रतलाम,
02 नवंबर 2022,
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर रतलाम मुख्यालय पर भव्य आयोजन हुआ। कलेक्ट्रेट परिसर में आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के उद्बोधन का सीधा प्रसारण देखा सुना गया। इस अवसर पर विधायक चेतन्य काश्यप, विधायक दिलीप मकवाना, महापौर प्रहलाद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष लाला बाई, जनपद पंचायत अध्यक्ष साधना जायसवाल, प्रदीप उपाध्याय, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, पार्षद निशा पवन सोमानी, गोविंद काकानी, निर्मल कटारिया, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, नागरिक आदि उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक चेतन कश्यप ने अपने उद्बोधन में कहा कि मध्यप्रदेश के निर्माण में कई संस्कृतियों का योगदान है। इसमें मालवा निमाड़ महाकौशल आदि अनूठी संस्कृतियां सम्मिलित है। प्रदेश में अनेक महापुरुषों और विभूतियों ने जन्म लिया है। वर्तमान में प्रदेश को विकास के नए आयाम देने वाले दूरदृष्टि वाले प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का नेतृत्व है इस कारण मध्यप्रदेश देश में तेजी से विकसित होने वाला राज्य बन गया है। कश्यप ने कहा कि रतलाम जिला भी विकास के पथ पर तेजी से दौड़ रहा है। आने वाले समय में रतलाम और अधिक विकसित होने की तैयारी में है। विधायक दिलीप मकवाना ने कहा कि मध्य प्रदेश सतत विकास के पथ पर अग्रसर है। लगातार प्रगति कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा विकास के नित नए कार्य किए जा रहे हैं। महापौर प्रहलाद पटेल ने अपने उद्बोधन में मध्य प्रदेश के सतत विकास के संबंध में तथ्यात्मक जानकारी दी। कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बालिका अवनी उपाध्याय ने देशभक्ति से परिपूर्ण गीत प्रस्तुत किया। इस दौरान विधायक चैतन्य काश्यप द्वारा उपस्थित जनों को नशा मुक्ति के संबंध में शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन आशीष दशोत्तर ने किया।