Breaking News

मध्यप्रदेश सरकार ने किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं, प्रशिक्षणरत एमपी ट्रांसको के नव नियुक्त अभियंताओं ने ली कार्यस्थल सुरक्षा की शपथ, पुलिस की बड़ी कार्रवाई 14.70 लाख रुपये की एमडीएमए एवं डोडाचूरा सहित दो आरोपी गिरफ्तार,

रतलाम 

प्रदेश में अब किसानों से मूंग उपज का उपार्जन 25% के स्थान पर 60% तक किया जाएगा। किसानों की सुविधा के लिए स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 तथा मूंग उपार्जन की अंतिम तिथि 20 अगस्त 2026 तक बढ़ा दी गई है।

ई-टोकन के माध्यम से खाद वितरण व्यवस्था में आ रही व्यावहारिक समस्याओं को देखते हुए, आवश्यक सुधार होने तक इसे तत्काल प्रभाव से स्थगित किया गया है। साथ ही, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के निर्देश पर उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है, जो ई-टोकन व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधारों के संबंध में अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी।

किसान संगठनों के साथ मंत्री समूह की बैठक में लिए गए इन महत्वपूर्ण निर्णयों का उद्देश्य किसानों को अधिकतम लाभ सुनिश्चित करना है। मध्यप्रदेश सरकार किसानों के कल्याण और उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

उज्जैन,

मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के नव नियुक्त जूनियर इंजीनियरों के लिए राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण संस्थान (एनपीटीआई), बदरपुर, नई दिल्ली में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कार्यस्थल सुरक्षा को समर्पित शपथ ग्रहण सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में ट्रांसमिशन सिस्टम के ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस, ग्रिड प्रबंधन, परियोजना क्रियान्वयन, नेतृत्व विकास, संचार कौशल, विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा सहित विभिन्न तकनीकी एवं व्यावसायिक विषयों पर विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।इसी क्रम में आयोजित एक सत्र में देश के प्रख्यात पावर इंजीनियर एवं ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञ डॉ. राजेश अरोरा ने प्रशिक्षु अभियंताओं को एमपी ट्रांसको की जीरो एक्सीडेंट पॉलिसी के अनुरूप सुरक्षित कार्य संस्कृति के महत्व से अवगत कराया।

तकनीकी दक्षता के साथ सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता जरूरी

डॉ. अरोरा ने कहा कि विद्युत क्षेत्र में तकनीकी दक्षता के साथ सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने एक्स्ट्रा हाई टेंशन सब स्टेशनों और ट्रांसमिशन लाइनों में कार्य करते समय सुरक्षा मानकों, निर्धारित प्रक्रियाओं एवं सर्वोत्तम कार्य पद्धतियों के पालन पर विशेष बल दिया।सत्र के दौरान डॉ. अरोरा ने प्रशिक्षु अभियंताओं को कार्यस्थल सुरक्षा की शपथ दिलाई। अभियंताओं ने अपने सेवाकाल में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, सभी सुरक्षा नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन करने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

विभिन्न विषयों में पारंगत हो रहे हैं एमपी ट्रांसको के नए इंजीनियर

एमपी ट्रांसको के मुख्य अभियंता (मानव संसाधन एवं प्रशासन)  धीरेंद्र सिंह ने बताया कि 60 नव नियुक्त जूनियर इंजीनियरों के बैच के लिए आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उन्हें ट्रांसमिशन क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों, ऑपरेशनल प्रक्रियाओं तथा पेशेवर दायित्वों से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है, जिससे वे भविष्य में कंपनी के ट्रांसमिशन सिस्टम के विश्वसनीय, कुशल एवं सुरक्षित संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।

रतलाम 

पुलिस अधीक्षक  के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण एवं एसडीओपी आलोट के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी बरखेड़ाकलां पतिराम डावरे के नेतृत्व में थाना बरखेड़ाकलां पुलिस टीम द्वारा को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए एवं डोडाचूरा के साथ गिरफ्तार किया गया है।  थाना बरखेड़ाकलां

पुलिस बल द्वारा चंबल पुलिया, बरखेड़ाकलां पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध मादक पदार्थ लेकर जा रहे हैं।
मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा गया। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ बरामद हुए। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध थाना बरखेड़ाकलां पर अपराध क्रमांक 144/2026, धारा 8/15, 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

एमडीएमए — 147 ग्राम, अनुमानित कीमत ₹14,70,000
डोडाचूरा — 2 किलो 104 ग्राम, अनुमानित कीमत ₹31,560
घटना में प्रयुक्त काले रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक MP-14-MZ-7586, अनुमानित कीमत ₹50,000 इस प्रकार पुलिस द्वारा कुल लगभग ₹15.51 लाख रुपये कीमत का मादक पदार्थ एवं मशरूका जप्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से मादक पदार्थों की तस्करी एवं सप्लाई से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है।

रतलाम पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी अथवा परिवहन से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

 

Check Also

श्री योगींद्र सागर कॉलेज मे नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित,

🔊 Listen to this रतलाम, योगिन्द्र सागर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस कॉलेज, मियामी द्वारा …