रतलाम
त्रिमूर्ति कान्वेंट हायर सेकेण्डरी स्कूल के संचालन की लापरवाही सामने आई दुर्घटना के संबंध में ज्ञापन।. बता दे कि रतलाम जिले की जावरा में राष्ट्रीय गुजराती बलाई समाज द्वारा ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी रचना शर्मा को देते हुए बताया कि त्रिमूर्ति कान्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल संचालक संदीप सक्सेना जावरा की लापरवाही से विगत दो दिन पूर्व स्कूल संचालक के कहने पर स्कूल का टुर असुरक्षित स्थान पेराडाईज वेली रतलाम जहां पर सुरक्षा का कोई बंदोबश्त नहीं है, पिकनिक मनाने के लिए स्कूल के छोटे छोटे बच्चों को बिना किसी सुरक्षा उपायों के ले जाया गया, जहां पर उपस्थित स्कूल के संचालक स्वयं तथा स्कूल के टीचर्स एवं प्रिंसिपल थे, बच्चों को जानबुझकर पानी में खेलने के लिए भेजा गया। बच्चे जब डुबने लगे तो शिक्षक विजय सिंह राठौर एवं प्रिंस मोदी द्वारा पानी में छलांग लगाकर सभी बच्चों को बचाया गया, आखरी वाले बालक छात्र हर्षित पाटीदार को बचाने में दोंनो शिक्षकों एवं हर्षित पाटीदार की गहरे पानी में जाने के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी। यह है, कि शिक्षक विजयसिंह के परिवार में कमाने वाले एकमात्र व्यक्ति थे, उनके पुत्र पुत्री दोंनो नाबालिग होने के कारण उनका जीवन यापन कैसे चलेगा शिक्षक के पत्नी के अलावा अन्य कोई सदस्य नहीं है। विजय सिंह के परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही काफी दयनीय रही है। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग करते हुए बताया कि शिक्षक विजय सिंह एवं प्रिंस मोदी को अपनी जान की परवाह किए बिना बच्चों को डुबने से बचाने के लिए शहीद का दर्जा दिया जाए।
दोंनो शिक्षको के परिवार के एक-एक सदस्य को शासकीय नौकरी दी जाए। दोनो शिक्षको के परिवार को उचित रूप से आर्थिक सहायता कम से कम 1-1 करोड़ रूपये सहयोग राशि दी जाए। मृतक छात्र हर्षित पाटीदार के परिवार को उचित मुआवजा राशि दी जाये। त्रिमूर्ति काण्वेंट हायर सेकण्डरी स्कूल जावरा के संचालक एवं प्रिंसीपल के विरूद्ध अपराधिक मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्यवाही की जाये, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाएँ घटित न हो। उक्त मांगो का निराकरण जल्द से जल्द किया जाकर पीड़ित को न्याय दिलाया जाए। आगे क्या कहा मांगीलाल राठौर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं वर्तमान कार्यवाहक अध्यक्ष ने सुनिए।
रतलाम
2.495 किलोग्राम MD ड्रग्स की बड़ी खेप जब्त, 02.70 करोड़ का मशरूका बरामद।रतलाम पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कालूखेड़ा पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने विश्वसनीय मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक काले रंग की हुंडई क्रेटा कार क्रमांक RJ 27 CP 3608 से 2.495 किलोग्राम अवैध MD ड्रग्स बरामद की है। बरामद MD ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब ₹2.50 करोड़ तथा तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार की अनुमानित कीमत करीब ₹20 लाख है। इस प्रकार पुलिस द्वारा कुल करीब ₹2.70 करोड़ का मशरूका जप्त किया गया है।
दिनांक 25.08.2026 को चौकी मावता, थाना कालूखेड़ा के उप निरीक्षक एवं चौकी प्रभारी दिनेश राठौर को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक काले रंग की हुंडई क्रेटा कार क्रमांक RJ 27 CP 3608 में लखन पिता भेरुलाल मीणा निवासी भाकरखेड़ी एवं उसके तीन साथी बड़ी मात्रा में MD ड्रग्स लेकर बेहपुर-मंदसौर तरफ से मावता होते हुए रियावन की ओर जाने वाले हैं।
मुखबिर सूचना की गंभीरता को देखते हुए नियमानुसार सूचना दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा पंचों एवं पुलिस बल के साथ रानीगांव फंटे पर नाकाबंदी की गई। कुछ समय बाद मुखबिर द्वारा बताए हुलिए की काले रंग की क्रेटा कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम द्वारा कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार चालक ने वाहन को तेजी से रियावन की ओर भगा दिया। पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपी कार को रियावन से चिपिया होते हुए बिलंदपुर जाने वाले कच्चे रास्ते की ओर ले गए। कच्चा एवं उबड़-खाबड़ रास्ता होने के कारण आरोपियों ने बिलंदपुर-चिपिया के जंगल क्षेत्र में क्रेटा कार छोड़ दी और कार में सवार लखन मीणा, चालक तथा उसके दो अन्य साथी झाड़ियों एवं जंगल की ओर भाग गए। पुलिस टीम द्वारा आसपास के खेतों एवं झाड़ियों में सघन सर्चिंग की गई, लेकिन अंधेरे एवं झाड़ियों का लाभ उठाकर आरोपी फरार होने में सफल रहे। पुलिस टीम द्वारा पंचों की उपस्थिति में छोड़ी गई क्रेटा कार की नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के नीचे हरे रंग की कपड़े की थैली मिली, जिसके अंदर तीन पारदर्शी प्लास्टिक की थैलियां रखी हुई थीं।
इन थैलियों में हल्के भूरे रंग का डल्लीनुमा/क्रिस्टलनुमा पदार्थ पाया गया। पदार्थ की जांच एवं पहचान संबंधी नियमानुसार कार्रवाई के बाद उसे MD ड्रग्स होना पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे से तौल करने पर तीनों पैकेटों में कुल 2 किलो 495 ग्राम MD ड्रग्स पाया गया।
पुलिस द्वारा मादक पदार्थ को पृथक-पृथक पैक कर विधिवत सीलबंद करते जप्त किया गया। प्रकरण में लखन मीणा, क्रेटा कार चालक एवं उसके दो अन्य साथियों के विरुद्ध धारा 8/22 NDPS एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों की पहचान, MD ड्रग्स के स्रोत, सप्लायर, संभावित खरीदार एवं पूरे सप्लाई नेटवर्क के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है।फरार आरोपियों की तलाश हेतु पुलिस टीमों द्वारा संभावित स्थानों पर लगातार दबिश एवं सर्चिंग की जा रही है।
सराहनीय भूमिका–इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक शंकरसिंह चौहान, थाना प्रभारी कालूखेड़ा; उप निरीक्षक दिनेश राठौर, चौकी प्रभारी मावता; प्रधान आरक्षक विजय निनामा, आरक्षक यशवंत जाट, आरक्षक नितीन जोशी, आरक्षक हिम्मतसिंह चौहान, आरक्षक पवन जाट, आरक्षक कमलेश बुनकर, आरक्षक राजपालसिंह, आरक्षक अनिल पाटीदार, आरक्षक लक्ष्मणसिंह एवं महिला आरक्षक योगिता की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
रतलाम
शराब के अवैध कारोबार के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्यावाही,आबकारी अधिनियम के तहत 5 प्रकरण पंजीबद्ध किए। डीईओ आबकारी विभाग विकास मंडलोई ने बताया कि कलेक्टर अजय कटेसरिया के आदेशानुसार आबकारी विभाग ने शराब के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान शुरु कर दिया है।
अभियान के अंतर्गत अवैध शराब विक्रय एवं मदिरापान करने वालों के साथ-साथ शराब दुकानों के आसपास खड़े होकर शराब पीने एवं गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध विभिन्न क्षेत्रों में संचालित कंपोजिट मदिरा दुकानों के आसपास कार्रवाई की गई।
अभियान के अंतर्गत शहर की शराब दुकानों महू बस स्टेण्ड, शहर सराय, सज्जन मिल, बड़बड़, साला खेड़ी, पावर हाउस, स्टेशन रोड आदि क्षेत्रों में सघन चेकिंग की गई। दुकान के आसपास रोड एवं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण कायम किए गए।
शराब दुकानों के आसपास मदिरापान की सुविधा प्रदान करने वाले गुमटी संचालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई तथा गुमटियों को बंद कराया गया। शराब दुकान संचालकों को दुकान पर साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने एवं दुकान के आसपास ग्राहकों द्वारा शराब का सेवन नहीं किए जाने के संबंध में सख्त चेतावनी दी।
अभियान के अंतर्गत चटका ढाबा गांधीनगर, विनोबा नगर, देशी हांडी ढाबा बिरियाखेड़ी, विजिलेंस ढाबा बिरियाखेड़ी एवं जुलवानिया रोड क्षेत्र में कार्रवाई की गई तथा आबकारी अधिनियम के तहत 5 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। डीईओ आबकारी विभाग मंडलोई ने बताया कि ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे ताकि सार्वजनिक स्थलों पर मद्यपान एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
रतलाम
जिले में विभिन्न कार्यालयों में हुई जनसुनवाई अधिकारियों ने सुनी आमजन की समस्याएं/ कलेक्टर अजय कटेसरिया के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के तहत आज जिले में विभिन्न विकेन्द्रीकृत केन्द्रों पर जनसुनवाई आयोजित की गई। प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक आयोजित जनसुनवाई में अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनी तथा प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही की।
नगर पालिक निगम रतलाम क्षेत्र कार्यालय, रतलाम, जावरा, सैलाना एवं आलोट अनुविभाग कार्यालय तथा बाजना एवं पिपलौदा विकासखंड कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित हुई। संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा अन्य विभागीय अधिकारियों द्वारा आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं।

जनसुनवाई में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य, सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, कृषि, विद्युत सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों द्वारा आवेदनों को दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की गई तथा जिन प्रकरणों का निराकरण मौके पर संभव था, उनका निराकरण किया गया।
जनसुनवाई में संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आवेदकों को उनके प्रकरण में की जा रही कार्यवाही से अवगत कराने के लिए भी कहा गया।

रतलाम
युवाओं में खेल भावना, राष्ट्र निर्माण एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘खेले इंडिया संवाद-खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन 27 अगस्त को शा.कला एवं विज्ञान महाविद्यालय तथा स्वामी विवेकानंद शा.वाणिज्य महाविद्यालय में आयोजित होगा कार्यक्रम। प्राचार्य स्वामी विवेकानन्द शासकीय वाणिज्य महाविद्यालय, रतलाम डॉ सतीश माहेश्वरी ने बताया कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष 29 अगस्त को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर इस वर्ष 27 अगस्त 2026 को विशेष कार्यक्रम शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय तथा स्वामी विवेकानंद शासकीय वाणिज्य महाविद्यालय, रतलाम में प्रातः 11 बजे आयोजित किया जाएगा।

जिसमें MY Bharat के स्वयंसेवक, युवा एवं स्थानीय खिलाड़ी सहभागिता करेंगे तथा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संवाद से जुड़ेंगे।इस अवसर पर देश के युवाओं में खेल भावना, राष्ट्र निर्माण एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘खेले इंडिया संवाद-खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी देशभर के युवाओं एवं खिलाड़ियों से सीधे संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 27 अगस्त को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के लगभग 1600 से अधिक स्थानों पर उपस्थित लाखों युवाओं एवं खिलाड़ियों को संबोधित करेंगे।कार्यक्रम के दौरान पिछले 12 वर्षों में देश के स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर में आए बदलावों और भारत के उभरते खेल परिवेश पर विशेष चर्चा की जाएगी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संवाद के पश्चात लगभग 15 मिनट का विशेष संवाद सत्र भी आयोजित होगा, जिसमें MY Bharat स्वयंसेवक एवं स्थानीय खिलाड़ी अपने अनुभव, विचार एवं सुझाव साझा करेंगे।यह आयोजन रतलाम जिले के युवाओं एवं खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के संवाद से जोड़ने, खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण विकसित करने तथा नई ऊर्जा एवं प्रेरणा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।
रतलाम
त्योहारों से पहले खाद्य पदार्थों की जा रही सघन जांच, रक्षा बंधन पर्व को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सैलाना एवं रतलाम शहर के विभिन्न मिष्ठान एवं खाद्य प्रतिष्ठानों से मावा, मिठाई, नमकीन, घी एवं अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
सैलाना में जोधपुर मिष्ठान भंडार, परमार कचौड़ी, रंजित नमकीन एवं मिष्ठान भंडार तथा श्री होरी पैलेस से नमूने लिए गए। वहीं रतलाम शहर में भी विभिन्न प्रतिष्ठानों से मावा, मिठाई, नमकीन, घी एवं मक्खन के नमूने लिए गए। ब्लिंक कॉमर्स से पूजा के घी के नाम पर बिक रहे नवीन पूजा घी, अनुपम पूजा घी एवं दर्शन पूजा घी के नमूने भी लिए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरिया ने बताया कि सभी नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट में नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Bharat24x7News Online: Latest News