03/Mar/2022,
- सैलाना (निप्र) अगर किसी शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था फायर ब्रिगेड का ही रास्ता अवरुद्ध करने लगे, तो फिर भगवान भरोसे ही उस शहर को राहत मिल पाएगी। नगर की दम तोड़ती यातायात व्यवस्था ने अब तक तो केवल राहगीरों, दो पहिया व चार पहिया वाहन चालकों का ही रास्ता अवरुद्ध किया था पर अब तो फायर ब्रिगेड भी इस बदहाली का शिकार होने लगी है। गुरुवार को एक स्थान पर आगजनी की घटना में आग बुझाने जा रही फायर ब्रिगेड को ही कुछ देर रुकना पड़ा। बाद में आसपास के लोगों ने वाहन हटाकर फायर ब्रिगेड के लिए रास्ता बनाया। सौभाग्यवश आगजनी की घटना बड़ी नहीं थी। इसलिए हादसा टल गया।
लंबे समय से है यह स्थिति- लंबे समय से नगर की यातायात व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है। खासकर मुख्य मार्ग पर बेतरतीब पड़े छोटे-बड़े वाहन अनेक स्थानों पर रास्ता अवरुद्ध करते नजर आते हैं। कई बार तो स्थिति ऐसी भी बन जाती है कि छोटे चौपहिया वाहन चालकों को उतरकर अपने लिए खुद रास्ता बनाना पड़ता है। छोटे वाहनों को हटाकर फिर चार पहिया वाहन चालक आगे बढ़ पाते हैं।
ये भी पीछे नहीं-
ऐसा नहीं है कि सिर्फ छोटे दो पहिया वाहन ही रास्ता अवरुद्ध कर रहे हो। बल्कि मुख्य मार्ग व अन्य मार्गों पर दुकानदार भी अपना सामान इस कदर फैला कर व्यवसाय करते हैं कि यातायात व्यवस्था सुधर ही नहीं पाती है। प्रशासन कभी कभार एकाध दिन मुहिम चलाकर सड़क पर रखे सामान समेटकर चेतावनी देकर अपने कर्तव्य की इतिश्री कर लेता है। और दूसरे दिन फिर वही आलम, मुख्य मार्ग पर जब तक स्थाई कर्मी की तैनाती नहीं होती है तब तक बदहाल यातायात अव्यवस्था का आलम यही रहेगा। जरूरत इस बात की है मुख्य मार्ग पर चाहे पुलिसकर्मी हो, चाहे नगर पंचायत कर्मचारी उसकी दिनभर यह ड्यूटी रहे कि वह छोटे-मोटे अतिक्रमण व बेतरतीब खड़े वाहनों को हटवा कर टोका टोकी करता रहे।
बड़ी दुर्घटना टली-
गुरुवार को नगर के बायपास पर एक स्थान पर आग लगने की सूचना पर जब फायर ब्रिगेड पहुंचने लगी तो मुख्य मार्ग पर रास्ते में फायर ब्रिगेड का रास्ता ही इस समस्या से अवरुद्ध हुआ। बहरहाल लोगों ने रास्ता बना कर फायर ब्रिगेड को आगे जाने दिया। हालांकि आगजनी बड़ी नहीं थी इसलिए हादसा टल गया।
भारी वाहन गुजरते हैं बायपास से-
यात्री बसें और अन्य भारी वाहन तो दिनभर बायपास से गुजरते हैं। केवल छोटे चारपहिया वाहन, ट्रैक्टर ट्राली व दुपहिया वाहन ही नगर के मुख्य मार्गो से गुजरते हैं। उसके बाद भी प्रशासन स्थिति को नियंत्रित नहीं कर पा रहा है। इस व्यवस्था को शर्मनाक ही कहा जाएगा।
सुधरवाएंगे यातायात व्यवस्था-
शीघ्र ही नगर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए थाना प्रभारी और सीएमओ नगर परिषद को निर्देश दिए जाएंगे कि मुख्य मार्गों पर स्थाई रूप से एक कर्मी को तैनात किया जाए। जिसकी टोका टोकी की वजह से नगर की बेतरतीब यातायात व्यवस्था में सुधार आए।
कामनी ठाकुर एसडीएम सैलाना