रतलाम
हरियाली अमावस्या पर मंगलवार को शिवगढ़ रोड स्थित भाई-बहन की पहाड़ी पर त्रिवेणी वन रोपण अभियान का शुभारंभ हुआ। पद्मश्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता तथा शिवगंगा अभियान, झाबुआ के संस्थापक महेश शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में संतों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों एवं समाजजन की उपस्थिति में पहली त्रिवेणी (वट, पीपल और नीम) का मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजन के साथ रोपण किया गया।
त्रिवेणी वन रोपण बिरसा मुंडा सामाजिक सेवा समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता पूजन से हुआ। इस अवसर पर निर्वाणी अखाड़ा पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद भारती, अखंड ज्ञान आश्रम के संत स्वामी देवस्वरूपानंद महाराज, पद्मश्री महेश शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक तेजराम मांगरोदा, राजू महाराज एवं समिति के अशोक पाटीदार सहित अन्य अतिथि मंचासीन रहे।

मनुष्य स्वयं प्रकृति का हिस्सा है महेश शर्मा मुख्य अतिथि पद्मश्री महेश शर्मा ने कहा कि मनुष्य प्रकृति से अलग नहीं, बल्कि उसका अभिन्न हिस्सा है। प्रकृति का संरक्षण वास्तव में मानव जीवन का संरक्षण है। भारतीय संस्कृति में प्रकृति के प्रति आभार और उसके संरक्षण की भावना सदियों से रही है। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता के माध्यम से प्रकृति संरक्षण को व्यापक जनआंदोलन बनाया जा सकता है। उन्होंने आह्वान किया कि लोग केवल एक त्रिवेणी लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि प्रत्येक शुभ अवसर को वृक्षारोपण से जोड़ते हुए निरंतर त्रिवेणी रोपित करें। त्रिवेणी का आध्यात्मिक महत्व बताया आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद महाराज ने कहा कि त्रिवेणी का भारतीय आध्यात्मिक परंपरा में विशेष महत्व है। यहां केवल पौधा लगाने का कार्य नहीं, बल्कि त्रिवेणी वन के निर्माण का संकल्प लिया गया है, जो समाज और प्रकृति दोनों के लिए कल्याणकारी है।

स्वामी देवस्वरूपानंद महाराज सहित संतों के आशीर्वचन से आयोजन को आध्यात्मिक आधार मिला। संतों ने त्रिवेणी वनम को हरित एवं प्रेरणादायी स्थल के रूप में विकसित करने के संकल्प को नई शक्ति प्रदान की। अभियान की कार्ययोजना प्रस्तुत इससे पूर्व पद्मश्री महेश शर्मा का स्वागत रायसिंह, राजेश कटारिया एवं राकेश मोदी ने किया। स्वामी विशोकानंद का स्वागत जिला संघचालक सुरेंद्र सुरेका ने तथा स्वामी देवस्वरूपानंद का स्वागत नगर संघचालक राजेश पटेल ने किया। विभाग संघचालक तेजराम मांगरोदा का स्वागत विम्पी छाबड़ा एवं प्रीतेश गादिया तथा राजू महाराज का स्वागत सुनीता छाजेड़ एवं प्रवीण रामावत ने किया। सोनाक्षी चावड़ा ने सामूहिक वंदे मातरम् का गायन किया।त्रिवेणी वन रोपण बिरसा मुंडा सामाजिक सेवा समिति के अशोक पाटीदार ने ‘त्रिवेणी वनम्’ अभियान की आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत की। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक परिवारों, सामाजिक संस्थाओं एवं नागरिकों को त्रिवेणी रोपण से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। त्रिवेणी से वनम् तक का लिया संकल्प आयोजन के दौरान वट, पीपल और नीम का सामूहिक रोपण पर्यावरण संरक्षण, छाया, जैव विविधता एवं पक्षियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना गया। अभियान में केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि रोपे गए पौधों के संरक्षण एवं देखभाल पर भी विशेष जोर दिया गया। क्रम में हार्टफुलनेस संस्था के जोनल को-ऑर्डिनेटर संजय खंडेलवाल ने संस्था की गतिविधियों तथा प्रकृति एवं समाज के प्रति उसके दृष्टिकोण की जानकारी दी। इस दौरान मंचासीन अतिथियों एवं समाजजन ने त्रिवेणी रोपण में सहभागिता की। आभार प्रीतेश गादिया ने व्यक्त किया।

रतलाम
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 के अंतर्गत ‘‘अर्फोडेबल हाउस इन पार्टनरषिप (एएचपी) घटक’’ में डोसीगांव स्थित परियोजना में वित्तीय वर्ष 2019-20 के दौरान कुल 396 ईडब्ल्यूएस (1 बीएचके) आवासों का निर्माण कराया गया। प्रत्येक आवास की कुल लागत 7.85 लाख रूपये निर्धारित की गई, जिसमें 1.50 लाख रूपये केंद्रांश, 1.50 लाख रूपये राज्यांश 2.85 लाख रूपये निगम अंशदान तथा 2.00 लाख रूपये हितग्राही अंशदान निर्धारित किया गया। शहर स्थित शिवशंकर कॉलोनी एवं प्रकाश नगर स्लम बस्ती, जो रेलवे की भूमि पर अतिक्रमण कर स्थापित थी, को पुनर्वास हेतु उक्त योजना में सम्मिलित किया गया। सर्वेक्षण उपरांत पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार कर कुल 396 हितग्राहियों का चयन किया गया, जिसे तत्कालीन कलेक्टर महोदय द्वारा अनुमोदित किया गया। वित्तीय वर्ष 2020-21 में रेलवे प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही प्रारंभ की गई। हितग्राही से निर्धारित हितग्राही अंशदान के विरुद्ध 10 प्रतिशत मार्जिन मनी रूपये 20,000/- जमा कराई गई। इसमें से रूपये 10,000/- प्रति हितग्राही की राशि माननीय विधायक महोदय द्वारा अपने फाउंडेशन के माध्यम से अनुकंपा स्वरूप उपलब्ध कराई गई तथा शेष राशि हितग्राहियों द्वारा जमा कराई गई। साथ ही, हितग्राही अंशदान की शेष राशि रूपये 1.80 लाख जमा कराने हेतु संबंधित को अस्थायी आवंटन पत्र जारी किया ताकि हितग्राही शासन से अधिकृत पंजाब नेशनल बैंक के माध्यम से ऋण सुविधा उपलब्ध कराया जा सके। रिकॉर्ड अनुसार कुल 396 हितग्राहियों में से 166 हितग्राहियों द्वारा बैंक ऋण प्राप्त किया गया, 20 हितग्राहियों द्वारा संपूर्ण शेष राशि एकमुश्त जमा की गई, जबकि 208 हितग्राहियों द्वारा आज दिनांक तक न तो बैंक ऋण प्राप्त किया गया एवं न ही निर्धारित हितग्राही अंशदान की शेष राशि जमा की गई। यह भी उल्लेखनीय है कि बैंक से ऋण प्राप्त करने वाले 166 हितग्राहियों में से अधिकांश द्वारा समय पर ऋण किश्तों का भुगतान नहीं किए जाने के कारण उनके ऋण खाते एनपीए (नॉन परर्फोमिंग एसेट) घोषित हो गए। फलस्वरूप बैंक द्वारा शेष हितग्राहियों के ऋण प्रकरणों पर भी स्वीकृति प्रदान करने में असमर्थता व्यक्त की जा रही है, जिससे योजना का उद्देश्य प्रभावित हुआ है। उक्त 208 हितग्राहियों द्वारा बिना निर्धारित हितग्राही अंशदान जमा किए विगत लगभग 6 वर्षों से आवासों पर अनधिकृत रूप से कब्जा कर निवास किया जा रहा है। उक्त अवैध अतिक्रमणधारियों को हटाने हेतु वर्ष 2021 में तत्कालीन आयुक्त महोदय द्वारा पुलिस अधीक्षक महोदय को पत्र क्रमांक/590/पीएमएवाय/लेटर/
रतलाम
भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला रतलाम द्वारा आयोजित तिरंगा वाहन रैली के समापन अवसर पर भव्य मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर जीने रतलाम जिले के युवाओं से राष्ट्रभक्ति की भावना को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अनुकूल सोनी ने मंचासीन सभी अतिथियों का तिरंगा दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। श्री सोनी ने स्वागत भाषण के माध्यम से कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों एवं रतलाम जिले की 5 विधानसभा के 25 मंडलों से बड़ी संख्या में उपस्थित युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने रैली में शामिल सभी युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि कार्यक्रम के पश्चात यह सुनिश्चित करें कि किसी भी प्रकार से राष्ट्रध्वज तिरंगे का अपमान न हो। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि रैली में उपलब्ध कराए गए तिरंगे को 15 अगस्त को अपने घर पर सम्मानपूर्वक सबसे ऊँची जगह पर फहराएं तथा सदैव तिरंगे की गरिमा एवं सम्मान का विशेष ध्यान रखें कार्यक्रम को रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री श्री विप्लव जैन ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने युवाओं से राष्ट्रहित एवं संगठन के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, आर.डी.ए. अध्यक्ष मनोहर पोरवाल,उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बजरंग पुरोहित, शैलेन्द्र डागा, जिला महामंत्री जयवंत कोठारी, पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष संदीप यादव, सैलाना की पूर्व विधायक संगीता चारेल, अजजा मोर्चा प्रदेश महामंत्री दिलीप मकवाना एवं अजजा मोर्चा जिला अध्यक्ष गोविंद डामोर सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सौरभ रांका ने किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। तिरंगे के साथ निकली भव्य वाहन रैली और मंच से दिए गए राष्ट्रभक्ति के संदेश ने पूरे आयोजन को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

उज्जैन
प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल शनिवार 15 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह में कार्यक्रम स्थल दशहरा मैदान पर ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे और उज्जैन की जनता को संबोधित करेंगे। उल्लेखनीय है कि सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य स्तर के साथ ही जिला, जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय रूप से आयोजित करने के लिए परिपत्र जारी किया है। स्वतंत्रता दिवस पर कार्यक्रमों की रूपरेखा स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को राज्य स्तर, जिला, जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर कार्यक्रम होंगे। जिला स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 9:00 बजे से किया जाएगा, जिसमें प्रभारी मंत्री श्री टेटवाल द्वारा ध्वजारोहण पश्चात राष्ट्रगान का गायन किया जाएगा एवं परेड की सलामी ली जाएगी। मुख्यमंत्री डाँ.यादव द्वारा स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन प्रातः 9:25 से 9:55 बजे तक किया जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण राज्य स्तरीय मुख्य समारोह, भोपाल से जिला स्तर पर किया जाएगा। जिला स्तरीय समारोह में बधाई संदेश का वाचन किया जाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। जनपद पंचायत मुख्यालय में जनपद अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा तथा समारोह में सामूहिक राष्ट्रगान गाया जाएगा। ऐसी नगर पालिका/नगर परिषद जिनका मुख्यालय ब्लाक मुख्यालय पर नहीं है, उनमें अध्यक्ष, नगर पालिका/नगर परिषद द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा और समारोह में राष्ट्रगान गाया जाएगा। साथ ही पंचायत मुख्यालय में सरपंच द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा और समारोह में राष्ट्रगान गाया जाएगा। जिले से संबंधित सभी संसद सदस्य , विधायक गण, महापौर, पार्षद एवं अन्य गणमान्य नागरिकों को सम्मान पूर्वक स्वतंत्रता दिवस समारोह में आमंत्रित किया जाएगा। सभी शासकीय कार्यालयों/शिक्षण संस्थाओं में पूर्व वर्ष अनुसार प्रातः 8:00 बजे या उसके पूर्व ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। बाद में सांस्कृतिक/साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी शिक्षण संस्थाओं में मौसम का ध्यान रखते हुए प्रभातफेरी का आयोजन किए जाने के लिए कहा गया है। विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कॉलेज/स्कूल में खेल कूद, अन्य प्रकार के कौशलों का प्रदर्शन अन्तर्विद्यालय, अन्तर महाविद्यालय स्तर पर वाद विवाद प्रतियोगिताएं, 15 अगस्त के महत्व पर चुने हुए छात्र-छात्राओं द्वारा वार्ता, राष्ट्रीय एकता, लघु बचत, जनसंख्या स्थिरीकरण, स्वच्छता अभियान एवं पुरस्कारों/ प्रमाण पत्रों / मेडल आदि जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वृक्षारोपण का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम को प्रभावी रूप से सम्पन्न कराने में वन विभाग का आवश्यक सहयोग प्राप्त किया जाएगा। स्कूल/कालेजों में जिला/संभाग एवं राज्य स्तर पर राष्ट्रीय एकता के समूह गान आयोजित किये जायेंगे। जिला मुख्यालयों पर स्वतंत्रता दौड का आयोजन किया जाएगा। विभिन्न समारोहों में ध्वनि विस्तार यंत्र (लाउड स्पीकर) का उपयोग किया जायेगा और उस पर देशभक्ति से प्रेरित गीत का प्रसारण किया जाएगा। विभिन्न समाचार पत्रों में स्वतंत्रता दिवस पर जारी किए जाने वाले विज्ञापनों को स्वतंत्रता संग्राम के संदेशों पर केन्द्रित किया जाएगा एवं विज्ञापनों को इस प्रकार नियोजित किया जाएगा कि 15 अगस्त 2026 को प्रदेश के समाचार पत्रों में शहीदों तथा विशेष रूप से मध्यप्रदेश के शहीदों के सम्बन्ध में संदेश प्रसारित हो। कार्यक्रमों में प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाएगी। शासकीय भवनों एवं इमारतों में की जायेगी प्रकाश की व्यवस्था स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर प्रदेश में स्थित समस्त शासकीय भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व की इमारतों पर 14 एवं 15 अगस्त 2026 की रात में प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। शहीद हुए सैनिकों के परिवारों को किया जायेगा आमंत्रित सामान्य प्रशासन विभाग ने निर्देश दिए हैं कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल में शहीद हुए सैनिकों के परिवारों एवं प्रदेश के लोकतंत्र सेनानियों को सम्मान पूर्वक आमंत्रित किया जाए एवं वृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को जिला कलेक्टर अथवा उनके द्वारा नामित प्रतिनिधि घर जाकर शाल, श्रीफल से सम्मानित करेगें।
रतलाम
रतलाम शहर में चोरी, लूट एवं झपट्टा मार की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा वारदातों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए रतलाम पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना माणकचौक पुलिस ने झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन लूटने वाली भरतपुर (राजस्थान) की महिला गैंग की 07 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। फरियादी पुष्पा पोरवाल, निवासी रतलाम द्वारा रिपोर्ट की गई कि अज्ञात आरोपी द्वारा झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन निकाल ली गई। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना माणकचौक में अपराध क्रमांक 423/2026, धारा 304(2) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो तथा नगर पुलिस अधीक्षक रतलाम सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माणकचौक निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। गठित पुलिस टीम द्वारा घटना के संबंध में त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्तरों पर पतारसी एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान एवं तलाश की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए भरतपुर (राजस्थान) की झपट्टा मार महिला गैंग की कुल 07 महिलाओं को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार सभी आरोपी महिलाएं ग्राम रुदीकरण, थाना चिकसाना, तहसील एवं जिला भरतपुर, राजस्थान की निवासी हैं। प्रकरण की विवेचना के दौरान आरोपियों की भूमिका एवं आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित तथ्यों के सामने आने पर प्रकरण में धारा 61(2) बीएनएस का इजाफा किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से झपट्टा मार की अन्य घटनाओं, उनके आपराधिक नेटवर्क तथा रतलाम सहित अन्य जिलों में की गई वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। प्रकरण में विवेचना जारी है।
सराहनीय भूमिका–
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान, थाना प्रभारी माणकचौक रतलाम, उप निरीक्षक शांतिलाल चौहान, सहायक उप निरीक्षक गोरचंद परमार, प्रधान आरक्षक राजसिंह, प्रधान आरक्षक विजय झोड़िया, प्रधान आरक्षक मनोज चौधरी, महिला प्रधान आरक्षक कान्ता कटारा, आरक्षक अविनाश मिश्रा, आरक्षक हेमन्त यादव, प्रधान आरक्षक रितेश पाटीदार, प्रधान आरक्षक मुकेश ओसारी, महिला आरक्षक वर्षा पाटीदार, महिला आरक्षक रीमा चंदेल, महिला आरक्षक भारती पंवार एवं महिला आरक्षक वर्षा कैथावस की सराहनीय भूमिका रही।
Bharat24x7News Online: Latest News