Breaking News

कलेक्टर श्री सिंह द्वारा विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई-अग्निवीर भर्ती रैली (महू, इंदौर) 2025-26 के परिणाम घोषित-जनसुनवाई में 160 आवेदन पर हुई सुनवाई-ईद-उल-जुहा, महाराणा प्रताप जयंती एवं मोहर्रम पर्व शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं कलेक्टर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न-150 किलो अवैध डोडाचूरा सहित दो तस्कर गिरफ्तार ₹13 लाख का मश्रूका जप्त-माल परिवहन को आधुनिक एवं सशक्त बनाने की दिशा में रतलाम मंडल के गुड्स शेड्स का व्यापक उन्नयन कार्य प्रगति पर

उज्जैन,

कलेक्‍टर रौशन कुमार सिंह द्वारा मंगलवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभा कक्ष में विभिन्न मामलों मे जनसुनवाई करते हुए प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करने का निर्देश दिए गए। उज्‍जैन निवासी पूजा सोनवने ने आवेदन दिया की वे 50 प्रतिशत दिव्‍यांग है और कुछ समय से अत्यधिक तनाव होने के कारण उनकी मानसिक स्थिति काफी प्रभावित हुई है । उनके पति भी पैर से दिव्‍यांग है और उन्होंने ऑटो रिक्शा चलाने के लिए ऋण लिया था । कुछ समय से आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे समय पर अपनी किस्त जमा नहीं कर पा रहे है। अत: उन्‍हें शासन की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की जाए । कलेक्टर श्री सिंह ने इस पर श्रम विभाग और सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों को बुलाया और प्रार्थियां और उनके पति को नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए । प्रार्थियां ने कलेक्‍टर श्री सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया ।

उज्‍जैन निवासी श्री राजकुमुद ने आवेदन दिया कि वे शासकीय कन्‍या स्नातकोत्तर महाविद्यालय से भृत्‍य के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं परंतु उन्‍हें जीपीएफ फाइनल की राशि का भुगतान आज दिनांक तक नहीं किया गया है । इस पर उच्‍च शिक्षा विभाग के प्रभारी अधिकारी को प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए ।  खाचरौद के ग्राम भीकमपुर निवासी चंदरसिंह ने आवेदन दिया की गांव में स्थित उनके स्‍वामित्‍व की कृषि भूमि पर आवागमन के मार्ग पर कुछ लोगों के द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है। इस वजह से उन्‍हें कृषि कार्य में बहुत कठिनाई हो रही है। उन्‍होंने इस संबंध में जब अनावेदक से बात की तब उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया । इस पर कलेक्टर ने एसडीएम खाचरौद को स्थल निरीक्षण कर आवश्‍यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

खाचरौद के ग्राम कंचनखेड़ी निवासी पवनबाई ने आवेदन दिया की गांव में स्थित उनके मकान के पास रहने वाले कुछ लोगों के द्वारा अवैध कब्जा करने की मंशा से उनके मकान की एक तरफ की दीवार और टिनशेड तोड़ दिया गया है तथा प्रार्थियां और उनके पति के साथ मारपीट की गई है । इस पर एसडीएम खाचरौद को मामले की जांच कर आवश्‍यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए ।

खाचरौद के ग्राम नंदियासी में रहने वाले अर्जुन सिंह चावड़ा ने आवेदन दिया कि गांव चंदवासला के पंचायत सचिव के द्वारा पंचायत के विकास के लिए किए जाने वाले कार्यों में अनियमितता बरती जा रही है। इस पर सीईओ जनपद पंचायत खाचरौद को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

उज्‍जैन निवासी हरीश चंद्र ने आवेदन दिया कि उनके भतीजे के द्वारा उनके मकान पर बलपूर्वक कब्जा कर लिया गया है तथा उन्‍हें घर से निकालने का प्रयास किया जा रहा है। इस पर नगर निगम के झोनल अधिकारी को जांच कर आवश्‍यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए ।

इसी प्रकार सीईओ जिला पंचायत श्रेयांस कूमट, एडीएम अत्येंद्र सिंह गुर्जर एवं अन्य अधिकारियों द्वारा विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई ।

उज्जैन,

सेना भर्ती कार्यालय, महू (मध्य प्रदेश) द्वारा नवंबर-दिसंबर 2025 में इंदौर (म.प्र.) में आयोजित भारतीय सेना अग्निवीर भर्ती रैली के विभिन्न पदों का परिणाम 25 मई 2026 को घोषित कर दिया गया है। इस रैली में उज्जैन और इंदौर संभाग के 15 जिलों के उम्मीदवारों ने भाग लिया था। सभी सफल उम्मीदवारों की सूची भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर उपलब्ध है। सभी उत्तीर्ण उम्मीदवारों को सूचित किया जाता है कि वे 28 मई 2026 (बुधवार) को प्रातः 07:00 बजे सभी मूल दस्तावेजों सहित सेना भर्ती कार्यालय, महू (म.प्र.) में प्रारंभिक निर्देशों के लिए उपस्थित हों। भारतीय सेना सभी सफल उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई देती है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करती है। भारतीय सेना में चयन पूर्णतः पारदर्शी एवं केवल मेरिट के आधार पर किया जाता है। उम्मीदवार किसी भी प्रकार के दलालों/मध्यस्थों से सावधान रहें। किसी भी स्पष्टीकरण या जानकारी के लिए सेना भर्ती कार्यालय, महू (म.प्र.) के दूरभाष नंबर 07648815570 पर संपर्क किया जा सकता है।

रतलाम

कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर मिशा सिंह,सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन एवं एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव ने आवेदको को सुना एवं आवेदकों से आवेदन प्राप्त किये। जनसुनवाई में 160 आवेदन प्राप्त हुए। निराकरण योग्य आवेदनों का मौके पर ही उपस्थित विभागीय अधिकारियों से निराकरण करवाया गया एवं शेष आवेदनों का समय सीमा में निराकरण करने के लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया गया।

जनसुनवाई में आवेदक लक्ष्मण पिता रामा निवासी सैलाना ने बताया कि नल कनेक्शन चालु करवाने हेतु नगर परिषद में आवेदन देने के पश्चात आज दिनांक तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। कार्यवाही हेतु एसडीएम सैलाना को निर्देशित किया गया । आवेदक बाबुलाल पिता मांगीलाल निवासी ग्राम दिवेल ने बताया कि प्रतिप्रार्थीगण पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक को भूमि के सीमांकन हेतु आवेदन दिया। कार्यवाही हेतु तहसीलदार नामली को निर्देशित किया गया।

जनसुनवाई में आवेदक नारायण पिता कालु एवं राधेश्याम पिता जगदीश निवासी ग्राम रोजडका ने बताया कि निजी कृषि भूमि पर जाने वाले मार्ग पर प्रतिप्रार्थीगण द्वारा खेत पर जाने वाले एकलोते मार्ग पर कब्जा कर रास्ता बाधित करने के संबंध में आवेदन दिया। कार्यवाही हेतु तहसीलदार रतलाम ग्रामीण को निर्देशित किया गया। आवेदिका पीरा पति तुलसीदास निवासी ग्राम पाटडी ने कृषि भूमि के पट्टे हेतु आवेदन दिया। कार्यवाही हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया।

रतलाम

नवीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभाकक्ष में मंगलवार को कलेक्टर मिशा सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी त्योहारों ईद-उल-जुहा (बकरीद), महाराणा प्रताप जयंती/छत्रसाल जयंती एवं मोहर्रम (ताजिया) — को शांति, सौहार्द एवं सद्भावपूर्ण वातावरण में मनाए जाने को लेकर समिति सदस्यों के साथ चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।

बैठक में कलेक्टर मिशा सिंह ने आयुक्त नगर निगम को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान शहर में स्वच्छता एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मोहर्रम के ताजिया जुलूस एवं अन्य धार्मिक आयोजन निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएं तथा यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। कलेक्टर ने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पर्वों के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। कार्यक्रम स्थलों एवं मार्गों पर सड़कों को अवरुद्ध न होने दिया जाए तथा वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लाउडस्पीकर का उपयोग निर्धारित ध्वनि सीमा के अनुरूप किया जाए। साथ ही मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि त्योहारों एवं जुलूसों के दौरान पुलिस व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी तथा कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। धार्मिक स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहेगा तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने आयोजकों से अपील की कि जुलूस एवं चल समारोह की अनुमति हेतु आवेदन समय पर प्रस्तुत करें, ताकि आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।

बैठक के दौरान समिति सदस्यों से सुझाव प्राप्त किए गए तथा उनके अनुरूप कार्यवाही हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने बैठक का संचालन करते हुए गत वर्षों में की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी तथा इस वर्ष भी बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

बैठक में एडिशनल एसपी विवेक कुमार, जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, अध्यक्ष रतलाम विकास प्राधिकरण मनोहर पोरवाल, शहर काजी अहमद अली, पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, गोविंद काकानी, यासमीन शेरानी, जितेंद्र भाटी, एस.आर. नरगेश, सीमा टांक, राजेंद्र सिंह गोयल, बृजेश राठौर, जमील पटेल, राजेश कटारिया, वाय. चौहान, पादरी जोस मैथ्यू, पवन सोमानी, सलीम मेव, सलीम आरिफ, हरजीत सिंह सलूजा, मोहम्मद यूनुस ताप, मधु पटेल, कमलेश मोदी, राजेंद्र सिंह पवार, पी.के. राय, आयुक्त नगर निगम अनिल भाना, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, सभी अनुभागों के अनुविभागीय दण्डाधिकारी, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

रतलाम

जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार द्वारा जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया है। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रिंगनोद निरीक्षक आनंद सिंह आजाद के नेतृत्व में चौकी माननखेड़ा पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए 150 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है। 25.05.2026 की रात्रि में माननखेड़ा पुलिस चौकी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक 407 लोडिंग वाहन क्रमांक RJ14GQ1141 में दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा भरकर जावरा की ओर से आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी माननखेड़ा उपनिरीक्षक राजेश मालवीय द्वारा पुलिस टीम के साथ चौकी के सामने फोरलेन रोड पर घेराबंदी की गई। पुलिस टीम द्वारा एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए संदिग्ध 407 वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में 150 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद हुआ। मौके पर वाहन में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों से डोडाचूरा के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

सराहनीय भूमिका– उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी रिंगनोद निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, उपनिरीक्षक राजेश मालवीय (चौकी प्रभारी माननखेड़ा), प्रधान आरक्षक हर्षवर्धन सिंह जगावत, आरक्षक घनश्याम कुमावत, आरक्षक संतोष कुमार, आरक्षक अनिल डांगी, सैनिक सुरेश उपाध्याय, सैनिक जालमसिंह एवं सैनिक शांतिलाल बामनिया की सराहनीय भूमिका रही।

रतलाम

पश्चिम रेलवे का रतलाम मंडल यात्री ट्रेनों के सुरक्षित एवं सुगम परिचालन के साथ-साथ माल परिवहन व्यवस्था को भी अधिक आधुनिक, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने हेतु निरंतर कार्य कर रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हीना वी. केवलरामानी के मार्गदर्शन में मंडल के विभिन्न गुड्स शेड्स के उन्नयन एवं अधोसंरचना विकास के कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। रतलाम मंडल द्वारा माल ढुलाई क्षमता बढ़ाने तथा व्यापारियों, श्रमिकों एवं रेल ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न गुड्स शेड्स पर व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं। मंडल के लक्ष्मीबाई नगर, विक्रमनगर, शुजालपुर, चंदेरिया, नीमच, सीहोर, मांगलियागांव, मेघनगर, देवास, सनावद, बिंजाना एवं दाहोद गुड्स शेड्स पर उन्नयन कार्य प्रस्तावित हैं, जिनमें से कई कार्य प्रारंभ किए जा चुके हैं और शीघ्र पूर्ण होने की संभावना है।

पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित कार्यों के अंतर्गत विभिन्न गुड्स शेड्स पर ऑल वेदर एप्रोच रोड, पीसीसी फ्लोरिंग, सर्कुलेशन एवं हैंडलिंग एरिया का विकास, कवर शेड निर्माण, हाई मास्ट लाइट, पेयजल सुविधा, महिला एवं पुरुष विश्राम कक्ष, शौचालय ब्लॉक, गुड्स ऑफिस एवं ट्रेडर्स रूम जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मांगलियागांव गुड्स शेड पर अतिरिक्त हाई मास्ट लाइट, कवर शेड, महिलाओं हेतु विश्राम कक्ष एवं शौचालय तथा प्लेटफॉर्म क्षेत्र के सुधार कार्य किए जाएंगे। वहीं मेघनगर एवं बिंजाना गुड्स शेड पर एप्रोच रोड, प्लेटफॉर्म विस्तार, हैंडलिंग एरिया, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा।

चंदेरिया एवं नीमच गुड्स शेड्स पर बड़े कवर शेड, सर्कुलेशन एरिया, हाई मास्ट लाइट तथा व्यापारियों एवं श्रमिकों के लिए आवश्यक सुविधाओं का विकास प्रस्तावित है। सीहोर गुड्स शेड पर विद्युत कार्य, पेयजल सुविधा, अतिरिक्त लाइटिंग व्यवस्था एवं माल लदान क्षेत्र का विस्तार किया जाएगा। देवास एवं सनावद स्टेशनों के गुड्स शेड क्षेत्र में कवर शेड, सीसीटीवी कैमरे, कार्यालय भवन, ड्रेनेज व्यवस्था एवं लोडिंग-अनलोडिंग से संबंधित आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। वहीं लक्ष्मीबाई नगर गुड्स शेड पर हाई मास्ट लाइट, पक्के प्लेटफॉर्म, ड्रिंकिंग वाटर फाउंटेन, श्रमिकों हेतु विश्राम कक्ष सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

विक्रमनगर गुड्स शेड पर कवर शेड, विद्युत व्यवस्था, पक्का प्लेटफॉर्म, ड्रेनेज सुविधा एवं अन्य निर्माण कार्य किए जाएंगे। सनावद गुड्स शेड पर पीसीसी फ्लोरिंग, एप्रोच रोड, गुड्स ऑफिस, टॉयलेट ब्लॉक, पार्किंग क्षेत्र तथा हाई मास्ट लाइट की व्यवस्था की जाएगी। वहीं बिंजाना गुड्स शेड पर कवर शेड, सीसीटीवी कैमरे, टेलीकॉम कनेक्टिविटी, लाइटिंग व्यवस्था एवं लोडिंग-अनलोडिंग सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद माल ढुलाई प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं तीव्र होगी, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ रेल ग्राहकों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

 

Check Also

मध्यप्रदेश में 252 सामाजिक संस्थाओं की निगरानी अब मोबाइल ऐप से, नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्र के लिये 330 करोड़ रूपये की माइक्रो डेवलपमेंट योजना, मध्य प्रदेश को ऊर्जा क्षेत्र में मिली एक और बड़ी उपलब्धि, भाजपा अजा.मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगवान परमार का प्रथम रतलाम आगमन पर स्वागत, आर्मी भर्ती कार्यालय महू द्वारा एनसीसी शिविर में अग्निवीर भर्ती

🔊 Listen to this उज्जैन, मध्यप्रदेश में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण के क्षेत्र में …