जिले में नशा मुक्ति के लिए मुंबई के मनोचिकित्सक डॉक्टर आशीष देशपांडे के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग द्वारा चर्चा की गई,
रतलाम 6 जून 2020/ रतलाम जिले में नशा मुक्ति के लिए मुंबई के प्रख्यात मनोचिकित्सक डॉक्टर आशीष देशपांडे के साथ शनिवार को रतलाम के धर्मगुरुओं, न्यायधीशगणों, डॉक्टर तथा अधिकारियों द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा चर्चा की गई। वीसी में डॉ. देशपांडे ने मुंबई से चर्चा करते हुए रतलाम जिले में नशा मुक्ति, रिहैबिलिटेशन सेंटर स्थापना आदि बिंदुओं पर उपयोगी मार्गदर्शन देते हुए उनकी ओर से पूर्ण सहयोग देने हेतु आश्वस्त किया।
जिला न्यायालय परिसर में विधिक सहायता कक्ष से संपन्न वीसी में विशेष न्यायाधीश दीपक गुप्ता, मुख्य अतिथि के रूप में द्वितीय अपर जिला न्यायाधीश साबिर अहमद खान एवं अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दशरथ पाटीदार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। शहर काजी अहमद अली, सिख समाज के गुरनामसिंह, ब्राह्मण समाज के पातीराम शर्मा, ईसाई समाज से सैमसंग दास, सलीम आरिफ, जिला विधिक सहायता अधिकारी पूनम तिवारी, उपसंचालक सामाजिक न्याय एस.एस. चौहान, मनोरोग चिकित्सक डॉक्टर निर्मल जैन, विजय शर्मा, आशीष पाठक, विधिक सेवा स्टाफ, पैरालीगल वालंटियर उपस्थित थे।
डॉक्टर आशीष देशपांडे ने मुंबई से बोलते हुए नशा मुक्ति उपचार के संबंध में अपनाई जाने वाली 12 स्टेप प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति में समाज की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने चिकित्सालय में नशा मुक्ति चिकित्सा के लिए आवश्यक सुविधाएं तथा इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी मार्गदर्शन दिया।
आयोजित वीसी मीटिंग में न्यायधीश दीपक गुप्ता ने कहा कि नशेड़ी व्यक्ति समाज से खुद को पृथक मान लेते हैं, उनमें विचार शून्यता की स्थिति पैदा हो जाती है। उनको मुख्यधारा में सम्मिलित करने के लिए ठोस प्रयास आवश्यक है। इसके साथ ही उन्हें रोजगार दिए जाकर व्यस्त भी रखना आवश्यक होता है ताकि पुनः नशे की धारा में नहीं लौटे।
द्वितीय अपर जिला न्यायाधीश साबिर अहमद खान ने भी डॉक्टर देशपांडे से चर्चा करते हुए कहा कि नशा मुक्ति हेतु आवश्यक है कि नशा करने वाला स्वयं को पीड़ित माने तभी उसका पूर्ण उपचार संभव हो पाता है। जिले में नशा मुक्ति के क्षेत्र में न्यायिक सेवा द्वारा पूर्ण सहयोग एवं सहभागिता की जाएगी। इस कार्य में धर्मगुरुओं का सहयोग भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। मनोरोग चिकित्सक डॉ. निर्मल जैन ने जिले में नशा मुक्ति के लिए की जा रही कार्रवाई की जानकारी डॉक्टर देशपांडे को दी।
जिला विधिक सहायता अधिकारी पूनम तिवारी द्वारा नालसा (नशा पीड़ितों को विधिक सेवाएं एवं नशा उन्मूलन के लिए विधिक सेवाएं) योजना 2015 एवं मध्यस्थता जागरूकता के अंतर्गत आयोजित वीसी कार्यक्रम में गहन विचार-विमर्श किया गया कि नशा पीड़ितों के लिए चलाई जा रही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जिले में नशा पीड़ितों को किस प्रकार सहायता पहुंचाई जा सकती है तथा नशा मुक्ति की बुराई को दूर करने के लिए किस प्रकार प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है। आए हुए अतिथियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा वृक्षारोपण हेतु पौधे भी वितरित किए गए। इस अवसर पर मध्यस्थता जागरूकता कार्यक्रम भी संपन्न हुआ जिसमें प्रकरणों के आपसी सहमति के आधार पर सुलह कराने के प्रयास में तेजी लाने हेतु चर्चा की गई।


गणमान्य नागरिकों की बैठक आयोजित की गई,
भारत सरकार तथा राज्य शासन द्वारा जारी गाइड लाइन से कलेक्टर द्वारा अवगत कराया गया,
रतलाम 6 जून 2020/ शनिवार को शहर के गणमान्य नागरिकों की एक बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर रुचिका चौहान द्वारा भारत सरकार तथा राज्य शासन द्वारा धार्मिक स्थलों के संबंध में जारी की गई गाइड लाइन से अवगत कराया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, शहर काजी अहमद अली, स्वामी देवस्वरूपानंदजी महाराज, मनोहर पोरवाल, विष्णु त्रिपाठी, अपर कलेक्टर जमुना भिड़े, महेंद्र गादिया, सलीम आरिफ, एसडीएम लक्ष्मी गामड़, तहसीलदार गोपाल सोनी आदि उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने बताया कि धार्मिक स्थल खोलने के संबंध में रविवार को जिला संकट प्रबंधन समूह की बैठक आयोजित की जाकर चर्चा एवं विचार विमर्श उपरांत अंतिम रूप से निर्णय लिया जाकर आमजन को अवगत कराया जाएगा। बैठक में कलेक्टर द्वारा धार्मिक स्थलों पर कोरोना से बचाव तथा संक्रमण फैलने से रोकने के लिए शासन द्वारा जारी गाइड लाइन एवं विभिन्न दिशा निर्देशों की जानकारी दी गई।
10 जून तक रोजगार सेतु पोर्टल पर पंजीयन करायेंगे
रतलाम 6 जून 2020/ कोरोना महामारी के कारण रोजगार की समस्या के साथ-साथ जीविका चलाने की भी समस्या उत्पन्न हो गई है। मध्यप्रदेश शासन द्वारा इस समस्या से निजात पाने के लिए रोजगार सेतु पोर्टल बनाया गया है। जिले में विभिन्न राज्यों से वापस लौटे 11025 प्रवासी श्रमिकों का विभिन्न ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों द्वारा 27 मई से 6 जून तक सर्वे किया जाकर प्रवासी श्रमिक पोर्टल पर पंजीयन किया गया है।
जिले के विभिन्न नियोक्ता जैसे उद्योग, कारखाना, भवन निर्माता, श्रमिक ठेकेदार, प्लेसमेंट एजेंसी, दुकान, माल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, नगरीय निकाय, जल संसाधन विभाग, पीडब्ल्यूडी, पीआईयु, म.प्र. विद्युत वितरण कम्पनी, प्रधानमंत्री सडक, म.प्र. सडक विकास प्राधिकरण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, रेलवे ठेकेदार, खनिज विभाग आदि द्वारा 10 जून तक रोजगार सेतु पोर्टल पर पंजीयन कराया जाना म.प्र. शासन द्वारा निर्धारित किया गया है।
पंजीयन कराने के उपरान्त उनको भविष्य में किसी भी प्रकार के श्रमिकों की आवश्यकता होने पर रोजगार सेतु पोर्टल जिले में उपलब्ध पंजीकत प्रवासी श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया जा सकता है।
कोरोना संक्रमण रोकने के लिए कॉन्ट्रेक्ट ट्रेसिंग पर विशेष ध्यान दें,
रोजगार सेतु अभियान के अंतर्गत 13 लाख 67 हजार प्रवासी मजदूरों की मैपिंग
मुख्यमंत्री चौहान ने कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की,
रतलाम शनिवार, जून 6, 2020
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना की रिकवरी रेट निरंतर बढ़ रही है। प्रदेश में कोरोना का संक्रमण रोकने के लिए कॉन्ट्रेक्ट ट्रेसिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए। सारी/आई.एल.आई मरीजों का सर्वे किया जाए तथा फीवर क्लीनिक को सुदृढ़ करें। हमें किसी भी हाल में प्रदेश में कोरोना संक्रमण को बढ़ने से रोकना है।
मुख्यमंत्री चौहान ने बताया कि प्रदेश में प्रवासी मजदूरों को रोजगार दिए जाने तथा कुशल प्रवासी मजदूरों को उनके कौशल के अनुसार रोजगार दिलवाए जाने के लिए रोजगार सेतु अभियान के अंतर्गत अभी तक प्रदेश के 13 लाख 67 हजार प्रवासी मजदूरों की मैपिंग कर ली गई है। इसमें प्रवासी मजदूर तथा उनके परिवार शामिल हैं।
मुख्यमंत्री चौहान मंत्रालय में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान, प्रमुख सचिव संजय शुक्ला उपस्थित थे। रतलाम एनआईसी कक्ष में इस अवसर पर कलेक्टर रुचिका चौहान पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी सीईओ जिला पंचायत संदीप केरकेट्टा मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ संजय दीक्षित सीएमएचओ डॉ प्रभाकर ननावरे आदि उपस्थित थे
अस्पताल आने में विलंब न करें
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि लोगों को जागरूक किए जाने की आवश्यकता है कि वे बीमारी को छुपाएं नहीं, तुरंत अस्पताल आकर इलाज लें। विलंब से अस्पताल पहुंचने पर कोरोना घातक हो सकता है। रतलाम जिले की समीक्षा में पाया गया कि वहां 2 कोरोना मरीजों के काफी देर से अस्पताल आने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने रतलाम जिले में नेगेटिव पॉजिटिव मरीजों की संख्या उपचार तथा अन्य कार्रवाई से मुख्यमंत्री को अवगत कराया कलेक्टर ने बताया कि कोरोना मरीजों पहचान के लिए जिले में सघन सर्वेक्षण किया जा रहा है
मुख्यमंत्री चौहान ने बताया कि प्रदेश की कोरोना रिकवरी रेट 66.2 प्रतिशत हो गई है, जबकि देश की रिकवरी रेट 47.8 प्रतिशत है। प्रदेश की पॉजिटिविटी रेट 4.68 प्रतिशत है, जबकि देश की 5.24 है
मनरेगा में गत वर्ष की तुलना में दोगुना से अधिक कार्य
एसीएस मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि मनरेगा के अंतर्गत गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष दोगुना से अधिक मजदूरों को कार्य दिया जा चुका है। इस वर्ष 24 लाख 95 हजार 962 मजदूरों को कार्य दिया गया है जबकि गत वर्ष 11 लाख 98 हजार मजदूरों को इस अवधि तक कार्य दिया गया था।


कलेक्टर रुचिका चौहान ने शनिवार रात्रि जावरा पहुंचकर कंटेंटमेंट एरिया बनाए गए क्षेत्रों का निरीक्षण किया इस दौरान गाड़ी खाना तथा पठान टोली में कलेक्टर अधिकारियों के साथ पहुंची
Bharat24x7News Online: Latest News