उज्जैन,
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नेपाल त्रासदी पर दुख व्यक्त किया है। इस त्रासदी के बीच मध्यप्रदेश के कई निवासी भी वहां फंसे हुए हैं। सीएम डॉ. यादव का कहना है कि राज्य सरकार संकट के समय अपने नागरिकों के साथ खड़ी है। सरकार जनता के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इसलिए सरकार ने जनता की सुविधा के लिए हर संभव व्यवस्था की है।गौरतलब है कि राज्य सरकार ने नेपाल में आई आपदा के बीच मध्यप्रदेश वासियों की मदद के लिए नई दिल्ली में कंट्रोल रूम स्थापित किया है। इस कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रभावितों को हर संभव सहायता मुहैया कराई जाएगी। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर, व्हाट्सएप नंबर और ईमेल आईडी जारी किए गए हैं। हेल्पलाइन नंबर: 011-26772005, व्हाट्सएप नंबर: 9818963273 और recp1mpbhawan@mp.gov.in ये हैं। नेपाल में फंसे नागरिक या उनके परिजन सहायता और जानकारी के लिए इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
रतलाम,
रक्षाबंधन पर्व को लेकर नगर में उत्साह का वातावरण है। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय का प्रतिनिधि मंडल कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप से मिला और रक्षाबंधन की बधाई, शुभकामनाएं दी। ब्रह्माकुमारी सविता दीदी के नेतृत्व में मंत्री श्री काश्यप को रक्षा सूत्र भी बांधा गया। इस दौरान ब्रह्माकुमारी बहनें एवं भैय्या उपस्थित रहे।


रतलाम,
डीईओ आबकारी विभाग विकास मंडलोई ने बताया कि कलेक्टर अजय कटेसरिया के निर्देशानुसार आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध जावरा क्षेत्र के ग्राम नौलक्खा में दबिश एवं तलाशी अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान 35 पाव देशी मदिरा प्लेन, 05 लीटर हाथ भट्टी तथा कच्ची मदिरा जप्त की गई। जिसमें आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) क के तहत कुल 03 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। उक्त कार्यवाही जारी रहेगी।
उज्जैन,
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश, भोपाल तथा कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के निर्देशानुसार आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा अमानक व मिलावटी खाद्य सामग्री विक्रय करने वाले खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा निरंतर कार्यवाही की जा रही है। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण के साथ नमूना संग्रहण की कार्यवाही भी जारी है। इसी क्रम में विभाग की टीम द्वारा उज्जैन शहर एवं उन्हेल क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने एकत्रित किए गए। टीम द्वारा राठौर नमकीन, ओल्ड बस स्टैंड, उन्हेल से मोतीपाक एवं मावा पेड़ा; कोठारी केटर्स नमकीन एंड स्वीट्स, हीरामिल रोड, उज्जैन से मावा बर्फी एवं घेवर; न्यू कैफे मयूरम, शहीद पार्क फ्रीगंज, उज्जैन से श्री कृष्णा स्पेशल मिल्क केक एवं मिल्क केक तथा जोधपुर स्वीट्स एंड नमकीन, एम.पी.बी. ऑफिस फ्रीगंज, उज्जैन से मिल्क केक के नमूने संग्रहित किए गए।

सूचना प्राप्त होने पर न्यू कैफे मयूरम, शहीद पार्क फ्रीगंज, उज्जैन का निरीक्षण किया गया। मौके पर कार्डबोर्ड के डिब्बों में दो किलोग्राम की पैकिंग में मिठाई रखी पाई गई, जिन पर पता जोधपुर का अंकित था। स्थल पर 19 खाली डिब्बे भी पाए गए। विक्रेता द्वारा उक्त डिब्बे खोलकर मिठाई को मिल्क केक के रूप में ट्रे में जमाया गया था तथा इसी रूप में बेचा जा रहा था। मिठाई के डिब्बों पर संघटक के रूप में वेजिटेबल ऑयल, शुगर एवं मिल्क पाउडर लिखा गया था। इस प्रकार एनालॉग मिल्क केक की पैकिंग खोलकर ट्रे में रखे मिल्क केक के नमूने लिए गए तथा शेष 54 किलोग्राम मिठाई को जप्त किया गया। शीघ्र विनष्टीकरण प्रकृति की सामग्री होने के कारण उक्त मिठाई का विनष्टीकरण कराया गया।

उपरोक्त सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर विधिवत अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।खाद्य सुरक्षा प्रशासन आमजन से अपील करता है कि वे केवल वैध लाइसेंस/पंजीयन वाले प्रतिष्ठानों से ही खाद्य सामग्री क्रय करें तथा किसी भी संदिग्ध मिलावट या अमानक सामग्री की शिकायत संबंधित विभाग को तुरंत करें।

रतलाम,
कलेक्टर अजय कटेसरिया के निर्देशन में रक्षाबंधन पर्व को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सघन जाँच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश कुमार गुप्ता ने पालीवाल ट्रेडर्स, माडक चौक का निरीक्षण किया। यहां लगभग 300 किलो संदिग्ध घी पाया गया। मिलावट की आशंका पर घी के नमूने लिए गए तथा लगभग 295 लीटर घी, जिसकी अनुमानित कीमत 1.50 लाख रुपए है, जप्त किया गया।

इसके अलावा यामिनी स्वीट्स एवं नमकीन से मावा कटलस व पिस्ता पतिसा तथा श्रीनाथ नमकीन, शहर सराय से नमकीन सेव के नमूने लिए गए। नमूनों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जाँच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Bharat24x7News Online: Latest News