रतलाम
रतलाम, छोटे शहरो के बच्चे भी शिक्षा या अन्य किसी प्रोफेशनल कोर्स मैं पीछे नहीं है यह बात श्री योगीन्द्र सागर इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी एंड साइंस, रतलाम महाविद्यालय के संस्थापक गोपालप्रसाद शर्मा (टंच) बाऊजी ने सभी विद्यार्थियों को सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन के बी.बी.ए तृतीय वर्ष 2025-26 के परीक्षा परिणाम मे सफलता प्राप्त करने पर कही I इस परीक्षा परिणाम मैं श्री योगीन्द्र सागर इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी एंड साइंस महाविद्यालय, रतलाम की छात्रा गौरी पाटीदार पिता नारायण पाटीदार ने 83.50% के साथ प्रथम रैंक प्राप्त की, द्वितीय रैंक पर दो विद्यार्थियों के बीच बराबरी रही अर्पिता जैन पिता अमित जैन 83.30% , निहारिका पांचाल पिता प्रकाश पांचाल 83.30% एवं तृतीय रैंक हिमांशी पटेल पिता श्याम बिहारी पटेल 82% प्राप्त्त कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है । इस अवसर पर महाविद्यालय के निदेशक डॉ लोकेन्द्र विक्रम सिंह ने कहा की संस्था विद्याददाति संपूर्णत्वम को चरितार्थ करते हुए अपने उद्देश्य की और निरंतर अग्रसर है I चेयरमैन भरत शर्मा (टंच), ने बधाई देते हुए कहा कि ऐसे बच्चे दूसरे बच्चों के लिए प्रेरणा स्रोत होते हैं । सहसंचालक उमेश शर्मा, सहसंचालक वरदान शर्मा, डीन एकेडमिक प्रो॰ गोविन्द झंवर, , ने इसका श्रेय शिक्षको और विद्यार्थी की कड़ी मेहनत और लगन को दिया । साथ ही बी.बी.ए. विभाग के प्रभारी प्रो॰रशमी चौहान, प्रो॰ मनीषा राठौर, प्रो॰अंशिता शर्मा एवं प्रो॰ शेलेश शाह एवं समस्त स्टाफ ने इस उपलब्धि के लिए सभी विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाये दी ।




गौरी पाटीदार पिता नारायण पाटीदार 83.50% //// अर्पिता जैन पिता श्री अमित जैन रैंक 2nd – 83.30% //// निहारिका पांचाल पिता श्री प्रकाश जी पांचाल रैंक 2nd – 83.30% //// हिमांशी पटेल पिता श्री श्याम बिहारी पटेल रैंक 3rd -82%

रतलाम
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देशानुसार रतलाम जिले में राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण का अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 30 मार्च 2026 तक दर्ज बंटवारा, नामांतरण एवं सीमांकन के लंबित मामलों का निराकरण 31 मई 2026 तक करने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व अधिकारियों को समयसीमा में प्रकरणों का निराकरण कर हितग्राहियों को संशोधित दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। रतलाम जिले में राजस्व न्यायालयों में विशेष अभियान के तहत सुनवाई एवं आदेश की कार्रवाई तेज कर दी गई है। मुख्यमंत्री के अभियान अंतर्गत कलेक्टर मिशा सिंह द्वारा राजस्व अधिकारियों की बैठक में 31 मई 2026 तक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निर्देशानुसार जिले मे राजस्व अधिकारियों द्वारा ई- गवर्नेस अंतर्गत राजस्व प्रकरणों का आनलाईन त्वरित निराकरण कर हितग्राहियों को समय पर संशोधित दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जावरा एसडीएम सुनील जयसवाल द्वारा बंटवारा, नामांतरण एवं सीमांकन प्रकरणों के आदेशों के अमल उपरांत हितग्राहियों को संशोधित नकलें प्रदान की गईं।

रतलाम
रतलाम में भारत सरकार के जनगणना 2027 जागरूकता अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को देश की पहली डिजिटल जनगणना, स्व-गणना (Self-Enumeration) प्रक्रिया एवं घर-घर आने वाले प्रगणकों को सही जानकारी देने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। नुक्कड़ नाटक में विजय राठौड़, PLV मोहित शर्मा, अर्जुन, श्रेया एवं टीना ने सहभागिता करते हुए लोगों को बताया कि सही जानकारी देने से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचेगा तथा उनकी समस्याओं के समाधान में सहायता मिलेगी। टीम द्वारा लोगों को नकली अधिकारियों और ठगों से सावधान रहने की चेतावनी भी दी गई। नागरिकों से अपील की गई कि जनगणना के नाम पर किसी भी व्यक्ति के साथ अपना OTP, बैंक जानकारी या जरूरी दस्तावेज साझा न करें। कार्यक्रम का उद्देश्य जनगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार सहभागिता के लिए प्रेरित करना रहा।
रतलाम
रतलाम
जिले में गंभीर अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार द्वारा सभी थाना प्रभारियों को गंभीर प्रकरणों में शीघ्र कार्रवाई कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) आलोट सुश्री पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना आलोट पुलिस द्वारा धरोला मेले में हुए मामूली विवाद के बाद युवक को जबरन जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले का मात्र 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 03 आरोपियों एवं 02 विधि विरुद्ध बालकों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है।

फरियादी श्याम सिंह पिता बद्रीसिंह सोंधिया राजपूत उम्र 42 वर्ष निवासी खामरिया द्वारा थाना आलोट पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके भतीजे कृष्णपाल सिंह के साथ धरोला मेले में नाव (झूला) के अंदर थूकने की बात को लेकर आरोपियों से मामूली विवाद हुआ था। उक्त विवाद की रंजिश रखते हुए आरोपी कुलदीप सिंह, युवराज सिंह, गोविंद सिंह एवं उनके साथियों द्वारा कृष्णपाल सिंह को जबरदस्ती जहरीला पदार्थ पिलाया गया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। उपचार हेतु उसे संजीवनी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना आलोट में अपराध क्रमांक 254/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना एवं अन्य सुरागों के आधार पर घटना में शामिल आरोपी कुलदीप सिंह, युवराज सिंह, गोविंद सिंह एवं 02 विधि विरुद्ध बालकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने पर उन्हें विधिसम्मत गिरफ्तार किया गया। मामले में आरोपियों से घटना में प्रयुक्त जहरीले पदार्थ एवं अन्य तथ्यों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपीगण–
1. कुलदीप सिंह पिता पुर सिंह सोंधिया, उम्र 22 वर्ष निवासी मुंज
2. युवराज सिंह पिता पुर सिंह सोंधिया राजपूत, उम्र 18 वर्ष 15 दिन निवासी मुंज
3. गोविंद सिंह पिता अर्जुन सिंह पंवार राजपूत, उम्र 24 वर्ष निवासी मुंज
4. 02 विधि विरुद्ध बालक
सराहनीय भूमिका– उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी आलोट निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम एवं थाना आलोट के समस्त स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
रतलाम
जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं चोरी की घटनाओं के त्वरित निराकरण हेतु पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा सभी थाना प्रभारियों को प्रभावी कार्रवाई एवं तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए गए हैं। थाना औद्योगिक क्षेत्र रतलाम पुलिस द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 लाख रुपये से अधिक की चोरी का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है। फरियादी पुनमचंद पिता स्व. भोगजी खराड़ी भील, उम्र 61 वर्ष निवासी ग्राम सेमलखेड़ा थाना सरवन, हाल मुकाम अष्टापक कॉलोनी सफायर स्कूल के पास बड़बड़ रतलाम द्वारा थाना औद्योगिक क्षेत्र रतलाम पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि अज्ञात बदमाश द्वारा उसके घर से सोने का हार, कान के सोने के लोंग, सोने की बोर, तीन मोबाइल फोन एवं नगदी लगभग ₹30,000/- चोरी कर ली गई है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना औद्योगिक क्षेत्र रतलाम पर अपराध क्रमांक 468/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक अजय सारवान के मार्गदर्शन में में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक गायत्री सोनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। तकनीकी विश्लेषण एवं सतत निगरानी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान सूरज उर्फ सुरेश पिता अमरसिंह चारेल निवासी सिमलावदा थाना बिलपांक, हाल मुकाम छत्रीपुल रतलाम के रूप में की गई। संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी द्वारा चोरी करना स्वीकार किया गया। आरोपी के कब्जे से 01 विवो कंपनी का मोबाइल, 01 ओप्पो कंपनी का मोबाइल, 01 सैमसंग मोबाइल, 01 अन्य मोबाइल फोन तथा सोने का हार एवं कान के सोने के लोंग सहित कुल लगभग ₹12 लाख रुपये मूल्य का चोरी गया मश्रुका बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी– 1. सूरज उर्फ सुरेश पिता अमरसिंह चारेल, उम्र 22 वर्ष निवासी सिमलावदा थाना बिलपांक, हाल मुकाम छत्रीपुल रतलाम

जप्त मश्रुका–
▪️ 01 विवो कंपनी का मोबाइल
▪️ 01 ओप्पो कंपनी का मोबाइल
▪️ 01 सैमसंग मोबाइल
▪️ 01 अन्य मोबाइल फोन
▪️ सोने का हार
▪️ कान के सोने के लोंग
▪️ कुल बरामद मश्रुका की अनुमानित कीमत – लगभग ₹12,00,000/-
सराहनीय भूमिका–
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गायत्री सोनी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक ध्यानसिंह सोलंकी, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी (सायबर सेल), आरक्षक दिलीप रावत (थाना नामली), आरक्षक विपुल भावसार, राहुल पाटीदार (सायबर सेल), अर्जुनसिंह, दुर्गालाल गुजराती, मोहन पाटीदार, पवन मेहता, कान्हा मेघवाल, विजय मालवीय, पारस चावला एवं लाखन (सीसीआर) की सराहनीय भूमिका रही।
रतलाम
जिले में गंभीर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार द्वारा सभी थाना प्रभारियों को विशेष अभियान ऑपरेशन क्लीन चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल के मार्गदर्शन में थाना बाजना पुलिस द्वारा हत्या एवं डकैती के प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है। 01 (डकैती प्रकरण)दिनांक 13.04.2026 को फरियादी कादर खां पिता मीर मोहम्मद मकरानी उम्र 60 वर्ष निवासी ग्राम पाटी कुशलगढ़ जिला बांसवाड़ा (राजस्थान) द्वारा थाना बाजना पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह अपनी पुत्री के साथ जावरा में शादी समारोह में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम रतनगढ़पीठ स्थित माही नदी पुल के पास अज्ञात बदमाशों द्वारा चाकू दिखाकर उनके साथ लूट की घटना कारित की गई। आरोपियों द्वारा फरियादी से नगदी ₹5,000/-, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पेन कार्ड, जनआधार कार्ड तथा उनकी पुत्री के पर्स में रखे ₹15,000/-, पुराने इस्तेमाली एयररिंग, मंगलसूत्र, कपड़ों से भरा बैग एवं दीवार घड़ी लूटकर फरार हो गए। घटना पर थाना बाजना में अपराध क्रमांक 164/2026 धारा 309(4), 309(6) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

फरियादिया चंपाबाई पति स्व. सुनील झोड़िया उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम देवीपाड़ा थाना बाजना द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचने की बात को लेकर हुए विवाद में निलेश झोड़िया एवं उसके साथियों द्वारा उसके पति सुनील झोड़िया के साथ चाकू एवं पत्थरों से मारपीट की गई, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण सुनील झोड़िया की मृत्यु हो गई। उक्त घटना पर थाना बाजना में अपराध क्रमांक 170/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। दोनों गंभीर प्रकरणों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई थी। गठित टीम द्वारा पूर्व में दिनांक 17.04.2026 को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि घटना का अन्य आरोपी अश्वीन पिता सुखराम कटारा घटना दिनांक से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस टीम द्वारा लगातार मुखबिर तंत्र सक्रिय कर तकनीकी साक्ष्यों एवं पतारसी के आधार पर आरोपी अश्वीन पिता सुखराम कटारा उम्र 19 वर्ष निवासी नई आबादी बिबड़ोद को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू एवं मोबाइल फोन जप्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी–
1. अश्वीन पिता सुखराम कटारा, उम्र 19 वर्ष निवासी नई आबादी बिबड़ोद जिला रतलाम
जप्त मश्रुका–
▪️ घटना में प्रयुक्त चाकू
▪️ मोबाइल फोन
सराहनीय भूमिका–
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी बाजना निरीक्षक रविंद्र दंडोतिया, उपनिरीक्षक रामसिंह खपेड़, आरक्षक सन्नी मईड़ा, आरक्षक प्रेमसिंह एवं साइबर सेल टीम की सराहनीय भूमिका रही।
रतलाम
पुण्य सम्राट श्रीमद विजय जयन्तसेन सूरीश्वरजी मसा के शिष्य वर्तमान गच्छाधिपति, आचार्यदेवेश श्रीमद विजय नित्यसेन सूरीश्वर जी म.सा. आदि ठाणा का गुरूवार सुबह कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप के निवास पर पदार्पण हुआ। इससे पहले दिलबहार चौराहा से चल समारोह निकाला गया। इसमें मंत्री चेतन्य काश्यप, महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्ष गोविंद काकानी एवं प्रवीण सोनी सहित गणमान्यजन एवं समाजजन शामिल हुए। श्री सौधर्म वृहत्तपोगच्छीय राजेन्द्रसूरी त्रिस्तुतिक जैन श्री संघ संरक्षक चेतन्य काश्यप ने परिवार सहित गच्छाधिपति के पदार्पण पश्चात गहुली कर आशीर्वाद लिया। उपस्थित गुरूभक्तों को संबोधित करते हुए श्री काश्यप ने कहा कि गुरू का आशीर्वाद उनके परिवार का सौभाग्य है। पुण्य सम्राट श्रीमद विजय जयन्तसेन सूरीश्वरजी म.सा. ने रतलाम में अंतिम चातुर्मास किया था। उनके बाद प्रथम शिष्य गच्छाधिपति, आचार्यदेवेश श्रीमद विजय नित्यसेन सूरीश्वर जी म.सा. के माध्यम से सर्व समाज को उनकी कृपा दृष्टि प्राप्त हो रही है। गच्छाधिपति का 22 मई को सुबह लोकेन्द्र टाकीज क्षेत्र से नगर में मंगल प्रवेश होगा और मोहन टाकीज में धर्मसभा के बाद वे नीमवाला उपाश्रय में प्रवास करेंगे। इसके बाद 23 मई को वे जयंतसेन धाम जाएंगे और फिर इंदौर चातुर्मास के लिए विहार करेंगे।

श्री काश्यप ने गुरूदेव को कांबली भी ओढाई। गच्छाधिपति, आचार्यदेवेश श्रीमद विजय नित्यसेन सूरीश्वर जी मसा ने आर्शीवचन में कहा कि पुण्य सम्राट गुरूदेव का रतलाम चातुर्मास ऐतिहासिक था। पुण्य सम्राट स्वयं भी ये कहते थे और दीक्षा पश्चात उन्होंने भी रतलाम जैसा चातुर्मास नहीं देखा। गुरू के प्रति समर्पण के भाव के कारण ही ऐसा संभव हुआ। धन-वैभव मिलना और मिलने के बाद उसका सदुपयोग करना महानता का काम होता है। चेतन्य काश्यप परिवार ऐसे कार्य निरंतर करता आ रहा है, जो अनुमोदनीय है। ऐसे गुरू भक्त मिल जाए, तो अनेक अच्छे काम हो सकते है।

इससे पूर्व मुनिश्री विद्वरत्न विजय जी म.सा. ने कहा कि काश्यप परिवार आरंभ से परम भक्त और परम सुश्रावक होकर श्रद्धा, आस्था और विश्वास की गंगोत्री बहा रहा है। रतलाम में पुण्य सम्राट का वर्ष 2016 में ऐतिहासिक चातुर्मास करने से पूर्व मोहनखेडा में विक्रम संवत 2016 में स्व सेठ कन्हैयालाल काश्यप ने गुरूदेव श्रीमद विजय यतिन्द्रसेन सूरीश्वरजी की आज्ञा से हाल निर्मित कराया था। गुरू आज्ञा ही इस परिवार का धर्म है और चेतन्य काश्यप ने राजनीति में भी धर्मनीति का समावेश किया है। धर्मनीति जहां होती है, वहां सफलता मिलना निश्चित है। कार्यक्रम के आरंभ में मंगलाचरण हुआ। समापन पर गुरूदेव ने महामांगलिक श्रवण कराई। कार्यक्रम का संचालन राजकमल दुग्गड़ द्वारा किया गया। इस दौरान त्रिस्तुतिक जैन श्रीसंघ अध्यक्ष सुशील छाजेड़, ट्रस्टीगण, विभिन्न श्रीसंघों के अध्यक्ष अशोक चौटाला, विनोद मेहता, अशोक चौपड़ा, प्रकाश दरड़ा, हिम्मत गेलड़ा, अजय खिमेसरा, रजनीकांत झामर, मांगीलाल जैन, मंगल अग्रवाल, गौरव अजमेरा और भाजपा के प्रदेश, जिला, मंडल पदाधिकारी एवं मंडल अध्यक्षगण तथा आरडीए पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।

उज्जैन,
महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रीय वेदविद्या प्रतिष्ठान, उज्जैन द्वारा संचालित महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रीय वेद संस्कृत शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए गए। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए वेदभूषण प्रथम वर्ष (कक्षा-6ठी) से वेदभूषण पञ्चम वर्ष (कक्षा-10 वीं) एवं वेदविभूषण प्रथम वर्ष (कक्षा-11 वीं) एवं वेदविभूषण द्वितीय वर्ष (कक्षा-12 वीं) की परीक्षाओं के परिणाम दिनांक 21 मई, 2026 को अपराह्न 4:00 बजे महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रीय वेदविद्या प्रतिष्ठान, उज्जैन एवं महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रीय वेद संस्कृत शिक्षा बोर्ड, उज्जैन द्वारा घोषित किया गया है। परीक्षा परिणामों का अवलोकन निम्नलिखित लिंकों पर किया जा सकता है
उज्जैन,
मां शिप्रा के पावन तट पर आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास का अद्भुत संगम 26 मई को देखने को मिलेगा, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं मां शिप्रा को 300 फीट लंबी चुनरी अर्पित करेंगे। इस भव्य अवसर पर सुप्रसिद्ध भक्ति गायिका मैथिली ठाकुर अपनी मधुर प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बनाएंगी, वहीं भारतीय नौसेना बैंड की प्रस्तुति आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान करेगी।

महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ (संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश शासन) द्वारा शिप्रा लोक संस्कृति समिति, श्री रामघाट तीर्थ पुरोहित सभा अवंतिकापुरी एवं जिला प्रशासन उज्जैन के सहयोग से “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत शिप्रा तीर्थ परिक्रमा एवं गंगा दशमी महोत्सव का आयोजन 25 एवं 26 मई को किया जाएगा।

शिप्रा लोक संस्कृति समिति के सचिव नरेश शर्मा के अनुसार कार्यक्रम के अंतर्गत दो दिवसीय शिप्रा तीर्थ परिक्रमा यात्रा आयोजित होगी, जिसमें श्रद्धालु विभिन्न प्रमुख तीर्थ स्थलों से होकर गुजरेंगे। यात्रा मार्ग में रामघाट, नृसिंह घाट, कर्कराज मंदिर, वेधशाला, महामृत्युंजय द्वार, प्रशांतिधाम, दत्त अखाड़ा, रणजीत हनुमान मंदिर, भैरवगढ़ सिद्धवट, मंगलनाथ मंदिर, संदीपनि आश्रम, गढ़कालिका मंदिर एवं गोपाल मंदिर होते हुए पुनः रामघाट पर समापन होगा।

26 मई को सायं 5 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मां शिप्रा को 300 फीट लंबी चुनरी अर्पित की जाएगी। इस अवसर पर हरि कथा, भक्ति संगीत एवं विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रम में भारतीय नौसेना बैंड की प्रस्तुति के साथ मैथिली ठाकुर एवं उनकी टीम (दरभंगा) द्वारा भक्ति संगीत प्रस्तुत किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त 17 से 26 मई तक प्रतिदिन सायं 7:30 बजे हरि कथा का आयोजन नारद कथा गायन परंपरा के अंतर्गत पं. ढोली बुवा, उज्जैन द्वारा किया जा रहा है। 25 मई को दत्त अखाड़ा में सायं 6 बजे श्रेयश शुक्ला (इंदौर) एवं संजो बघेल (जबलपुर) एवं साथियों द्वारा विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। श्रीराम तिवारी (निदेशक, महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ, उज्जैन) के अनुसार, इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य शिप्रा नदी के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की गई है।

Bharat24x7News Online: Latest News