Breaking News

संकट की घड़ी में पूरी सरकार है बाढ़ पीड़ितों के साथ नुकसान का मुआयना अधिकारियों को 3 दिन तक चित्रकूट में ही रहकर राहत पहुंचाने के दिए निर्देश-जय कैला माता शैक्षणिक एवं सामाजिक कल्याण समिति रतलाम द्वारा संचालित आरोग्य प्रकोष्ठ पी एम विश्वकर्मा एडवांस में एक दिवसीय यातायात जागरूकता वर्कशॉप का आयोजन

उज्जैन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को रीवा से सीधे चित्रकूट पहुंचे। मुख्यमंत्री ने चित्रकूट में बाढ़ की आपदा से उत्पन्न परिस्थितियों का मुआयना किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्राचीन मुखार विन्द के पास बनाए गए आश्रय स्थल (राहत शिविर) पहुंचकर सभी बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनके कुशल-क्षेम की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावितों को राहत सामग्री का वितरण किया और कहा कि संकट की इस घड़ी में हमारी पूरी सरकार आप लोगों के साथ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मंदाकिनी नदी की बाढ़ से नदी का पानी घरो में घुसने से काफी नुकसान हुआ है। इसके अलावा चित्रकूट की अधोसंरचनाओं को भी क्षति पहुंची है। उन्होंने सभी प्रभावितों से कहा कि सरकार और प्रशासन आपदा की घड़ी में पीड़ितों के साथ है। सभी प्रभावितों को उनके हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चित्रकूट में जन जीवन सामान्य होने तक सभी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी यहीं रूककर प्रभावितों को राहत पहुंचाने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आश्रय स्थल पर बांदा के बबेरू से आए श्रद्धालु श्री राजू सिंह से बात की। श्री राजू ने बताया कि वे 20 लोगों के साथ कामतानाथ स्वामी के दर्शन करने आए थे। बाढ़ का पानी होने से वे सब अपने घर वापस नहीं लौट पाए। उन्होंने बताया कि इस आश्रय स्थल पर प्रशासन द्वारा उन सभी के लिए भोजन, पानी, नाश्ते की समुचित व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आश्रय स्थल पर बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों को वस्त्र, घरेलू सामग्री और खाद्यान्न आदि राहत सहायता सामग्री भी वितरित की।

जल भराव वाले क्षेत्रों का किया पैदल भ्रमण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चित्रकूट नगर के रामधाम मोहल्ले में जलभराव (बाढ़) से प्रभावित क्षेत्रों का पैदल भ्रमण किया। उन्होंने कीचड़ से सने मार्ग में पैदल चलकर प्रभावितों के घरों तक पहुंचकर जल भराव से हुए नुकसान का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रामफल गर्ग और किस्मत कुमार गर्ग के घर पहुंचकर जलभराव से हुए नुकसान की जानकारी ली तथा प्रभावित परिवारों से आत्मीय चर्चा कर उन्हें आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सतना से चित्रकूट मार्ग पर सियाराम कुटीर स्थित माधव धर्मशाला के समीप अग्रहरि किराना स्टोर पहुंचकर दुकानदार श्री कामता प्रसाद गुप्ता से मुलाकात की और उनकी दुकान में पानी भरने से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावितों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में सरकार उनके साथ है और सभी प्रभावितों को नियमानुसार हरसंभव राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिलाधिकारियों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी लेते हुए सभी प्रभावित परिवारों को हर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तत्परता, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ सभी प्रभावितों को राहत सहायता उपलब्ध कराए। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि राहत कार्यों में किसी प्रकार की कोई भी कमी न रहे। इस अवसर पर चित्रकूट के विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, नगर परिषद की अध्यक्षा साधना पटेल, प्रबल श्रीवास्तव, कमिश्नर रीवा संभाग शीलेन्द्र सिंह, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं जिलाधिकारी उपस्थित थे।

मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रभावितों को राहत सहायता वितरण एवं नगर के पैदल निरीक्षण के उपरांत मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा में कहा कि चित्रकूट में में बीते दिनों से लगातार हो रही अतिवृष्टि के कारण यहां की सेमरावल एवं मंदाकिनी नदी के जलस्तर में वृद्धि से बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई है। नगर के कई क्षेत्रों में लोगों के घरों में पानी भर गया है और उनके घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचा है। जिला प्रशासन की मुस्तैदी से अबतक किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। यहां राहत एवं बचाव कार्य लगातार चलाए जा रहे हैं। साथ ही प्रभावित लोगों तक आवश्यक राहत सामग्री भी पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से नुकसान तो हुआ है, जिसका आंकलन किया जा रहा है। जिला प्रशासन के सभी संबंधित अधिकारी इस समय मौके पर ही मौजूद हैं। प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर सतत् निगरानी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए भोजन, वस्त्र, पेयजल, चिकित्सा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित की जाएं।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उन्होंने स्वयं शनिवार की रात रीवा में ही रुककर सतना और रीवा जिले में बाढ़ की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि चित्रकूट और सतना में अतिवृष्टि के कारण सेमरावल एवं मंदाकिनी नदी में बाढ़ का भयावह रूप देखने को मिला। राहत की बात यह है कि घटना दिन के समय हुई थी और मौसम के पूर्वानुमान के चलते जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में था। शासन की सजगता और सतर्कता तथा जिला प्रशासन की तत्परता से अब तक किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि फिलहाल हमारा पूरा ध्यान राहत एवं बचाव कार्यों में और तेजी लाने पर है, ताकि जलस्तर कम होने के बाद सभी प्रभावित लोगों को सुरक्षित रूप से उनके घरों तक पहुंचाया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बाढ़ से हुए नुकसान का समुचित आंकलन कर सभी प्रभावित परिवारों को प्रशासन द्वारा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उन्होंने बाढ़ प्रभावित नागरिकों से स्वयं मुलाकात कर जिलाधिकारियों को सभी प्रभावितों को सूखा राशन एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री भी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों के पशुओं की हानि हुई है या अन्य किसी भी प्रकार का नुकसान हुआ है, उसका विधिवत सर्वे कराया जाएगा और उन्हें भी नियमानुसार राहत एवं आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

रतलाम

जय कैला माता शैक्षणिक एवं सामाजिक कल्याण समिति रतलाम द्वारा संचालित आरोग्य प्रकोष्ठ पी एम विश्वकर्मा एडवांस में एक दिवसीय यातायात जागरूकता वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ में राजमिस्त्री प्रशिक्षण के सदस्य जगदीश लाल पांचाल, दिनेश बैरागी द्वारा अतिथि यातायात सुबेदार अनोखीलाल परमार, आरक्षक नरेंद्र चौरें का पुष्प माला पहनाकर स्वागत किया गया।यातायात सुबेदार परमार द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को हेलमेट पहनकर गाड़ी चलायें और नशा करके वाहन ना चलायें संकल्प कराया। परिवार में नाबालिग बच्चों को चलाने के लिए गाड़ी ना देवें।हेलमेट पहनकर,सही दिशा में धीमी गति से वाहन चलायें। वाहन तभी चलायें ड्राइविंग लाइसेंस बना हो। पैरा लीगल वालेंटियर पं विजय हेमकांत शर्मा ने कानून साक्षरता की जानकारी प्रदान की।पी एम विश्वकर्मा एडवांस प्रशिक्षणार्थी,संस्था सदस्य राखी सेन, वैदिक शर्मा कार्यक्रम का संचालन संस्था संस्थापक रौनक जैन एवं आभार रिफाकत अंसारी ने किया।

Check Also

अवैध रूप से होटल के रेस्टोरेंट में ग्राहकों को शराब पिलाने वाले होटल मैनेजर के विरुद्ध थाना स्टेशन रोड पुलिस की कार्रवाई होटल युवराज के रेस्टोरेंट से विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब, बीयर एवं देशी शराब जब्त आरोपी मैनेजर गिरफ्तार -खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यवाही, 100 किलो मावा जब्त महावीर मावा भंडार से दो तथा राजस्थान स्वीट्स एंड नमकीन से कलाकंद एवं सेव नमकीन के नमूने लिए

🔊 Listen to this रतलाम, रतलाम पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों, सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप …