसे अपने मित्रों के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि बांसवाड़ा रोड स्थित नर्सिंग कॉलेज के सामने, कोटड़ा रोड पर खेत के किनारे एक गाय का कटा हुआ सिर (जिसमें दो सींग लगे हुए थे), दो कटे हुए पैर तथा चमड़ी पड़ी हुई है। इस पर फरियादी ने अपने साथियों को भी मौके पर बुलाया। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गौवंश की निर्दयतापूर्वक हत्या कर उसकी गर्दन, पैर एवं चमड़ी को अलग कर वहीं फेंक दिया गया था। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सैलाना में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 201/2026, धारा 4, 9 म.प्र. गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रकरण के सफल एवं समय-सीमा में खुलासे हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उनके कुशल नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), सैलाना नीलम बघेल के सतत मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सैलाना निरीक्षक पिंकी आकाश के सक्षम नेतृत्व में थाना सैलाना की एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से मुआयना करते हुए तकनीकी एवं मुखबिर सूत्रों के माध्यम से समानांतर रूप से विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस की सजगता एवं सूझबूझ का परिणाम यह रहा कि विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर अत्यंत कम समय में ही दो संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया। पुलिस की प्रभावी पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना को कारित करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त वाहन को भी तत्काल जप्त किया गया। प्रकरण में आगे की विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है तथा आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही करते हुए न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया जाएगा।
Bharat24x7News Online: Latest News