रतलाम,
लोकसभा में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्र सरकार का बजट लगातार 9वीं बार प्रस्तुत किया। प्रदेश भाजपा के निर्देश पर जिला मुख्यालय रतलाम में इसका सीधा प्रसारण विधायक जनसंपर्क कार्यालय पर देखा गया। इसमें भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ केंद्रीय बजट को देखने के लिए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप भी उपस्थित रहे। विधायक जनसंपर्क कार्यालय पर बजट प्रसारण को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। मंत्री श्री काश्यप के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल, जिला महामंत्री जयवंत कोठारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण ने बजट का प्रसारण देखा। श्री काश्यप ने केंद्रीय बजट को आम जन के हित का बजट बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी द्वारा प्रस्तुत बजट विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को पूर्ण करने वाला बजट है। बजट में हाईटेक से लेकर लघु एवं मध्यम उद्योग को प्रोत्साहन, महिलाओं का विकास, स्कूली शिक्षा के विकास सहित हर क्षेत्र को महत्व दिया गया है। इसमें रेलवे के हाई स्पीड कॉरिडोर, लॉजिस्टिक सेक्टर सहित बुनियादी संरचनाओं का विकास करके भारत के अगले भविष्य की संकल्पनाओं का आकार दिया गया है। यह बजट विकसित भारत को बनाने वाला बजट है। श्री काश्यप ने कहा प्रधानमंत्री जी द्वारा केंद्रीत गरीब, किसान, युवा एवं महिला सभी का इस बजट में ध्यान रखा गया है। यह जनता का बजट है और जनता को ही समर्पित है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने भी बजट पर कहा कि केंद्रीय बजट सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना को पूरा करने वाला है। इसमें गंभीर बीमारियों के इलाज से लेकर हर वर्ग के कल्याण की कल्पना की गई है और विकास के लिए भी पर्याप्त प्रावधान किए गए है। महापौर प्रहलाद पटेल ने जनहितकारी बजट के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी जी एवं वित्त मंत्री सीतारमण जी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि बजट के प्रावधान दूरदर्शी है। इससे देश को नई दिशा मिलेगी। बजट प्रसारण के दौरान भाजपा के प्रदेश, जिला, मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ पदाधिकारी, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

रतलाम,

उज्जैन,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि संतों की वाणी आज भी समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को इंदौर प्रवास के दौरान संत रविदास जयंती के अवसर पर नगर निगम के झोन कार्यालय क्रमांक-1 में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संत रविदास महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की। इस अवसर पर उन्होंने संत रविदास जी के सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को स्मरण किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता अभियान से जुड़ी ‘स्वच्छता दीदियों’ का पुष्पहार से स्वागत किया और उनके योगदान की सराहना करते हुए अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि इंदौर की स्वच्छता पहचान पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है और इसमें स्वच्छता कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी नागरिकों से संत रविदास के विचारों को आत्मसात करते हुए स्वच्छ, समरस और जागरूक समाज के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक गोलू शुक्ला, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, सुमित मिश्रा आदि भी विशेष रूप से मौजूद थे।
उज्जैन,
जिला महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा भारत सरकार के निर्देशानुसार बाल विवाह को रोकने के लिए 100 दिवसीय विशेष अभियान के अंतर्गत एक प्रभावशाली “नुक्कड़ नाटक” का आयोजन “अनवरत थिएटर ग्रुप” द्वारा किया गया है। समाज की इस कुरीति के विरुद्ध आवाज उठाने और जन-जागरूकता फैलाने के लिए चार धाम मंदिर क्षेत्र एवं श्री महाकाल मंदिर क्षेत्र में नुक्कड़ नाटक आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं समाज में सकारात्मक संदेश देने के लिए आयोजित किया गया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बाल विवाह रोकथाम, बाल संरक्षण, बेटियों की शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में आम नागरिकों को सरल एवं प्रभावी तरीके से जानकारी दी गई। कलाकारों द्वारा जीवंत अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत संदेश को उपस्थित नागरिकों ने सराहा। कार्यक्रम के दौरान जिला किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य विजेंद्र सिंह अरूणिया एवं क्षेत्रीय वार्ड नंबर 33 की पार्षद लीला एवं श्री महाकाल थाने से बाल कल्याण अधिकारी, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी प्रियंका त्रिपाठी, परामर्शदाता मृणाल भिलाला,उषा नायक उपस्थित रहे । कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं एवं बच्चों की सहभागिता उल्लेखनीय रही।

रतलाम
विशनित संस्थान द्वारा प्रकृति योग संगीत त्रिवेणी संगम का दिव्य आयोजन, 25 दिवसीय योग शिविर जीवन रुपांतरण की नीव – पी ओ डूडा अरुण पाठक ने बताया कि नगर की ह्दय स्थली गुलाब चक्कर स्थित विशनित योग संगीत संस्थान के विशाल कुमार वर्मा नित्येन्द्र आचार्य द्वारा भारत के नक्शा प्रदर्शित कर मूल में गुलाब चक्कर की अनुपम छवि लिए प्रकृति योग संगीत त्रिवेणी संगम का सम्मिश्रित आयोजन किया गया। ऐतिहासिक धरोहर पर स्वर्णिम छटा बिखेरने मुख्य अतिथि स्वरूप डॉ. दिव्या पाटीदार, डायरेक्टर – द ग्रोइंग इंडिया फाउंडेशन, Ms. यूनिवर्स सेंट्रल एशिया 2021, Ms. इंडिया 2018 क्वीन आफ गेलेक्सी 2022 विशेष तौर पर उपस्थित होकर सुमधुर गीत प्रस्तुत किया व प्रतिभाओं को सम्मानित कर विचार व्यक्त करते हुए रतलाम जिला प्रशासन जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा मंच प्रदान करने नगर की संस्थाओं द्वारा नव प्रतिभाओं को अवसर देना एक श्रेष्ठतम उपहार हैं ऐसे प्रयास प्रेरणादायी के साथ हमारी कौशलता में निखार लाते हैं।

विशेष अतिथि स्वरूप वरिष्ठ समाजसेवी प्रकाश चंद्र व्यास पतंजलि युवा भारत राज्य प्रभारी प्रेम पुनिया, महावीर इंटरकांटिनेंटल अध्यक्ष डॉ प्रदीप जैन, ब्रह्माकुमारीज बी के मनोरमा दीदी, विजेंद्र सिसोदिया मित्र मंडल द्वारा दिव्या पाटीदार जी का पुष्प माला व पतंजलि प्रकृति योग संगीत सेवा प्रशस्ति पत्र से सम्मान किया गया। दिव्या पाटीदार ने कहा में जहाँ भी रहूँ नियमित योग मेरे जीवन का अमुक हिस्सा है रतलाम में लगने वाले पतंजलि संस्थान द्वारा 15 फरवरी से 25 दिवसीय सहयोग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर जीवन रुपांतरण की नींव मजबूत करेगा और इसमें शामिल होना मेरा परम सौभाग्य होगा।

विशेष तौर पर नव गायकों में डॉ प्रगति गुप्ता, कमल कांत, बीके मनोरमा दीदी, नितिन राउत, विकास वर्मा, लक्की सोलंकी, प्रिंस शुक्ला, उदिता राउत, डॉ शहनाज सैय्यद, ओम प्रकाश बोरीवाल, राजेश बम्बीवाल व बाल गायक दर्शील त्रिवेदी द्वारा तू कितनी अच्छी है माँ गायन प्रस्तुत कर बाल योगी सर्वज्ञ पालीवाल द्वारा कुशल योग प्रदर्शन किया गया। संचालन विशाल कुमार वर्मा ने, आभार नित्येन्द्र आचार्य ने माना।

रतलाम
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा पुलिस वेलफेयर के अंतर्गत एक अनूठी एवं प्रेरणादायी पहल करते हुए आज दिनांक 01.02.2026 को पुलिस परिवार एवं उनके बच्चों के साथ देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत फिल्म बॉर्डर 2 का सामूहिक रूप से आनंद लिया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस कल्याण की भावना को सुदृढ़ करते हुए पुलिस परिवार के साथ खुशियाँ साझा करना, ड्यूटी के तनाव से इतर परिवार के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताना तथा बच्चों में देशभक्ति, कर्तव्यबोध एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना का संचार करना रहा।
पुलिस अधीक्षक द्वारा आज दोपहर में पुलिस वाहन के माध्यम से सभी पुलिस परिजनों एवं बच्चों के साथ आनंद बिग मॉल पहुंचकर फिल्म देखी गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक स्वयं पुलिस परिवार एवं बच्चों के बीच उपस्थित रहे और उनके साथ समय व्यतीत कर उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों में फिल्म को लेकर विशेष उत्साह एवं उल्लास देखने को मिला, वहीं पुलिस परिवारों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत सकारात्मक एवं प्रेरक बताया। कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक रतलाम मोहन भर्रावत, सूबेदार मोनिका ठाकुर सहित पुलिस परिवार के सदस्य एवं बच्चे उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को पुलिस बल के मनोबल एवं पारिवारिक जुड़ाव को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।
रतलाम पुलिस द्वारा भविष्य में भी पुलिस वेलफेयर, पारिवारिक सहभागिता एवं सामाजिक–सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों के कल्याण हेतु इस प्रकार के सकारात्मक प्रयास निरंतर जारी रखे जाएंगे।

Bharat24x7News Online: Latest News