Breaking News

राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने किया क्रीड़ा-भारती की अन्तर प्रान्तीय बैठक का समापन-पूछताछ काउंटरों के संचालन को आउटसोर्स करने वाला पश्चिम रेलवे का पहला मंडल बना रतलाम

रतलाम

राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने किया क्रीड़ा-भारती की अन्तर प्रान्तीय बैठक का समापन, क्रीड़ा-भारती की अन्तर प्रान्तीय बैठक के रुप में क्रीड़ा-भारती के कोषाध्यक्षों का एक दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग वैशाली गार्डन में सम्पन्न हुआ। इसका समापन क्रीड़ा-भारती के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने किया। तीन सत्रों में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग के दौरान राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मिलिंद डांगे ने विभिन्न प्रांतों से आए कोषाध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया।

कोषाध्यक्ष प्रशिक्षण वर्ग में पुणे, अहमदाबाद, कोंकण, जयपुर, जबलपुर, सौराष्ट्र, भीलवाड़ा, जोधपुर, कोटा, इंदौर, ग्वालियर के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस दौरान अहमदाबाद से नितेश कुमार, कोंकण से सतीश मोरेश्वर जोशी, यज्ञेश्वर बागराव, जयपुर से कैलाश शर्मा, प्रदीप शर्मा, राकेश शर्मा, जबलपुर से प्रकाश विस्पुते, अनंत दीघे, सौराष्ट्र से अशोक गांधी, भीलवाड़ा से शिवनारायण सोनी, कोटा से बालमुकुन्द, ग्वालियर से प्रकाश श्रीवास्तव, इंदौर से विजय भावे आदि उपस्थित रहे। पारदर्शिता, प्रामाणिकता से कार्य करे कोषाध्यक्ष, क्रीड़ा-भारती कोषाध्यक्ष प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने विभिन्न प्रांतों से आए कोषाध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि संस्था में अध्यक्ष, महामंत्री के साथ कोषाध्यक्ष का पद महत्वपूर्ण होता है। कोषाध्यक्ष पारदर्शिता और प्रामाणिकता से कार्य करें तो संस्था में कार्यकर्ताओं का मनोबल बड़ता है। कार्य की सुदृढ़ता के लिए वर्तमान समय में अधिक से अधिक तकनीक का उपयोग किया जाना चाहिए। श्री काश्यप ने रतलाम में प्रतिवर्ष क्रीड़ा भारती और चेतन्य काश्यप फाउण्डेशन द्वारा आयोजित होने वाले खेल चेतना मेला की सफलता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 25 वर्षों से हो रहे इस आयोजन ने खेलों के प्रति चेतना का जो कार्य किया है वह प्रदेश ही नहीं देश के अन्य प्रांतों में भी अनुसरण हो रहा है।

रतलाम

पूछताछ काउंटरों के संचालन को आउटसोर्स करने वाला पश्चिम रेलवे का पहला मंडल बना रतलाम, 20 जुलाई से मंडल के 9 प्रमुख स्टेशनों पर 24 घंटे उपलब्ध रहेगी आधुनिक पूछताछ सेवा, रेल कर्मचारी अब अपनी मूल जिम्मेदारियां निभाएंगे,पश्चिम रेलवे का रतलाम मंडल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उपलब्ध मानव संसाधनों का अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है। मंडल ने अपने 9 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर स्थित 10 पूछताछ काउंटरों के संचालन को आउटसोर्स करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही रतलाम मंडल इस व्यवस्था को लागू करने वाला पश्चिम रेलवे का पहला मंडल बन जाएगा।20 जुलाई, 2026 से इंदौर, रतलाम, उज्जैन, दाहोद, नीमच, चित्तौड़गढ़, देवास, नागदा तथा डॉ. अंबेडकर नगर रेलवे स्टेशनों पर पूछताछ केंद्रों का संचालन हैदराबाद की मेगा कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा चौबीसों घंटे किया जाएगा। इसके लिए निविदा प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी का चयन कर लिया गया है तथा कार्यादेश भी जारी कर दिया गया है।कार्य प्रारंभ होने से पहले एजेंसी के सभी कर्मचारियों को रेलवे के पूछताछ केंद्रों के संचालन, यात्री सहायता एवं संबंधित प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण और त्वरित सेवा मिल सके।वर्तमान में इन पूछताछ काउंटरों पर टिकट चेकिंग एवं रिजर्वेशन कैडर के 37 रेल कर्मचारी कार्यरत हैं। यहां मुख्य रूप से यात्रियों को आमने-सामने जानकारी देना, कोच गाइडेंस डिस्प्ले का संचालन तथा ट्रेनों की घोषणाएं (अनाउंसमेंट) जैसे गैर-नकद कार्य किए जाते हैं। दूसरी ओर टिकट चेकिंग कैडर में बड़ी संख्या में रिक्त पद होने के कारण इन कर्मचारियों की आवश्यकता ट्रेनों और टिकट जांच कार्यों में महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए मंडल प्रशासन ने पूछताछ केंद्रों के संचालन को आउटसोर्स करने का निर्णय लिया।मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्‍वनी कुमार के मार्गदर्शन में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्रीमती हिना वी. केवलरामानी के नेतृत्व में मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री राजेश मथुरिया तथा मुख्य वाणिज्य निरीक्षक श्री मिक्‍की सक्‍सेना ने इस परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की। आवश्यक अनुमोदन प्राप्त करने के बाद निविदा प्रक्रिया पूरी की गई और निर्धारित समय सीमा में एजेंसी का चयन कर लिया गया।पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार एजेंसी द्वारा सभी स्टेशनों पर लगभग 40 प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। प्रत्येक कर्मचारी के पास संबंधित कार्य का कम से कम एक वर्ष का अनुभव होगा तथा स्थानीय भाषा के साथ-साथ हिंदी और अंग्रेजी का भी अच्छा ज्ञान होगा।

आउटसोर्स कर्मचारी यात्रियों को प्रत्यक्ष पूछताछ सुविधा उपलब्ध कराने, स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की जानकारी देने, कोच एवं ट्रेन इंडिकेटर बोर्ड संचालित करने, स्वचालित एवं मैनुअल अनाउंसमेंट करने तथा आवश्यकता पड़ने पर दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक यात्रियों की सहायता करने का कार्य करेंगे। इसके साथ ही वे स्टेशन पर यात्रियों की संख्या, फुटफॉल, ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान और प्लेटफॉर्म उपयोग से संबंधित आंकड़ों का संकलन भी करेंगे, जिससे भविष्य में भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी।इस व्यवस्था के लागू होने से टिकट चेकिंग एवं रिजर्वेशन कैडर के कर्मचारियों को उनकी मूल जिम्मेदारियों में लगाया जा सकेगा। इससे ट्रेनों में बिना टिकट जांच स्टाफ वाले कोचों की संख्या कम होगी, टिकट जांच व्यवस्था मजबूत होगी तथा रेलवे के राजस्व में भी सकारात्मक वृद्धि होने की उम्मीद है।रतलाम मंडल की यह पहल यात्रियों को बेहतर सेवा प्रदान करने के साथ-साथ रेलवे के उपलब्ध मानव संसाधनों के अधिक प्रभावी उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। फिलहाल यह व्यवस्था एक वर्ष के लिए लागू की जा रही है तथा इसके परिणामों के आधार पर भविष्य में इसे आगे भी जारी रखने पर विचार किया जाएगा।

Check Also

रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग के विद्यार्थियों ने जीएनएम की बोर्ड परीक्षा में हासिल किए उत्कृष्ट अंक

🔊 Listen to this रतलाम रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग के विद्यार्थियों ने मध्य प्रदेश नर्सेस …