रतलाम।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला रतलाम द्वारा महर्षि श्री अरविंद जी की जयंती पखवाड़े के अंतर्गत जिला स्तरीय व्याख्यानमाला का आयोजन रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड एडवांस्ड स्टडीज, सालाखेड़ी कैंपस रतलाम पर किया गया।
व्याख्यानमाला का उद्देश्य महर्षि श्री अरविंद के स्वतंत्रता संग्राम में क्रांतिकारी योगदान, उनके जीवन दर्शन, शिक्षा संबंधी विचारों एवं राष्ट्र निर्माण की अवधारणा को जनमानस, विशेषकर युवाओं तक पहुंचाना था। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती, महर्षि श्री अरविंद एवं श्री माँ के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर रॉयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन श्री प्रमोद गुगालिया ने सभी अतिथियों का शॉल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत किया ।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला रतलाम के जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए स्वागत उद्बोधन दिया। व्याख्यानमाला में बीकानेर राजगुरु निर्वाण पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर परम पूज्य स्वामी श्री विशोकानंद भारती जी महाराज ने राष्ट्रभक्ति एवं आध्यात्म के माध्यम से राष्ट्र निर्माण विषय पर युवाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि महर्षि श्री अरविंद के जीवन में राष्ट्रभक्ति और आध्यात्म का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना को अपनाकर सशक्त राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनें। अखण्ड ज्ञान आश्रम के स्वामी संत श्री देव स्वरूपानंद जी महाराज ने कहा कि महर्षि श्री अरविंद का जीवन आत्मविकास के साथ राष्ट्र और समाज के विकास की प्रेरणा देता है। उनका शिक्षा दर्शन व्यक्ति के शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करता है। रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल ने कहा कि महर्षि श्री अरविंद ने ऐसे भारत की कल्पना की थी, जिसमें युवा अपनी प्रतिभा, संस्कार और राष्ट्रीय चेतना के माध्यम से देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि भौतिक प्रगति के साथ हमारी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक जड़ों को मजबूत बनाए रखना आवश्यक है। न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रतलाम के श्री नीरज पवैया ने महर्षि श्री अरविंद के विचारों को नागरिक कर्तव्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ते हुए कहा कि जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला होता है। अरविंद सोसायटी से प्राध्यापक सुश्री ऋतम् उपाध्याय ने कहा कि महर्षि श्री अरविंद का शिक्षा दर्शन युवाओं के व्यक्तित्व के समग्र विकास पर आधारित है। उनके विचार विद्यार्थियों को केवल रोजगार के लिए नहीं, बल्कि संवेदनशील, संस्कारित, जागरूक और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।पर्यावरणविद एवं जिला जन अभियान समिति, रतलाम के पूर्व उपाध्यक्ष श्री अशोक पाटीदार ने महर्षि श्री अरविंद के प्रकृति एवं मानव जीवन के समन्वय संबंधी विचारों का उल्लेख करते हुए त्रिवेणी वन रोपण अभियान की जानकारी दी तथा पर्यावरण संरक्षण एवं पौधरोपण का संदेश दिया।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी की बीके सविता दीदी ने महर्षि श्री अरविंद के आत्मचेतना और सकारात्मक जीवन संबंधी विचारों पर प्रकाश डालते हुए नशामुक्त भारत निर्माण के लिए “10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा” अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।कार्यक्रम में महर्षि श्री संजय शिवशंकर दवे महर्षि अरविंद सोसायटी के चेयरमैन श्री सतीश पंडया एवं रॉयल ग्रुप के डायरेक्टर डॉ. उबेद अफजल सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के उपरांत महाविद्यालय परिसर में उपस्थित विद्यार्थियों एवं नागरिकों को नशामुक्ति एवं स्वैच्छिकता की शपथ दिलाई गई। साथ ही एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत त्रिवेणी के पौधों का रोपण भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री महावीरदास बैरागी द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन रॉयल कॉलेज प्रशासन के प्रोफेसर श्री दिनेश राजपुरोहित द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखण्ड समन्वयक मुकेश कटारिया, निर्मल अमलियार, शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, रतनलाल चरपोटा एवं विजयेश राठौड़ रॉयल कॉलेज के शिक्षा विभाग के प्राचार्य डॉ. आर. के. अरोड़ा, प्रबंधन विभाग के प्राचार्य डॉ. प्रवीण मंत्री, कॉमर्स विभागाध्यक्ष डॉ. अमित शर्मा, लाइफ साइंस विभागाध्यक्ष प्रो कपिल केरोल, कम्प्यूटर विभाग की विभाग प्रमुख प्रो. दीपिका कुमावत एवं नर्सिंग कॉलेज की उप-प्राचार्य ज्योत्सना सोलंकी सहित बड़ी संख्या में नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, सीएमसीएलडीपी के छात्र, समिति पदाधिकारी, रॉयल कॉलेज के विद्यार्थी एवं स्टॉफ, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद् एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

रतलाम।
जिले में महिला एवं बालिका सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) द्वारा गंभीर अपराधों पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर श्री राकेश पंद्रो एवं एसडीओपी सैलाना रतलाम सुश्री नीलम बघेल के मार्गदर्शन में थाना बाजना पुलिस द्वारा वर्ष 2024 के अपहरण एवं दुष्कर्म के प्रकरण में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त करते हुए 2 वर्ष से फरार आरोपी बादर उर्फ बहादुर उर्फ बादरू पिता सवजी खडीया उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम फेरा डूंगरी थाना पाटन जिला बांसवाड़ा राजस्थान को अपराध क्रमांक 584/24 धारा 142, 64,87 B.N.S. में गिरफ्तार किया गया है। उक्त आरोपी की गिरफ्तारी पर श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय के द्वारा 5000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था।दिनांक 29.10.2024 को पीड़िता के पिता के द्वारा पीड़िता दिनांक 27.10.2024 से गुम होने के संबंध में थाना बजाना पर गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी जिस पर कार्यवाही करते हुए दिनांक 6.11.2024 को पुलिस के द्वारा पीड़िता को तलाश कर दस्तयाब किया गया दस्तयाब करने के पश्चात पीड़िता के कथन लेख किए गए तब पीड़िता के द्वारा बताया गया कि आरोपी बादर उर्फ बहादुर खड़िया के द्वारा जबरदस्ती डरा कर अपने साथ शादी करने के लिए उसके गांव फेरा डूंगरी पाटन राजस्थान ले जाया गया और जंगल में एक झोपड़ी में चार दिन तक बंद रखकर उसके साथ गलत कृत्य किया गया। कथनों के आधार पर थाना बजाना पर अपराध क्रमांक 584/2024 धारा 142,64,87 बीएनएस का पंजीकृत किया।
सराहनीय भूमिका–उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी बाजना निरीक्षक रविंद्र दंडोतिया , उ.नि. रामसिंह खपेड़, उ.नि.दीपक डामोर प्र.आर. जीवन सोलंकी, आरक्षक दरबार, शंकर शिंदे, प्रकाश सिंगाड का सराहनीय योगदान रहा।
रतलाम
संबल 2.0 योजना अंतर्गत जिले के कुल 75 श्रमिक परिवारों को 1 करोड़ 58 लाख रुपये की सहायता राशि का वितरण किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 24 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल 2.0) योजना अंतर्गत 9 हजार से अधिक श्रमिक परिवारों को 203 करोड़ रुपये की अनुग्रह सहायता राशि का वितरण सिंगल क्लिक के माध्यम से किया गया।रतलाम जिले के कुल 75 श्रमिक परिवारों को 1 करोड़ 58 लाख रुपये की सहायता राशि का वितरण किया गया। जिला स्तर पर कार्यक्रम NIC कक्ष में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं संबल योजना के हितग्राही ने उपस्थित होकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उद्बोधन सुना एवं देखा।

रतलाम
आबकारी विभाग और ड्रग इंस्पेक्टर रोज प्रभावी कार्यवाही करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी । नारकोटिक्स रोकथाम बैठक में कलेक्टर ने जताया कड़ा असंतोष, कहा—अगली बैठक में कार्रवाई का पूरा हिसाब लेकर आएं। जिले में नारकोटिक्स एवं अन्य नशीले पदार्थों की रोकथाम तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर अजय कटेसरिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अपर कलेक्टर बृजेंद्र कुमार रावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।क्या किसी ने इन विभागों की कार्रवाई देखी, सुनी या पढ़ी है कलेक्टर ने जताया कड़ा असंतोष। बैठक के दौरान कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने आबकारी विभाग एवं ड्रग इंस्पेक्टर की कार्रवाई पर कड़ा असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों विभागों की कार्रवाई प्रभावी और लगातार दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कार्रवाई यदि हो भी रही है तो वह जनता के बीच दिखाई नहीं दे रही है।
कलेक्टर ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों से सवाल किया, “क्या किसी ने इन विभागों की कार्रवाई होते हुए देखी है, किसी ने सुना है या कहीं पढ़ा है?” इस पर बैठक में कोई भी अधिकारी जवाब नहीं दे सका। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसी स्थिति स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रतिदिन सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और उसका प्रभाव भी दिखाई देना चाहिए। इस तरह की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी।

ड्रग इंस्पेक्टर से मांगा अगस्त माह की कार्रवाई का पूरा रिकॉर्ड, कलेक्टर ने ड्रग इंस्पेक्टर को निर्देश दिए कि अगस्त माह के दौरान विभाग द्वारा की गई सभी कार्रवाई का विस्तृत विवरण तत्काल प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा कि अगली समीक्षा बैठक में सबसे पहले इसी विषय पर चर्चा होगी और यह बताया जाएगा कि कितनी कार्रवाई की गई तथा उसके क्या परिणाम रहे। कलेक्टर ने आबकारी विभाग को भी निर्देश दिए कि अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने पुलिस एवं संबंधित विभागों को मादक पदार्थों की तस्करी के हॉटस्पॉट क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफेमा अधिनियम सहित उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के तहत प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा नशीले पदार्थों की तस्करी पर सख्ती से अंकुश लगाया जाए। उन्होंने स्कूलों में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाने, व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा आरटीओ के माध्यम से बसों में नशामुक्ति संबंधी फ्लेक्स एवं बैनर लगाने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक नशे के दुष्प्रभावों का संदेश पहुंच सके।
रतलाम
दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट के विरुद्ध कार्रवाई, मावा-घी सामग्री जप्त। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा द्वारा जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आलोट क्षेत्र के ग्राम शेरपुर खुर्द स्थित श्री कृष्णा दूध डेयरी एवं मावा भंडार पर कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान भैंस के दूध, घी, मावा तथा घी एवं मावा में मिलाए जाने वाले वनस्पति के नमूने लिए गए। मिलावट की आशंका के चलते मौके से 58 किलोग्राम घी, अनुमानित मूल्य 31 हजार 900 रुपए, 150 किलोग्राम मावा, अनुमानित मूल्य 30 हजार रुपए तथा 10 किलोग्राम वनस्पति, अनुमानित मूल्य 1 हजार 400 रुपए जप्त किया गया। जप्त सामग्री को जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक सुरक्षित रखा गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा लिए गए सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जाएंगे। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
Bharat24x7News Online: Latest News