रतलाम
मप्र बटालियन एनसीसी, रतलाम द्वारा वार्षिक प्रशिक्षण शिविर 24 मई से 02 जून तक शासकीय एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, सैलाना में आयोजित किया जा रहा है। शिविर में कमान अधिकारी कर्नल राघवेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में एवं प्रशासनिक अधिकारी कर्नल संदीप अहलावत के निर्देशन में प्रतिदिन प्रातः सैन्य विषय के प्रशिक्षण अन्तर्गत शस्त्र प्रशिक्षण, फायरिंग, नेवीगेशन, टेन्ट पिंचिंग, कवायद, मेप रीडिंग इत्यादि विषयों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी के साथ ही प्रतिदिन विभिन्न प्रकार के मोटिवेशनल एवं सुरक्षात्मक विषयो पर व्याख्यान कैडेटस को दिए जा रहे है।
व्याख्यान माला की इसी कढ़ी में आर्मी भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल मोहित कुमार जैन द्वारा शिविर में उपस्थित 550 कैडेटस को बताया कि अग्निवीर भर्ती के लिए किस प्रकार तैयारी की जावे ताकि अधिक से अधिक एनसीसी कैडेटस को इसका लाभ मिल सकें। कर्नल जैन द्वारा बताया गया कि एनसीसी ’’ए’’ ’’बी’’ तथा ’’सी’’ प्रमाण-पत्र धारी को विशेष अंको का लाभ प्रदान किया जाता है। उनके द्वारा बताया गया कि भारत सरकार द्वारा प्रांरभ की गई अग्निवीर भर्ती योजना युवाओं के लिए राष्ट्र सेवा एवं उज्जवल भविष्य के लिए एक सुनहरा अवसर है। इस योजना के माध्यम से युवाओं को भारतीय सेना में चार वर्ष तक सेवा करने का अवसर प्राप्त होता है जिससे उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं देश भक्ति की भावना का विकास होता है।
कर्नल जैन द्वारा बताया गया कि अग्निवीरों की सेवा अवधि के दौरान आकर्षक वेतन एवं आधुनिक सैन्य प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है और चार वर्ष की सेवा पूर्ण होने उन्हें सेवानिधी पैकेज भी प्रदान किया जाता है जिससे वे आगे की पढाई, व्यवसाय अथवा रोजगार में लाभ प्राप्त कर सकें। उक्त अग्निवीरों में से अपनी सेवा के दौरान श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले अग्निवीरों को सेना द्वारा नियमित भी किया जाता है। इसके अलावा केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा विभिन्न भर्तीयों जैसे पुलिस, पैरामिलिट्री सेना, शिक्षा, राजस्व तथा रेल्वे आदि में भूतपूर्व अग्निवीरों हेतु विशेष कोटा एवं सीटे प्रदान की जाती है। वर्तमान में कई बहुराष्ट्रीय कंपनीयो द्वारा भी भूतपूर्व अग्निवीरों के लिए विशेष रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहै है। अग्निवीर योजना देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के साथ-साथ आत्मनिर्भर और सक्षम नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करती है।
रतलाम
आगामी सिंहस्थ-2028 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा प्रदेशभर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किए जाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसी क्रम में विशेष शाखा पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार रतलाम जिले में पदस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रत्येक सप्ताह सतत 06 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम चरण का शुभारंभ आज दिनांक 01 जून 2026 को पुराने पुलिस कंट्रोल रूम रतलाम में पुलिस उप महानिरीक्षक रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।
इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक निमिष अग्रवाल ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सिंहस्थ विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से पहुंचते हैं। ऐसे विशाल आयोजन में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से गंभीरता एवं समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि सिंहस्थ-2028 के दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण एवं आपदा प्रबंधन जैसी चुनौतियों का प्रभावी समाधान प्रशिक्षित एवं दक्ष पुलिस बल के माध्यम से ही संभव है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आधुनिक पुलिसिंग, तकनीकी संसाधनों एवं आपातकालीन परिस्थितियों के प्रभावी प्रबंधन हेतु तैयार करना है।

रतलाम जिले में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विभिन्न चरणों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण दिनांक 01 जून 2026 से 06 जून 2026 तक संचालित होगा, जिसमें जिले के कुल 66 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण शुभारंभ कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, उप पुलिस अधीक्षक यातायात आनंद स्वरूप सोनी, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षक उप पुलिस अधीक्षक सुश्री अनिशा जैन, निरीक्षक तूरसिंह डाबर, निरीक्षक रंजीत सिंगार, निरीक्षक प्रभाकर पाराशर, निरीक्षक वेदप्रकाश वर्मा, उपनिरीक्षक कुलदीप देथलिया, सूबेदार अनोखीलाल परमार, सूबेदार मोनिका सिंह ठाकुर एवं उपनिरीक्षक राजा तिवारी द्वारा विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण में मुख्य रूप से संदिग्ध गतिविधियों की पहचान एवं रोकथाम, मेला क्षेत्र में चेकिंग एवं निगरानी व्यवस्था, शाही स्नान प्रबंधन, वीआईपी मूवमेंट, यातायात प्रबंधन, आपातकालीन एवं आपदा प्रतिक्रिया, वायरलेस एवं रेडियो संचार व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, कानून व्यवस्था प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
रतलाम पुलिस द्वारा सिंहस्थ-2028 के सफल आयोजन हेतु पुलिस बल को दक्ष, प्रशिक्षित एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल निरंतर जारी रहेगी।
रतलाम
विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से ₹2.15 लाख की ठगी का मामला, हिमाचल प्रदेश से आरोपी गिरफ्तार, जिलेभर में फरार आरोपियों, स्थाई वारंटियों एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु “ऑपरेशन क्लीन” अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत थाना स्टेशन रोड पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। टीम द्वारा धोखाधड़ी के एक प्रकरण में पिछले लगभग 08 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। फरियादी हिमांशु प्रजापति निवासी गायत्री नगर, कानीपुरा, उज्जैन द्वारा थाना स्टेशन रोड रतलाम पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम पर आरोपीगण द्वारा उससे धोखाधड़ी कर कुल ₹2,15,000/- की राशि प्राप्त की गई। फरियादी के अनुसार मर्चेंट नेवी की परीक्षा देने के दौरान उसकी मुलाकात सुरेन्द्र जाट नामक व्यक्ति से हुई, जिसने उसे कम खर्च में मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। बाद में सुरेन्द्र जाट ने अपने साथी महेश पाटीदार से मिलवाया, जिसने प्रशिक्षण एवं विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर फरियादी से नकद एवं बैंक खातों के माध्यम से कुल ₹2.15 लाख रुपये प्राप्त किए। आरोपियों द्वारा न तो नौकरी दिलाई गई और न ही राशि वापस की गई। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना स्टेशन रोड रतलाम में अपराध क्रमांक 564/2019 धारा 420, 34 भादवि के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। प्रकरण में लगातार पतारसी एवं तकनीकी विश्लेषण के दौरान थाना स्टेशन रोड पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा फरार आरोपी की तलाश जारी रखी गई। टीम को प्राप्त तकनीकी सूचना एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी नमन शर्मा पिता राजकुमार शर्मा, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम कडावो, थाना डेहरा, जिला कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी से प्रकरण के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है तथा अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों एवं धोखाधड़ी से संबंधित तथ्यों की जांच जारी है।
सराहनीय भूमिका–
उक्त कार्रवाई में थाना स्टेशन रोड पुलिस एवं साइबर सेल रतलाम की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Bharat24x7News Online: Latest News